मनोरंजन

सिनेजीवन: रोहित शेट्टी के घर फायरिंग मामले में नेपाल से हुई थी फंडिंग और राजपाल यादव ने शुरू की नई पारी

फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग की घटना ने अब अंतरराष्ट्रीय साजिश का रूप लेना शुरू कर दिया है। 9 करोड़ के कर्ज में डूबे अभिनेता राजपाल यादव 13 दिन की जेल काटने के बाद बाहर आ चुके हैं और दोबारा काम पर वापसी भी कर चुके हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग मामले में मिला अंतरराष्ट्रीय साजिश का कनेक्शन, नेपाल से हुई थी फंडिंग

मुंबई में प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग मामले में लगातार जांच जारी है और मुंबई क्राइम ब्रांच के हाथ बड़े-बड़े सुराग भी लग रहे हैं।

अब मामले में क्राइम ब्रांच ने खुलासा किया है कि शूटर्स को एटीएम के जरिए घटना को अंजाम देने के लिए मोटी रकम दी गई थी और फंडिंग पड़ोसी देश नेपाल से हुई थी। फंडिंग की पुष्टि के लिए मुंबई क्राइम ब्रांच ने जांच को और गहन कर दिया है।

फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग की घटना ने अब अंतरराष्ट्रीय साजिश का रूप लेना शुरू कर दिया है। मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच में सामने आया है कि फायरिंग को अंजाम देने वाले शूटर्स को दी गई रकम सीधे बैंक खातों में जमा कराई गई थी, जिसमें एटीएम के जरिए कैश ट्रांजैक्शन का इस्तेमाल किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपियों के खाते में रकम अज्ञात व्यक्ति के जरिए डाली गई थी, जिसके बैंक डिटेल्स को पुलिस खंगालने की कोशिश कर रही है। मुंबई क्राइम ब्रांच साक्ष्य जुटा रही है कि पैसा कहां से आया और किसने भेजा। क्राइम ब्रांच के मुताबिक, इस लेनदेन का कनेक्शन नेपाल से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। आगरा से पकड़े गए आरोपियों को नेपाल से फंडिंग दी जाती रही थी।

Published: undefined

जेल से बाहर आने के बाद राजपाल यादव ने शुरू की नई पारी, अब यूट्यूब पर भी मिलेगा कॉमेडी का डबल-डोज

9 करोड़ के कर्ज में डूबे अभिनेता राजपाल यादव 13 दिन की जेल काटने के बाद बाहर आ चुके हैं और दोबारा काम पर वापसी भी कर चुके हैं। 

 उन्होंने हाल ही में वैनिटी वैन से काम पर वापसी की वीडियो शेयर की और सपोर्ट करने वाले सभी लोगों को दिल से धन्यवाद दिया था। अब अभिनेता ने फिल्मों के साथ-साथ नए काम की शुरुआत भी कर दी है। अभिनेता ने फैंस से गुजारिश की है कि उनका प्यार और सपोर्ट बहुत जरूरी है।

 अभिनेता राजपाल यादव ने अपना नया यूट्यूब चैनल शुरू किया है, जिस पर वे नए तरीके से मनोरंजन परोसने वाले हैं। अभिनेता ने वीडियो जारी कर बताया कि उनके करियर में नई चीज जुड़ रही है और वो है यूट्यूब चैनल। उन्होंने कहा, "एक नई पारी की शुरुआत करने के लिए कई दिनों से तैयारी कर रहा था और आज, वह दिन आ गया है। आज से हमारा यूट्यूब चैनल शुरू हो रहा है, जिसका आधिकारिक नाम राजपाल नौरंग यादव है।" अभिनेता के चैनल का मिशन बुढ़े हो या नौजवान, हमको मनोरंजन मिले एक समान है। मतलब अब सिर्फ फिल्मों के जरिए ही नहीं बल्कि सोशल मीडिया के जरिए भी गुदगुदाने वाले हैं।

Published: undefined

अमर उपाध्याय ने बेटे को दी नसीहत- इतने बेहतर बनो कि कोई नजरअंदाज न कर सके

एकता कपूर के पॉपुलर शो 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' में मिहिर की भूमिका निभाकर अमर उपाध्याय ने खूब पॉपुलेरिटी बटोरी थी। अब उन्हीं की राह पर चलकर उनके बेटे आर्यमन ने अभिनय की दुनिया में कदम रखा है। शनिवार को अभिनेता ने अपने बेटे के अभिनय की तारीफ की।

अभिनेता अमर उलपा ने अपने इंस्टाग्राम पर आर्यमन की स्टेज प्ले की तस्वीरें पोस्ट कीं। इस पोस्ट के जरिए उन्होंने अपने बेटे की हालिया स्टेज परफॉर्मेंस के लिए तारीफ की है, और उन्हें फोकस्ड रहने, कड़ी मेहनत करने और खुद पर से भरोसा कभी न खोने की सलाह भी दी है। अभिनेता ने लिखा, "इतने अच्छे बनो कि लोग आपको नजर नजरअंदाज न कर सकें। मेहनत करो, अपना सबसे अच्छा दो, खुद पर भरोसा कभी मत खोओ और लोग क्या कहते हैं, उस पर ध्यान मत दो। आर्यमन ने स्टेज पर शानदार प्रदर्शन किया। थिएटर और कला सीखते रहो।"

आर्यमन की यह परफॉर्मेंस उनके अभिनय करियर की शुरुआत मानी जा रही है। वहीं, कुछ समय से खबरें थीं कि आर्यमन जल्द ही टीवी की दुनिया में डेब्यू करने जा रहे हैं। हालांकि, इस बात की अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन अब भी आर्यमन अपने काम को और निखारने में लगे हैं। उन्होंने असिस्टेंट डायरेक्टर के रूप में हंसल मेहता की वेब सीरीज 'गांधी' में काम किया है और इंडस्ट्री की बारीकियां सीख चुके हैं। इस अनुभव से वे न केवल प्रोफेशनल जानकारी प्राप्त कर रहे हैं बल्कि अपने पिता के गाइडेंस के अलावा खुद के स्किल को भी निखार रहे हैं।

Published: undefined

नैना के किरदार में खुद को तलाशती दिखीं संदीपा धर, बताई इस फिल्म को करने की वजह

अभिनेत्री संदीपा धर हालिया रिलीज फिल्म 'दो दीवाने सहर में' में नजर आई थीं। फिल्म में उन्होंने नैना नाम की लड़की का किरदार निभाया था, जो बाहर से एकदम परफेक्ट लगती है, लेकिन अंदर से वह बहुत अकेली और भावनात्मक रूप से टूटी हुई होती है।

 अभिनेत्री ने हाल ही में आईएएनएस से बातचीत में अपने किरदार के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने फिल्म को चुनने की विशेष वजह नैना का किरदार बताया। उन्होंने कहा, "फिल्म में नैना का किरदार मेरे लिए सबसे बड़ा आकर्षण था। बाहर से वह परफेक्ट और खुशहाल दिखती थी, लेकिन अंदर ही अंदर वह बहुत अकेली और इमोशनली टूटी हुई थी। फिल्म में मेरे इस सफर को गहराई से दिखाया गया है। बाहर की परफेक्शन और अंदर की उथल-पुथल को दर्शाना एक्टर के तौर पर मेरे लिए चुनौतीपूर्ण और रोमांचक दोनों था।"

 अभिनेत्री ने आगे फिल्म की कहानी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, "बहुत समय बाद एक ऐसी लव स्टोरी दर्शकों के सामने आई है, जो आम नहीं है। यह दो लोगों की कमजोरियों की कहानी है, जो धीरे-धीरे अपनी कमियों को स्वीकार करते हैं और एक-दूसरे को अपनाकर आगे बढ़ते हैं।"

Published: undefined

मार्च में खुलेगा 'किस्सा कोर्ट कचहरी का' तो ‘टॉक्सिक और 'धुरंधर 2' की भी बॉक्स ऑफिस पर छिड़ेगी जंग

सिनेमा के लिए वैसे तो हर महीना खास होता है, लेकिन कुछ महीने सिनेमा प्रेमियों के लिए बेहद खास होते हैं, जब वे अपने फेवरेट स्टार्स या बॉक्स ऑफिस पर बड़ी फिल्मों के रिलीज का इंतजार करते हैं। 

मार्च का महीना भी सिनेमा प्रेमियों के लिए खास होने वाला है, क्योंकि इस महीने हिंदी और दक्षिण भारतीय सिनेमा में शानदार फिल्में खिड़की पर दस्तक देने वाली हैं, तो अभी से कुर्सी की पेटी बांधकर तैयारी शुरू कर दीजिए।

'हॉपर्स' एक अमेरिकी एनिमेटेड साइंस फिक्शन एडवेंचर कॉमेडी फिल्म है, जो 6 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म कॉमेडी से भरी है और इसे बच्चों के साथ देखने में ज्यादा मजा आएगा। फिल्म मानवीय चेतना को जानवरों में स्थानांतरित करने के विषय पर बनी है। मशहूर निर्देशक सुदीप्तो सेन की फिल्म 'चरक' भी सिनेमाघरों में 6 मार्च को रिलीज होने के लिए तैयार है। फिल्म काले जादू और अंधविश्वास में बच्चों की बलि देने के तंत्र-मंत्र पर आधारित है।

आगामी कोर्टरूम ड्रामा फिल्म 'किस्सा कोर्ट कचहरी का' 13 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। न्याय व्यवस्था की खामियों को उजागर करने वाली फिल्म में मुख्य भूमिका में राजेश शर्मा, बृजेंद्र काला, नीलू कोहली और अंजू जाधव दिखने वाले हैं। फिल्म भले ही गंभीर विषय पर बनी है, लेकिन फिल्म में कॉमेडी का डोज भी देखने को मिलेगा।

19 मार्च की तारीख साल की सबसे ऐतिहासिक तारीखों में से एक है, क्योंकि 19 मार्च को सिनेमाघरों में 'टॉक्सिक' और 'धुरंधर-2' दोनों रिलीज होंगी। टॉक्सिक (सुपरस्टार यश) साउथ की बड़ी फिल्मों में से एक है, जिसमें हिंदी सिनेमा के स्टार्स भी मौजूद हैं। फिल्म को कई भाषाओं में रिलीज किया जाएगा।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined