देश

भोपाल के दशहरा मैदान से राहुल गांधी की हुंकार- ‘कांग्रेस एक होकर लड़ेगी और बीजेपी को हराकर रहेगी’

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भोपाल में कहा कि आज जिस चीज को देखो उस पर ‘मेड इन चाइना’ लिखा होता है। अगर कांग्रेस की सरकार आएगी तो हम ऐसा माहौल बनाएंगे कि हर चीज के पीछे ‘मेड इन भोपाल’ और ‘मेड इन मध्य प्रदेश’ लिखा मिलेगा।

फोटोः नवजीवन
फोटोः नवजीवन भोपाल पहुंचे राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस एक होकर लड़ेगी और बीजेपी को हराकर रहेगी

मध्य प्रदेश में चुनावी अभियान का आगाज करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को राजधानी भोपाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए साफ संदेश दिया कि प्रदेश में पार्टी एक होकर चुनाव लड़ेगी और बीजेपी को हराकर रहेगी। मध्य प्रदेश की बीजेपी सरकार पर हमला करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जो लोग भी व्यापमं घोटाले और टेंडर घोटाले में शामिल हैं, कांग्रेस की सरकार आने पर उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा, “आपने 15 साल बीजेपी का राज देखा है, हजारों बार कहा गया कि रोजगार दिया जाएगा, लेकिन कुछ नहीं हुआ। लेकिन अगर हम सत्ता में आए तो हम पूरा जोर लगाकर दिखाएंगे। हम मेड इन चाइना की जगह मेड इन इंडिया, मेड इन भोपाल करके दिखा देंगे।”

Published: 17 Sep 2018, 8:53 PM IST

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि वह कांग्रेस के अध्यक्ष हैं, इस नाते उनके ऊपर सबसे पहली जिम्मेदारी मध्य प्रदेश की जनता की है। उन्होंने कहा, “यहां के किसानों और युवाओं का दर्द कांग्रेस अध्यक्ष का दर्द है। मेरे लिए पार्टी बाद में है, पहले आप लोग हैं। दूसरे नंबर पर कांग्रेस के कार्यकर्ता और तीसरे नंबर पर कांग्रेस के नेता हैं। कांग्रेस की सरकार बनेगी तो वह कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की सरकार होगी। अगर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के लिए नेताओं का दरवाजा नहीं खुलेगा, तो 15 मिनट ना मुख्यमंत्री रहेगा ना नेता रहेंगे।”

Published: 17 Sep 2018, 8:53 PM IST

भोपाल के दशहरा मैदान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम में राहुल गांधी ने माल्या प्रकरण, राफेल डील, नोटबंदी, जीएसटी, किसानों के बढ़ते कर्ज और पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों को लेकर मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने पीएम मोदी पर हमला करते हुए कहा कि देश का चौकीदार अनिल अंबानी से मिला हुआ है तो वित्त मंत्री अरुण जेटली ने 9000 करोड़ का घोटाला करने वाले विजय माल्या को देश से भगा दिया। उन्होंने नोटबंदी को देश का सबसे बड़ा घोटाला बताते हुए कहा कि देश का सिर्फ गरीब और आम आदमी बैंको के बाहर लाइन में लगा था और अमीर लोग बैंकों के पीछे से अपना काम करा रहे थे। उन्होंने पूछा कि “क्या किसी ने विजय माल्या या किसी औऱ अमीर को बैंकों की लाइन में लगे देखा?”

Published: 17 Sep 2018, 8:53 PM IST

उन्होंने कहा कि मोदी जी ने देश के गरीबों का पैसा छीनकर 15 अमीर लोगों में बांट दिया। विजय माल्या, मोदी जी के दोस्त नीरव मोदी और मेहुल भाई चोर नहीं हैं, लेकिन, जब देश का किसान कर्ज वापस नहीं दे पाता है तो वो चोर है। उन्होंने कहा कि जैसे ही कांग्रेस की सरकार सत्ता में आएगी, किसानों का कर्ज माफ होगा।

जीएसटी को एक बार फिर गब्बर सिंह टैक्स बताते हुए उन्होंने ऐलान किया कि राहुल गांधी ने कहा कि जैसे ही 2019 में कांग्रेस पार्टी की सरकार आएगी, वैसे ही मोदी सरकार की जीएसटी को खत्म कर दिया जाएगा और सभी वस्तुओं पर एक तरह का जीएसटी लागू होगा। तेल की बढ़ती कीमतों को लेकर मोदी सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा,देश के चौकीदार ने दावा किया था पेट्रोल के दाम बहुत बढ़ गए हैं, मैं कम करुंगा। लेकिन क्या आज तेल के दामों पर देश का चौकीदार एक भी शब्द बोल रहा है?”

Published: 17 Sep 2018, 8:53 PM IST

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: 17 Sep 2018, 8:53 PM IST