देश

जेएनयू में कंडोम की संख्या गिनने वाले बीजेपी विधायक ने फिर दिया विवादित बयान, कहा, गौ-तस्करी करोगे तो मरोगे 

राजस्थान के बीजेपी विधायक ज्ञान देव आहूजा ने गौ-तस्करी करने वालों को मारने का समर्थन करते हुए कहा है कि जो लोग गौ-तस्करी या गौ-हत्या करेंगे वे मारे जाएंगे। 

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया बीजेपी विधायक ज्ञानदेव आहूजा ने फिर दिया विवादित बयान

राजस्थान के अलवर जिले के रामगढ़ से बीजेपी विधायक ने गौ तस्करी करने वालों को मारने का समर्थन करते हुए कहा है कि जो लोग गो तस्करी या गो हत्या करेंगे वे मारे जाएंगे। अपने विवादित बयानों के लिए पहले भी सुर्खियों में रह चुके बीजेपी के विधायक ज्ञान देव आहूजा ने जिले में गो तस्करी और गोरक्षा के नाम पर हमलों को लेकर पत्रकारों से बातचीत में कहा, "मेरा तो सीधा कहना है कि गौ तस्करी और गौकशी करोगे तो यूं ही मरोगे।"

आहूजा ने 23 दिसंबर को अलवर में एक कथित गौ तस्कर की गिरफ्तारी को लेकर यह बयान दिया है। शनिवार को जाकिर नाम के एक व्यक्ति को अलवर से गौ तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। शनिवार को पुलिस ने बैरिकेट लगाकर गाय ले जा रही एक गाड़ी को रोकने की कोशिश की, लेकिन वाहन मे सवार लोग बैरिकेट तोड़कर निकल गए। इसके बाद उसका पीछा कर स्‍थानीय लोगों ने ट्रक पर हमला कर दिया। ट्रक में सवार दो लोग किसी तरह भागने में कामयाब हो गए, जबकि एक जाकिर को भीड़ ने उन्‍होंने पकड़ लिया। स्थानीय लोगों के अनुसार पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने से पहले भीड़ ने उसकी पिटाई भी की थी। हालांकि, आहूजा ने पिटाई की बात से इनकार किया, लेकिन कहा कि गो तस्करी करने वाले ऐसे ही मरेंगे।

बता दें कि आहूजा अपने विवादित बयानों की वजह से पहले भी चर्चा में रहे हैं। इससे पहले उन्होंने जेएनयू को लेकर भी बयान दिया था। उन्होंने जेएनयू को बलात्कारियों का अड्डा बताते हुए कहा था कि वहां रोजाना 3000 बीयर की बोतलें, 4 हजार इस्तेमाल किए गए कंडोम और 500 गर्भपात के इंजेक्शन मिलते हैं। 63 वर्षीय आहूजा ने कहा था कि जेएनयू में ये कंडोम हमारी बहनों और बेटियों के साथ 'गलत काम' के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं।

Published: undefined

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined