देश

राहुल गांधी के काफिले की कुछ गाड़ियां आपस में टकराईं, कांग्रेस नेता सुरक्षित, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुआ हादसा

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सोमवार सुबह जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी लखनऊ से सुलतानपुर जा रहे थे, तब पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर उनके काफिले की कुछ गाड़ियां आपस में टकरा गईं।

 राहुल गांधी के काफिले की कुछ गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा
राहुल गांधी के काफिले की कुछ गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा 

लखनऊ से सुलतानपुर जाते समय सोमवार को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियों की मामूली टक्कर हो गई। पुलिस ने बताया कि इस हादसे में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ है और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष सुरक्षित हैं।

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की घटना 

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सोमवार सुबह जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी लखनऊ से सुलतानपुर जा रहे थे, तब पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर उनके काफिले की कुछ गाड़ियां आपस में टकरा गईं। राहुल गांधी सुलतानपुर की एक अदालत में अपने खिलाफ मानहानि के एक मामले की सुनवाई के लिए जा रहे थे।

सुबह करीब 10.15 बजे की घटना 

अधिकारी ने बताया कि राहुल गांधी सुरक्षित हैं और यह घटना सुबह करीब 10.15 बजे हुई। काफिले के सबसे आगे चल रही एक निजी गाड़ी (जो किसी स्थानीय कांग्रेस नेता की थी) में अचानक ब्रेक लगा, जिसकी वजह से उसके पीछे चल रही गाड़ियां एक-दूसरे से टकरा गईं।

अधिकारी ने कहा कि यह कोई गंभीर घटना नहीं थी और किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है। उन्होंने बताया कि इसके तुरंत बाद काफिला सुलतानपुर की ओर बढ़ गया।

अधिकारी के अनुसार, काफिले के साथ सुरक्षा के लिए पुलिस बल चल रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि मानहानि मामले की सुनवाई के लिए राहुल को पूर्वाह्न करीब 11.15 बजे सुलतानपुर अदालत पहुंचना था।

पीटीआई के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए