मनोरंजन

सिनेजीवन: मीका सिंह ने उत्तराखंड के मंत्री पर तंज और उदित और सानू की जोड़ी ने फिर बिखेरा जादू

मीका सिंह ने कहा, ''अगर किसी को आप पसंद नहीं हैं, तो कुछ फैंस चिल्लाकर कहते हैं कि यहां से चले जाओ।" उदित नारायण ने इस कोलेबोरेशन को एक नॉस्टैल्जिया एक्सपीरियंस बताया।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

दलेर मेहंदी के शो पर मंत्री की नाराजगी को लेकर मीका सिंह का तंज, बोले- 'ऑडियंस तो खुश थी'  

गायक मीका सिंह ने उत्तराखंड में एक कार्यक्रम के दौरान दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस को लेकर हुए विवाद पर अपनी राय रखी है। उन्होंने कहा कि लाइव शो के दौरान दर्शक अपनी पसंद और नापसंद खुलकर जाहिर करते हैं। अगर किसी गाने या परफॉर्मेंस में उन्हें मजा नहीं आता, तो वे कलाकार से गाना बदलने तक के लिए कह देते हैं। 

मीका ने कहा, ''अगर किसी को आप पसंद नहीं हैं, तो कुछ फैंस चिल्लाकर कहते हैं कि यहां से चले जाओ। ऐसा होता है। मेरे भी कई हिट गाने हैं, लेकिन कभी-कभी जब मैं कोई बोरिंग गाना गाने लगता हूं, तो लोग मुझसे उसे बदलने के लिए कहते हैं। दलेर मेहंदी के कॉन्सर्ट में दर्शक एन्जॉय कर रहे थे और मंत्री साहब को ही गुस्सा आ रहा था। पूरी ऑडियंस परफॉर्मेंस का मजा ले रही थी और डांस कर रही थी। आप वीडियो देख सकते हैं। इंस्टाग्राम पर कमेंट्स देख सकते हैं और यह भी देख सकते हैं कि लोगों ने मंत्री को किस तरह के कमेंट्स दिए हैं।''

मीका ने अपने लाइव शो का अनुभव साझा करते हुए कहा कि जब कलाकारों की परफॉर्मेंस दर्शकों को पसंद नहीं आती, तो वे अपनी नाराजगी जाहिर कर देते हैं। उन्होंने बताया कि उनके साथ भी ऐसा होता है।

 मीका के मुताबिक, ''आजकल अगर आप अच्छी परफॉर्मेंस नहीं देते, तो आपके फैंस ही चिल्लाकर कहते हैं, 'यहां से निकलो... हमें मजा नहीं आ रहा है।' मेरे साथ भी ऐसा होता है। जब मैं कोई धीमा गाना गाने लगता हूं, तो लोग वहां से जाने लगते हैं।''

उदित और सानू की जोड़ी ने फिर बिखेरा जादू, 'सुनियो जरा' में दिखेगी सनी देओल-रवि किशन की दोस्ती  

उदित नारायण और कुमार सानू पूरे 21 साल के लंबे अंतराल के बाद सनी देओल की आगामी फिल्म 'सूर्या: अंत से आरंभ तक' के 'सुनियो जरा' गाने के लिए फिर से साथ आए हैं। उदित नारायण ने इस कोलेबोरेशन को एक नॉस्टैल्जिया एक्सपीरियंस बताया।

'सुनियो जरा' एक फ्रेंडशिप एंथम (दोस्ती पर आधारित गाना) है। इस गाने में उदित नारायण और कुमार सानू के साथ गायक अनुपम अमोद ने भी अपनी आवाज दी है। आरएएचई द्वारा कंपोज किया गया और प्रिया सरैया द्वारा लिखा गया यह गाना फिल्म 'सूर्या: अंत से आरंभ तक' का पहला ट्रैक है।

सालों बाद कुमार सानू के साथ अपने काम करने के अनुभव को शेयर करते हुए उदित नारायण ने कहा, "इतने सालों बाद कुमार सानू के साथ काम करना मेरे करियर के खूबसूरत चैप्टर को दोबारा जीने जैसा है। गाने में अनुपम अमोद की मौजूदगी एक फ्रेश एनर्जी लेकर आई और मुझे विश्वास है कि सुनने वालों को हर नोट में वह बॉन्ड महसूस होगा।"

कुमार सानू ने कहा, "यह गाना इसलिए खास है क्योंकि यह सिर्फ म्यूजिक के बारे में नहीं बल्कि दोस्ती, यादों और एक साथ आने की खुशी के बारे में है। मुझे खुशी है कि हम दर्शकों को कुछ दिल से निकला और टाइमलेस दे पाए।"

तिरुमला के श्रीवारी मंदिर पहुंचीं भूमि पेडनेकर, परिवार के साथ किए भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन

अभिनेत्री भूमि पेडनेकर फिल्मों के साथ-साथ अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी चर्चा में रहती हैं। हाल ही में एक्ट्रेस आंध्र प्रदेश के तिरुमला स्थित प्रसिद्ध श्रीवारी मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने अपने परिवार के साथ भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। 

इस दौरान भूमि का सादगी भरा अंदाज देखने को मिला। उनकी इस धार्मिक यात्रा की चर्चा हो रही है।

भूमि ने मंदिर में भगवान वेंकटेश्वर और अन्य देवी-देवताओं के दर्शन किए। इस दौरान वह हाथ जोड़कर प्रार्थना करती दिखाई दीं। उनके लुक की बात करें तो उन्होंने खूबसूरत साड़ी पहनी थी, जिसके साथ शॉल कैरी किया था। उन्होंने अपने बाल खुले रखे और हाथों में चूड़ियां पहनी थीं। लाइट मेकअप में उनका लुक काफी सादा नजर आया।

उन्होंने मंदिर में दर्शन के दौरान पूरी श्रद्धा के साथ भगवान का आशीर्वाद लिया।

'उड़ता तीर' देख दीवानी हुईं आयशा खान, संदीप आनंद की एक्टिंग की तारीफ

आयुष्मान खुराना स्टारर क्रॉस-बॉर्डर स्पाई-कॉमेडी (जासूसी हास्य) फिल्म 'उड़ता तीर' सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। मंगलवार को अभिनेत्री आयशा खान ने फिल्म की जमकर सराहना की। साथ ही, सभी से फिल्म देखने की अपील भी की।

अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम के स्टोरीज सेक्शन पर फिल्म के एक हास्य सीन की क्लिप शेयर की, जिसमें अभिनेता आयुष्मान खुराना के साथ अभिनेता संदीप आनंद नजर आ रहे हैं।

आयशा खान ने इस क्लिप की तारीफ करते हुए लिखा, "मैं संदीप आनंद की बहुत बड़ी फैन हूं और कल उन्हें स्क्रीन पर देखकर बहुत खुशी हुई। उन्होंने क्या परफॉर्मेंस दी है। मजे ही आ गए तारिक (संदीप आनंद का किरदार) और आप जानते हैं कि अगर आयुष्मान इसमें हैं तो फिल्म धमाकेदार ही होगी।"

अभिनेत्री ने बताया कि फिल्म ने उन्हें बिल्कुल भी बोर नहीं किया। उन्होंने लिखा, "इस फिल्म में एक भी किरदार कमजोर नहीं है, शानदार टाइमिंग, इतने अच्छे लिखे हुए सीन्स, कल थिएटर में हंस-हंस के मेरी जान निकल गई, मैं ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहती, प्लीज अपनी फैमिली के साथ थिएटर में जाकर इस फिल्म को जरूर देखें, पैसा वसूल है। इस फिल्म का बैकग्राउंड म्यूजिक भी सबसे बेस्ट पार्ट में से एक है और स्टोरीलाइन आपको आखिर तक बांधे रखती है, क्लाइमैक्स तो कमाल का है, बस अभी जाओ और देखें।"

50 साल की महिला बनने के लिए वामिका गब्बी ने पहना प्रोस्थेटिक्स, बोलीं- शीशे में खुद को पहचान नहीं पाई 

अभिनेत्री वामिका गब्बी ने फिल्म 'प्रहार- द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम' में प्रसिद्ध सरकारी वकील उज्ज्वल निकम की पत्नी ज्योति निकम के किरदार निभाया है। अभिनेत्री ने आईएएनएस के साथ बातचीत में किरदार निभाने के लिए प्रोस्थेटिक्स पहनने के अपने अनुभव को साझा किया।

अभिनेत्री ने बताया कि मेकअप चेयर पर बैठे-बैठे अपने चेहरे को बदलते हुए देखना किरदार को और भी ज्यादा वास्ताविक महसूस करा रहा था।

उन्होंने कहा, "प्रोस्थेटिक्स के बाद जब मैंने खुद को शीशे में देखा, तो कुछ देर तक तो मैं शीशे में खुद को निहारती रह गई। ये एक बहुत ही अजीब एहसास था, क्योंकि मुझे पता था कि वो मैं ही हूँ, लेकिन मैं सामने दिख रहे शख्स को पहचान नहीं पा रही थी। हालांकि, इस पूरे प्रोसेस को मैंने पूरी तरह से इंजॉय किया था।"

अभिनेत्री ने आगे कहा, "मेकअप चेयर पर बैठने के बाद चेहरे को धीरे-धीरे बदलते हुए देखने पर कहीं न कहीं किरदार आपके लिए और ज्यादा असली लगने लगता है। कई बार तो मैं भूल ही जाती थी कि मैं कितनी अलग दिख रही हूं, जब तक कोई मुझे सेट से मेरी फोटो नहीं दिखा देता था।"

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए