मनोरंजन

सिनेजीवन: 'लव एंड वॉर' से रणबीर कपूर का फर्स्ट लुक आउट और सूरज पंचोली को मिल रही जान से मारने की धमकियां!

संजय लीला भंसाली की बहुप्रतीक्षित रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'लव एंड वॉर' के मेकर्स ने गुरुवार को अभिनेता रणबीर कपूर का पहला पोस्टर रिलीज कर दिया है। सूरज पंचोली ने गुरुवार को खुलासा किया कि उन्हें ऑनलाइन ट्रोलिंग और जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

'लव एंड वॉर' से रणबीर कपूर का फर्स्ट लुक आउट, खून से सनी शर्ट में दिखा रौबदार अंदाज 

संजय लीला भंसाली की बहुप्रतीक्षित रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'लव एंड वॉर' के मेकर्स ने गुरुवार को अभिनेता रणबीर कपूर का पहला पोस्टर रिलीज कर दिया है। फिल्म में रणबीर कपूर के साथ-साथ आलिया भट्ट और विक्की कौशल भी हैं।

मेकर्स ने इंस्टाग्राम पर रणबीर का लुक शेयर किया, जिसमें अभिनेता एक दमदार लुक में नजर आ रहे हैं, उनकी शर्ट की आस्तीन पर खून के धब्बे लगे हैं और शर्ट पर गोली का निशान भी दिख रहे है। साथ ही, उनके चेहरे पर गंभीर भाव हैं। लुक जारी कर लिखा, "वो रुतबा, वो रौब, वो जुनून। संजय लीला भंसाली की 'लव एंड वॉर' 21 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में।"

मेकर्स ने अपनी पोस्ट के साथ अभिनेता विक्की कौशल, आलिया भट्ट और रणबीर कपूर को भी टैग किया है। फिल्म 'लव एंड वॉर' दुनियाभर में हिंदी, तमिल और तेलुगु में रिलीज होगी। फिल्म की शूटिंग हाल ही में पूरी हो चुकी है, जिसके बाद यह पोस्टर सामने आया है। रणबीर के साथ आलिया भट्ट और विक्की कौशल स्टारर यह प्रोजेक्ट अब जनवरी 2027 में रिलीज से पहले पोस्ट-प्रोडक्शन स्टेज में पहुंच गया है।

ऑनलाइन ट्रोलिंग से परेशान सूरज पंचोली बोले, सही पत्रकार मिलेगा तो दूंगा हर मुश्किल सवाल का जवाब

अभिनेता सूरज पंचोली इन दिनों दिशा सालियान मौत मामले को लेकर विवादों का सामना कर रहे हैं। अभिनेता ने गुरुवार को खुलासा किया कि उन्हें ऑनलाइन ट्रोलिंग और जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने बताया कि उनके बारे में अभी तक जो कुछ भी कहा गया है, उस पर उनके पास कहने को बहुत कुछ है, लेकिन वह सही समय पर ही सब कुछ बताएंगे।

सूरज पंचोली ने इंस्टाग्राम पर नोट शेयर किया, जिसमें उन्होंने बताया कि वे सभी सवालों के जवाब तभी देंगे, जब कोई ऐसा पत्रकार उनका इंटव्यू लेगा, जो उनसे सीधे कठिन और असहज सवाल पूछने को तैयार होगा। अभिनेता ने लिखा, "यह कुछ ऐसा है जो मैं अपना इंस्टाग्राम ब्लॉक होने से पहले पोस्ट करना चाहता था, जिसकी वजह मैं आज तक नहीं समझ पाया, लेकिन सच कहूं तो मेरे पास कहने के लिए और भी बहुत कुछ है। बहुत कुछ हुआ है, मेरे बारे में बहुत कुछ कहा गया है और मेरे अंदर बहुत कुछ है जो मैं खुलकर और दिल से कहना चाहता हूं और मैं अब तब बोलूंगा, जब मुझे कोई सही मंच देगा। मेरे लिए सही मंच का अर्थ है, समझदार पत्रकार या इंटरव्यू लेने वाला, जो मेरे सामने बैठने को तैयार हो, मेरी आंखों में आंखें डालकर मुझसे हर सवाल पूछे, मुश्किल सवाल, असहज सवाल, सारे सवाल। मुझे उनका जवाब देने में कोई परेशानी नहीं है।"

अभिनेता सूरज पंचोली ने कहा, "मैं बस इतना चाहता हूं कि यह सब शांति से, तथ्यों के साथ, पत्रकारिता और इंसानियत की थोड़ी समझ के साथ किया जाए। मुझे ऐसा कोई व्यक्ति या प्रतिष्ठित को इंटरव्यू देना है, जो कैमरे के पीछे छिपकर चिल्ला-चिल्लाकर सवाल पूछा, रिएक्शन लेने की कोशिश करे या फिर किसी की जिंदगी को तमाशा बनाने की कोशिश करे।"

काम से ब्रेक लेकर मालदीव पहुंचे करण टैकर, शेयर की वेकेशन की खूबसूरत तस्वीरें  

अभिनेता करण टैकर हाल ही में काम से समय निकाल कर मालदीव में वैकेशन मनाने गए। गुरुवार को अभिनेता ने अपनी इस वैकेशन की झलक पोस्ट कीं, जिसमें आइलैंड की खूबसूरत लोकेशन पर बिताए समय की एक झलक दिखी।

अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं, जिसमें वह अपनी इस छोटी सी छुट्टी का भरपूर मजा लेते नजर आ रहे हैं और अपने काम पर वापस जाने से पहले शांत माहौल का लुत्फ उठा रहे हैं।

पहली तस्वीर में करण टैकर हरियाली के बीच रिलैक्स पोज देते हुए ट्रॉपिकल वाइब का मजा ले रहे हैं। वहीं दूसरी तस्वीर में एक्टर खूबसूरत बीच के नजारों का लुत्फ उठाते दिख रहे हैं, जहां नीला समंदर और शांत माहौल छुट्टियों के लिए एकदम परफेक्ट बैकग्राउंड बना रहा है। छुट्टी की तस्वीरें शेयर करते हुए करण ने लिखा, "कैमरा रोल होने से पहले एक छोटी सी छुट्टी।"

पड़ोसियों ने घर से निकाला, इसलिए टीवी तक पहुंच पाई, भारती सिंह ने सुनाया  बचपन का किस्सा

कॉमेडियन भारती सिंह टीवी और एंटरटेनमेंट की दुनिया का जाना-पहचाना नाम हैं। अपनी कॉमेडी और हंसी-मजाक से उन्होंने घर-घर में पहचान बनाई है, लेकिन इस मुकाम तक पहुंचने का उनका सफर इतना आसान नहीं था। 

हाल ही में उन्होंने 90 के दशक के अपने दिनों को याद करते हुए बताया कि उनके घर में टीवी तक नहीं था। ऐसे में वह मोहल्ले के एक परिवार के घर टीवी देखने जाया करती थीं, लेकिन वहां भी उन्हें हर बार टीवी देखने की इजाजत नहीं होती थी।

'द इंडियन गेम शो 'विद भारती एंड हर्ष' के लेटेस्ट एपिसोड में भारती ने बचपन का एक किस्सा सुनाया। शो में '90 के दशक की यादें' सेलिब्रेट की जा रही थीं। इस दौरान भारती ने कहा, ''मेरे बचपन में घर में टीवी नहीं था। पूरे मोहल्ले में भी हर किसी के घर टीवी नहीं हुआ करता था। कुछ गिने-चुने परिवार ही ऐसे थे, जिनके घर टीवी मौजूद था।''

उन्होंने कहा, "लेकिन अक्सर जब मैं उनके घर टीवी देखने जाती थी, तो वो टीवी के आगे पर्दा कर दिया करते थे और बोलते थे, 'जाओ-जाओ अपने घर, पढ़ना नहीं है?'"

भारती ने अपने इन पुराने पड़ोसियों को एक अलग अंदाज में धन्यवाद भी दिया। उन्होंने कहा, ''मैं उनको थैंक यू करना चाहती हूं कि आपने मुझे अपने घर से निकाला। आप लोगों की वजह से मैंने इतनी मेहनत की कि अब मैं खुद टीवी पर आ रही हूं।''

बिग बॉस 20 में छलका मैरी कॉम का दर्द, बोलीं- बच्चों के लिए जी रही हूं 

वर्ल्ड चैंपियन बॉक्सर मैरी कॉम इन दिनों 'बिग बॉस-20' में नजर आ रही हैं। शो को दौरान मैरी कॉम ने बताया कि उनकी जिंदगी में एक ऐसा समय भी था, जब उन्होंने सब कुछ खत्म करने के बारे में सोचा था, लेकिन अपने छोटे बच्चों की वजह से उन्होंने हिम्मत नहीं हारी।

मैरी कॉम साथी कंटेस्टेंट ईशा रिखी, रीति तिवारी और कनिका मान के साथ अपने स्ट्रगल के बारे में बात की। उन्होंने बताया कि भले ही दुनिया उन्हें बॉक्सिंग रिंग के अंदर अपनी ताकत के लिए जानती है, लेकिन उनके जीवन में ऐसे पल भी आए हैं, जह वह पूरी तरह से टूट गई थीं।

मैरी ने कहा, "मैंने बचपन से ही बहुत कुछ झेला है। मैंने अपने परिवार, राज्य और देश के लिए बहुत कुर्बानियां दी है। मेरी तरह कौन लड़ सकता है? ये एक बड़ी चुनौती है। मैं एक एथलीट हूं, जो मेडल जीतना चाहती है, मेरे लिए एक-दो मेडल काफी नहीं है। मेरे अंदर अभी भी जीतने की भूख है लेकिन उम्र ज्यादा होने की वजह से अब हिस्सा नहीं ले सकती।"

 बातचीत के दौरान मैरी कॉम ने बताया कि अब उनके लिए अपनी भावनाओं को जाहिर करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि वह पहले बहुत रोया करती थीं और अब उन्हें अपने आंसू रोकने की जरूरत महसूस होती है। उन्होंने कहा, "मैं बहुत रोई हूं। अब धीरे-धीरे मुझे आंसू अंदर खींचने होंगे।"

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए