
जयराम रमेश का दावा, पिछले दो वर्षों से लागू नहीं हुई है ‘पीएम-दक्ष’ योजना
उन्होंने बताया कि आवंटित बजट भी खर्च नहीं किया गया
जयराम रमेश बोले- जनता का विश्वास खो चुकी है मोदी सरकार
कांग्रेस ने ‘पीएम-दक्ष’ योजना से जुड़ी कथित विफलता लेकर केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी ने आरोप लगाया कि यह सरकार जनता का विश्वास खो चुकी है और उसकी ‘एक्सपायरी’ (सत्ता से जाने की मियाद) नजदीक है।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने बुधवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दावा किया कि ‘पीएम-दक्ष’ योजना पिछले दो वर्षों से लागू नहीं हुई है और आवंटित बजट भी खर्च नहीं किया गया।
रमेश ने कहा कि वंचित वर्गों को कौशल, प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई ‘पीएम-दक्ष’ योजना को सरकार ने केवल कागजों तक सीमित कर दिया है।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘नाम बड़े और दर्शन छोटे! योजना पीएम के नाम पर, लेकिन जमीन पर काम उनके दावों की तरह बड़ा शून्य है।’’
कांग्रेस नेता ने केंद्र सरकार पर ‘‘बड़े-बड़े विज्ञापन, हेडलाइन मैनेजमेंट’’ और जीरो डिलीवरी’’ का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार उस योजना को भी प्रभावी ढंग से लागू नहीं कर सकती, जिसे बड़े दावों के साथ शुरू किया गया था।
रमेश ने कहा कि ऐसी स्थिति में सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता की नजरों में उनकी सरकार विश्वास खो चुकी है और ‘‘एक्सपायरी नजदीक है।’’
कांग्रेस महासचिव ने यह भी सवाल किया कि क्या केंद्र सरकार अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग तथा विमुक्त, घुमंतू एवं अर्ध-घुमंतू जनजातियों से 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी के 240 सीटों पर सिमट जाने का ‘‘बदला’’ ले रही है?
जयराम रमेश ने यह भी कहा कि आखिर यह सरकार ‘‘जेन-जी के भविष्य के साथ कब तक खिलवाड़’’ करती रहेगी।
पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए