
राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने विधानसभा चुनाव को लेकर एक बड़ा ऐलान किया है। तेजस्वी यादव ने बृहस्पतिवार को कहा कि अगर उनकी पार्टी के नेतृत्व वाला ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) गठबंधन बिहार में सत्ता में आता है तो राज्य के हर परिवार में कम से कम एक सदस्य को सरकारी नौकरी सुनिश्चित करने के लिए ‘‘कानून’’ लाया जाएगा।
तेजस्वी यादव ने कहा कि वह जुमलेबाजी नहीं, बल्कि वादों को पूरा करने में विश्वास रखते हैं। उन्होंने घोषणा की, "अगर हमारी सरकार बनती है तो हर घर में एक सरकारी नौकरी दिलवाएंगे।"
तेजस्वी ने अपने सरकारी आवास पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘नई सरकार बनने के 20 दिनों के भीतर यह कानून बनाकर लागू किया जाएगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) बीते 20 वर्षों में युवाओं को रोजगार देने में विफल रहा। हम सत्ता में आने के 20 दिनों के भीतर यह अधिनियम लाएंगे और 20 महीनों के भीतर इसे पूरी तरह लागू कर देंगे।’’
तेजस्वी ने वर्तमान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि "20 साल की सरकार ने हर घर को खौफ दिया, हम अब हर घर को सरकारी नौकरी देंगे।" उन्होंने दावा किया कि इस एक कदम से नौकरी से संबंधित हर कमी स्वतः ही पूरी हो जाएगी।
अपनी घोषणा को लेकर तेजस्वी ने कहा, 'हम जो घोषणा कर रहे है, बहुत लोगों का सवाल होगा की कैसे देंगे? हमने सारा डेटा निकाला है और सभी सर्वे हमने करा लिया है और मेरा प्रण है ये और जो हो सकता है वही हम करेंगे।'
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान भी मैंने सरकारी नौकरियों का वादा किया था। मेरी सरकार के दौरान पांच लाख नौकरियां दी गईं। आप कल्पना कर सकते हैं कि अगर मुझे पूरा पांच साल का कार्यकाल मिला होता तो क्या कुछ संभव हो सकता था।’’
तेजस्वी ने दावा किया ‘‘बिहार के युवाओं को अब झूठे वादों की नहीं, ठोस रोजगार नीति की उम्मीद करनी चाहिए। हमारी प्राथमिकता हर परिवार में रोजगार की गारंटी सुनिश्चित करना है।’’
तेजस्वी ने राज्य की एनडीए सरकार को नकलची सरकार करार देते हुए कहा इस सरकार के पास अपना कोई ‘विज़न’ नहीं है।
पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए