मनोरंजन

सिनेजीवन: विरोध के बाद यूट्यूब से हटाया गया 'सरके चुनर' गाना और बचपन की यादों में खोए अक्षय कुमार

हाल ही में फिल्म 'केडी- द डेविल' का गाना 'सरके चुनर' भी सुर्खियों में बना हुआ है। गाने के बोल और डांस को लेकर लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई। अक्षय ने बताया कि उनके पिता खुद एक पहलवान थे और घर में मार्शल आर्ट्स, कुश्ती और रेसलिंग की बातें आम थीं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

'सरके चुनर' विवाद : विरोध के बाद यूट्यूब से हटाया गया गाना, अब नए वर्जन के साथ लौटेगा ट्रैक

फिल्म इंडस्ट्री में अक्सर गाने रिलीज होते ही चर्चा का विषय बन जाते हैं, लेकिन कई बार यही गाने विवादों में भी घिर जाते हैं। हाल ही में फिल्म 'केडी- द डेविल' का गाना 'सरके चुनर' भी सुर्खियों में बना हुआ है। गाने के बोल और डांस को लेकर लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई। शुरुआत में यह सिर्फ सोशल मीडिया तक सीमित था, लेकिन धीरे-धीरे इसमें बड़े नाम और संस्थाएं भी शामिल होती गईं और विवाद बढ़ता गया।

इसी बीच मेकर्स ने बड़ा फैसला लेते हुए गाने को यूट्यूब से हटा दिया और अब इसे नए वर्जन में वापस लाने की तैयारी कर रहे हैं।

'सरके चुनर' गाने को संजय दत्त और नोरा फतेही पर फिल्माया गया था। रिलीज के बाद ही कई लोगों ने इसके बोल को आपत्तिजनक और डबल मीनिंग बताया। साथ ही गाने की कोरियोग्राफी को भी भड़काऊ करार दिया। गाने की आलोचना तेजी से बढ़ती गई।

विवाद बढ़ता देख मेकर्स ने गाने को यूट्यूब से हटा दिया। साथ ही इस गाने को नए वर्जन के साथ तैयार करने का फैसला लिया, जिसमें गाने के बोल बदले जाएंगे, ताकि किसी की भावनाएं आहत न हों। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं है कि यह नया गाना कब तक रिलीज होगा, लेकिन मेकर्स इसे जल्द ही दर्शकों के सामने लाने की कोशिश में हैं।

Published: undefined

फिटनेस फ्रीक सोहा अली खान और उनके जिम पार्टनर ने खींचा सबका ध्यान

अभिनेत्री सोहा अली खान अपनी सेहत का खास ख्याल रखती हैं। वे नियमित रूप से जिम जाती हैं और हेल्दी डाइट फॉलो करती हैं। इसी बीच उन्होंने मंगलवार को जिम का एक खास वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया।

इस वीडियो में अभिनेत्री जिम में तरह-तरह की एक्सरसाइज करती दिख रही हैं, लेकिन इसकी दिलचस्प बात ये है कि इसमें सोहा के साथ उनका प्यारा सा पैट है। जिम में जहां सोहा वर्कआउट कर रही हैं, तो उनका पैट एनर्जेटिक है और खेलने-कूदने में व्यस्त है।

सोहा ने वीडियो पोस्ट कर लिखा, "क्या आपका जिम पार्टनर अपना पूरा योगदान दे रहा है? मेरा तो सिर्फ आराम वाले दिन बनाने में माहिर है।"

सोहा का यह वीडियो उनके प्रशंसकों को काफी पसंद आ रहा है। वे इसमें कमेंट कर सोहा और उनके पैट के बीच केमिस्ट्री की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

लोग कमेंट्स में लिख रहे हैं कि पपी कितना क्यूट है और सोहा का ये फिटनेस+फन वाला अंदाज कितना अच्छा है।

Published: undefined

'हैलो बच्चों' में विनीत कुमार के अभिनय की अभिषेक बच्चन ने की तारीफ

मशहूर अभिनेता विनीत कुमार की हालिया रिलीज वेब सीरीज 'हैलो बच्चों' को जमकर सराहना मिल रही है। हर कोई सीरीज देखने के बाद अभिनेता विनीत और कहानी की तारीफ कर रहा है। इसी कड़ी में अभिनेता अभिषेक बच्चन ने मंगलवार को अभिनेता की जमकर तारीफ की।

अभिनेता अभिषेक बच्चन ने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर सीरीज का पोस्टर शेयर किया। इसके साथ उन्होंने लिखा, "'हेलो बच्चों' और विनीत कुमार को ढेर सारी शुभकामनाएं। इसे जरूर देखें।"

इस सीरीज में विनीत ने मशहूर ट्यूटर अलख पांडे की भूमिका अदा की। साथ ही उनके जीवन के उन संघर्षों और कहानी को अपने अभिनय से उजागर किया है, जिसके बारे में आज तक किसी को पता नहीं चल पाया है।

यह सीरीज की कहानी अलख पांडे और उनके साथी प्रतीक माहेश्वरी (विक्रम कोचर) के 'फिजिक्सवाला' के निर्माण, वित्तीय चुनौतियों और छात्रों को सस्ती कोचिंग उपलब्ध कराने के संघर्ष को दिखाती है। साथ ही इस सीरीज के जरिए निर्देशक ने उन बच्चों के संघर्ष को भी उजागर किया है, जो महंगी कोचिंग के चलते अपने सपनों को पूरा करने से पीछे हट जाया करते थे।

Published: undefined

जब पहलवानों संग अखाड़े में 'अक्की' को उतारते थे पिता, बचपन की यादों में खोए अक्षय कुमार

क्विज रियलिटी शो 'व्हील ऑफ फॉर्च्यून' की मेजबानी कर रहे अभिनेता अक्षय कुमार अक्सर यादें या किस्से -कहानियों का जिक्र करते नजर आते हैं। इसी कड़ी में अक्षय शो के सेट पर बचपन की यादों में खोए नजर आए। अभिनेता ने बचपन के उन खास दिनों को याद किया, जब उनके पिता उन्हें पेशेवर पहलवानों के साथ कुश्ती करवाते थे।

अक्षय ने बताया कि उनके पिता खुद एक पहलवान थे और घर में मार्शल आर्ट्स, कुश्ती और रेसलिंग की बातें आम थीं। इन शुरुआती अनुभवों ने न केवल उन्हें बहादुर बनाया, बल्कि बाद में उनके फिल्मी करियर में भी बहुत मदद की।

अक्षय कुमार ने शो 'व्हील ऑफ फॉर्च्यून' में मौजूद प्रतियोगी ख्याति रॉय, मीतू तनेजा और आकाश शर्मा के साथ बातचीत में माता-पिता और बच्चों के रिश्ते पर अपने विचार साझा किए। अक्षय ने बताया, "मेरे घर का कल्चर ही ऐसा था। मेरे पापा पहलवान थे, इसलिए घर में मार्शल आर्ट्स, कुश्ती और रेसलिंग की चर्चा हमेशा रहती थी। मेरे पिताजी प्रोफेशनल रेसलरों को जानते थे और मुझे उनके साथ लड़वाते थे। आज वही मेरे काम आ रहा है।"

उन्होंने कहा कि उन कठिन मुकाबलों ने उन्हें न सिर्फ शारीरिक रूप से मजबूत बनाया, बल्कि मानसिक दृढ़ता भी दी, जो एक्टर के रूप में एक्शन फिल्मों में उनके स्टंट्स और परफॉर्मेंस में साफ दिखती है।

Published: undefined

जब रात की शूटिंग का सीन सुनकर ऋषि कपूर ने डायरेक्टर को बीच रास्ते कार से उतार दिया था

दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर का नाम उन कलाकारों में शुमार था, जो अपने हिसाब से काम करना पसंद करते थे। उनके लिए काम में अनुशासन और आराम बहुत महत्वपूर्ण था। खास बात ये थी कि वे रात में शूटिंग करना बिल्कुल भी पसंद नहीं करते थे।

दरअसल, हाल ही में डेविड धवन अपने बेटे वरुण धवन के साथ 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' में नजर आए। इस शो में दोनों ने खूब मस्ती की और कई पुरानी यादें ताजा कीं। इसी दौरान डेविड ने दिवंगत ऋषि कपूर के बारे में एक रोचक बात बताई।

डेविड ने बताया, "ऋषि फिल्म साइन करने से पहले हर निर्देशक से पूछ लिया करते थे और अगर कोई सीन उन्हें समझ नहीं आता था, तो वे उसके बारे में बारीकी से पूछते थे और अगर फिर भी समझ में नहीं आता था, तो वे काम को रोक दिया करते थे।"

 डेविड धवन ने ऋषि कपूर से जुड़ा एक मजेदार किस्सा सुनाया। उन्होंने कहा, "एक बार कोई डायरेक्टर ऋषि कपूर को नई फिल्म की स्क्रिप्ट सुनाने उनके पास आया। ऋषि ने पहले ही उससे कहा, 'कार में बैठो, घर जाते-जाते सुना दो।'

 कार चली और डायरेक्टर ने कहानी शुरू की, लेकिन पहला सीन ही रात का था और जैसे ही ऋषि जी ने यह सुना, उन्होंने तुरंत ड्राइवर से कहा, गाड़ी रोको फिर डायरेक्टर से बोले, "मैं ऐसी फिल्में नहीं करता जहां रात में शूटिंग हो। मैं शाम 7 बजे के बाद पैक-अप कर लेता हूं, चाहे कुछ भी हो जाए।" बस इसके बाद वहीं से डायरेक्टर को कार से उतारा और वे चले गए।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined