
बिहार के औरंगाबाद में रामनवमी के जुलूस के दौरान भड़की हिंसा आज भी नहीं थमी है। धारा 144 लगने के बावजूद आज भी उपद्रवियों ने जमकर उत्पात मचाया। शहर के इस्लाम टोली चौक पर उपद्रवियों की ओर से पत्थरबाजी की गई। इतना ही नहीं, उपद्रवियों ने कई दुकानों को भी आग के हवाले कर दिया।
इसे देखते हुए प्रशासन ने इलाके में कर्फ्यू लगा दिया है।
इससे पहले 25 मार्च की शाम रामनवमी के जुलूस के दौरान काफी हिंसा हुई थी। जुलूस के पीछे-पीछे 300 से 400 मोटर साइकिल सवार लोग माथे पर भगवा चुनरी बांधे और हाथों में तलवार लिए नावाडीह मोहल्ले में दाखिल हो गए थे। इस दौरान उन्होंने आपत्तिजनक नारे भी लगाए।
स्थानीय लोगों ने कहा कि जब इसे लेकर आपत्ति जताई गई तो माहौल गर्म हो गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी होने लगी। इसके बाद जुलूस में शामिल लोगों ने मुहल्ले के बाहर स्थित ईनायत मस्जिद पर भी पत्थरबाजी की। जुलूस में शामिल सैकड़ों की संख्या में लोग पास के कलामी मुहल्ले में घुस गए। इन लोगों ने वहां मौजूद लोगों को पत्थरों और हॉकी स्टिक से मारना शुरू कर दिया। इस बीच जुलूस का एक हिस्सा नावाडीह मोहल्ले से आगे अदरी नदी के पास स्थित मुसलमानों के ईदगाह और कब्रिस्तान में जा घुसा और वहां भी जमकर तोड़फोड़ की। लोगों ने आरोप लगााया कि उन्मादी भीड़ ने कब्रिस्तान में कई कब्रों के साथ छेड़छाड़ भी की गई।
शहर के मुख्य बाजार में मुसलमानों की दुकानों में आगजनी भी शुरू हो गई। शहर का केंद्र माने जाने वाले रमेश चौक से लेकर सदर बाजार होते हुए सराय रोड के आगे स्थित सब्जी मंडी और फल बाजार तक मुसलमानों की दुकानों को आग के हवाले कर दिया गया। इस दौरान हमला करने वाले ने पूरी घटना का वीडियो भी बनाया और वीडियो को सोशल मीडिया पर डाल दिया।
इसे भी पढ़ें: बिहारः औरंगाबाद में रामनवमी जुलूस की आड़ में दंगाईयों ने की हिंसा और आगजनी, घटना के बाद हरकत में आई पुलिस
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 26 Mar 2018, 5:51 PM IST