मनोरंजन

सिनेजीवन: 'भारत में शांति नहीं' वाले विवाद पर संजय दत्त के बचाव में उतरे शेखर सुमन और रकुल प्रीत सिंह ने दी सफाई

शेखर सुमन ने संजय दत्त का बचाव करते हुए कहा, ''अभिनेता अपने देश और यहां के लोगों की बहुत इज्जत करते हैं।" रकुलप्रीत सिंह ने सोमवार को इनकम टैक्स छापों से अपना नाम जुड़ने की खबरों पर रिएक्ट किया।

'भारत में शांति नहीं' वाले विवाद पर संजय दत्त के बचाव में उतरे शेखर सुमन, बोले- 'जो कहा ही नहीं, उसकी सजा क्यों?'
'भारत में शांति नहीं' वाले विवाद पर संजय दत्त के बचाव में उतरे शेखर सुमन, बोले- 'जो कहा ही नहीं, उसकी सजा क्यों?'  फोटो: सोशल मीडिया

'भारत में शांति नहीं' वाले विवाद पर संजय दत्त के बचाव में उतरे शेखर सुमन, बोले- 'जो कहा ही नहीं, उसकी सजा क्यों?'

बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त के 'भारत में अब शांति महसूस नहीं होती' वाले बयान पर शुरू हुए विवाद के बीच अब शो के होस्ट शेखर सुमन उनके बचाव में सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि संजय दत्त ने जो कुछ कहा, वह देश और देश के लोगों के प्रति सम्मान के साथ कहा था और उनकी बात का मकसद किसी को नुकसान पहुंचाना नहीं था।

दरअसल, संजय दत्त शेखर सुमन के टॉक शो 'शेखर टूनाइट' में गांधी जयंती के मौके पर गेस्ट बनकर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने खुद को प्रधानमंत्री मानकर खास मुन्ना भाई अंदाज में देश को संबोधित किया और देश की मौजूदा स्थिति पर भी अपनी राय साझा की। उन्होंने कहा कि उन्हें अब देश में शांति महसूस नहीं होती। उनके इस बयान पर विवाद खड़ा हो गया। इस पर शेखर सुमन की ओर से प्रतिक्रिया आई है।

उन्होंने आगे संजय दत्त का बचाव करते हुए कहा, ''अभिनेता अपने देश और यहां के लोगों की बहुत इज्जत करते हैं। उन्होंने जो कहा, वह पूरी तरह बिना किसी नुकसान के और सकारात्मक तरीके से कहा गया था। मुझे लगता है कि उन्हें उस चीज के लिए सजा नहीं मिलनी चाहिए और न ही बदनाम किया जाना चाहिए, जो उन्होंने कभी नहीं कहा या जिसका उनका मतलब नहीं था।''

शेखर ने आगे कहा, ''मैं संजय दत्त को कई सालों से जानता हूं। वह एक अच्छे इंसान हैं। वह अपने देश से प्यार करते हैं और उसका बहुत सम्मान करते हैं।''

बता दें कि शो में बातचीत के दौरान संजय दत्त ने कहा था, ''इस देश के लोग बहुत प्यारे हैं। यहां शांति होनी चाहिए। मुझे अब हमारे देश में वो शांति महसूस नहीं होती। हम भारतीय बड़े दिल वाले और मेहमाननवाज होते हैं। हमने बहुत कुछ दिया है और हमें हमेशा ऐसा ही रहना चाहिए। मैं भगवान शिव से प्रार्थना करता हूं कि वो दिन जल्द वापस आएं।''

आईटी सर्च में नाम आने पर रकुल प्रीत सिंह ने दी सफाई, कहा- मैं किसी बेनामी प्रॉपर्टी की मालकिन नहीं

अभिनेत्री रकुलप्रीत सिंह ने सोमवार को इनकम टैक्स छापों से अपना नाम जुड़ने की खबरों पर रिएक्ट किया। अभिनेत्री ने इस मामले पर सफाई देते हुए कहा कि उनका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है।

दरअसल, 28 सितंबर को आयकर विभाग ने अभिनेत्री रकुलप्रीत सिंह और फिल्म निर्माता वासु भगनानी से जुड़े 12 ठिकानों पर छापेमारी की है। 28 सितंबर 2026 को मुंबई में आयकर विभाग ने रकुलप्रीत सिंह, वासु भगनानी और पैनोरमा स्टूडियोज के परिसरों की तलाशी ली थी।

अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर एक नोट पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने मीडिया द्वारा गलत अफवाहों को फैलाने पर अफसोस जताया। उन्होंने लिखा, "यह देखकर बहुत दुख होता है कि आजकल कुछ खुद को रिपोर्टर कहने वाले लोग और कुछ बड़े मीडिया पत्रकार बिना सच्चाई जाने खबरों को बढ़ा-चढ़ाकर दिखा रहे हैं। इसलिए, मैं एक बार फिर सब कुछ साफ कर देती हूं।"

अभिनेत्री ने साफ किया कि उनका नाम किसी भी गैरकानूनी कामों से जुड़ा नहीं है। उन्होंने लिखा, "मैं किसी भी तरह के गैरकानूनी विदेशी लेनदेन में शामिल नहीं हूं, न तो खुद के लिए और न ही किसी प्रोडक्शन हाउस के लिए। मैं यह भी साफ कर दूं कि मेरे नाम पर देश या विदेश में कहीं भी गैरकानूनी प्रॉपर्टी नहीं है। न ही कभी किसी ने मुझे प्रॉपर्टी गिफ्ट की और न ही मैं इस तरह से तोहफे स्वीकार करती हूं।"

राजपाल यादव के तौर-तरीकों पर सुप्रीम कोर्ट नाराज, सीजेआई बोले- 'आदेश नहीं माने तो अपील खारिज कर देंगे'  

चेक बाउंस मामले में दोषी ठहराए गए बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को अभिनेता के अब तक के तौर-तरीकों पर कड़ी नाराजगी जताई। 

चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (सीजेआई) सूर्य कांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच ने कहा कि राजपाल यादव को रकम जमा करने के लिए बार-बार मौके दिए गए, लेकिन कोर्ट के आदेशों का पूरी तरह पालन नहीं हुआ। 

सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा कि शिकायतकर्ता को उसकी रकम का कुछ हिस्सा वापस दिलाने की उम्मीद में अब तक राजपाल यादव के मामले में नरमी बरती जाती रही है।

 सीजेआई सूर्य कांत ने कहा कि अगर शिकायतकर्ता को कुछ पैसे वापस मिलने की उम्मीद नहीं होती, तो अदालत अभिनेता की सजा के खिलाफ दायर अपील को खारिज करने पर विचार कर सकती थी। कोर्ट ने राजपाल यादव को आदेश का पालन करने के लिए मंगलवार तक का आखिरी मौका दिया है। मामले में बुधवार को दोबारा सुनवाई होगी।

'बंदिश बैंडिट्स' वाली तमन्ना शर्मा की बड़ी छलांग, आयुष्मान खुराना की 'मुपापा' में एंट्री

'बंदिश बैंडिट्स' के दोनों सीजन में तमन्ना शर्मा के किरदार से दर्शकों का ध्यान खींचने वाली अभिनेत्री श्रेया चौधरी अब बड़े पर्दे पर एक नई शुरुआत करने जा रही हैं। खास बात यह है कि उनका यह थिएट्रिकल डेब्यू आयुष्मान खुराना के साथ होगा। 

श्रेया और आयुष्मान जल्द ही फिल्म 'मुपापा' में स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे, जो 19 फरवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

 'मुपापा' में श्रेया के किरदार और कहानी को लेकर फिलहाल ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।

मेकर्स ने फिल्म से जुड़ी ज्यादातर डिटेल्स को अभी सीक्रेट रखा है। ऐसे में श्रेया और आयुष्मान की जोड़ी को किस तरह की कहानी में दिखाया जाएगा, इसे लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बनी हुई है।

अभिनेत्री को वाईआरएफ टैलेंट ने एक्सक्लूसिव मैनेजमेंट के लिए साइन किया है। इसे उनके प्रोफेशनल सफर में एक नई शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है। श्रेया ने अब तक वेब सीरीज और फिल्मों में अलग-अलग तरह के किरदार निभाकर अपनी पहचान बनाई है और अब वह थिएट्रिकल फिल्मों की ओर आगे बढ़ रही हैं।

सोनाली बेंद्रे को पहली नजर में भा गया 'पाश्या', बोलीं- 'उसकी दुनिया में मुझे कुछ अपना सा लगा'

अभिनेत्री सोनाली बेंद्रे ने फिल्म 'सोहला' के किरदार पाश्या और उसकी दुनिया से अपने जुड़ाव के बारे में बात की है। उन्होंने कहा कि पाश्या का किरदार और उसकी कहानी उन्हें पहली बार में ही अपने करीब लगे। फिल्म की दुनिया बेहद जानी-पहचानी है, जिसमें छोटी-छोटी बातें आगे चलकर ऐसी यादें बन जाती हैं, जिन्हें लोग लंबे समय तक याद रखते हैं।

फिल्म के बारे में बात करते हुए सोनाली ने कहा, ''पाश्या और उसकी दुनिया में कुछ ऐसा था, जिससे मैं लगभग तुरंत जुड़ गई। यह सरल, जानी-पहचानी और उन छोटी-छोटी चीजों से भरी हुई है, जो किसी तरह आगे चलकर हमारी यादों का हिस्सा बन जाती हैं। ट्रेलर उस दुनिया की बस एक झलक देता है। मुझे उम्मीद है कि जब लोग फिल्म देखेंगे तो उन्हें भी कुछ वैसा ही महसूस होगा, जैसा मैंने 'सोहला' से पहली बार जुड़ते वक्त महसूस किया था। शायद मुझे पाश्या की कहानी में अपनी जिंदगी की भी थोड़ी झलक नजर आई।''

 फिल्म के निर्देशक सैकत बागबान ने कहा, "सोहला" की शुरुआत बचपन और बड़े होने की कहानी को 13 साल के एक लड़के की नजर से दिखाने की सोच के साथ हुई थी। पाश्या एक ऐसी दुनिया में रहता है, जो जानी-पहचानी लगती है। लेकिन वह उम्र के उस पड़ाव पर है, जहां उसके आसपास की हर चीज धीरे-धीरे उसके लिए नए मायने रखने लगती है। मुझे उम्मीद है कि ट्रेलर दर्शकों को हमारी बनाई दुनिया की एक झलक देगा और उनके मन में पाश्या से सिनेमाघरों में मिलने की उत्सुकता पैदा करेगा।"

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए