देश

पिछले 12 वर्षों में लोकतांत्रिक ढांचे और सामाजिक ताने-बाने को पहुंचा भारी नुकसान, लोगों को अब हो रहा एहसास: सोनिया गांधी

सोनिया गांधी ने कहा कि अब लोगों को इस बात का एहसास होने लगा है और वे मौजूदा हालात को लेकर बेचैन हैं। विपक्षी एकजुटता को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस समान विचारधारा वाले दलों के साथ मिलकर काम कर रही है और उसकी संभावनाएं दिन-ब-दिन बेहतर हो रही हैं।

पिछले 12 वर्षों में लोकतांत्रिक ढांचे और सामाजिक ताने-बाने को पहुंचा भारी नुकसान, लोगों को अब हो रहा एहसास: सोनिया गांधी
पिछले 12 वर्षों में लोकतांत्रिक ढांचे और सामाजिक ताने-बाने को पहुंचा भारी नुकसान, लोगों को अब हो रहा एहसास: सोनिया गांधी  

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने मोदी सरकार पर में देश के लोकतांत्रिक ढांचे, संस्थाओं और सामाजिक ताने-बाने को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश के मूल आत्मा पर लगातार हमला हुआ है और इससे लोकतंत्र को भारी नुकसान पहुंचा है। हालांकि सोनिया गांधी को उम्मीद है कि केंद्र में सरकार बदलने के बाद से स्थिति बदलेगी, लेकिन इसके लिए राजनीतिक दलों के सामूहिक प्रयास की जरूरत पड़ेगी।

सोनिया गांधी ने कहा कि अब लोगों को इस बात का एहसास होने लगा है और वे मौजूदा हालात को लेकर बेचैन हैं। विपक्षी एकजुटता को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस समान विचारधारा वाले दलों के साथ मिलकर काम कर रही है और उसकी संभावनाएं दिन-ब-दिन बेहतर हो रही हैं।

पिछले 12 वर्षों में देश के लोकतांत्रिक ढांचे, संस्थाओं और सामाजिक ताने-बाने को पहुंचा भारी नुकसान

सोनिया गांधी ने अंग्रेजी अखबार द हिंदू को दिए एक इंटरव्यू में पहले, आज और भविष्य से जुड़े कई सवालों का जवाब दिया है। सोनिया गांधी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश के लोकतंत्र, संस्थाओं और सामाजिक ताने-बाने को गहरा नुकसान पहुंचा है।  उन्होंने कहा कि आम लोग भी अब इस बात को अच्छी तरह समझने लगे हैं और इसे बदलना चाहते हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकार बदलने के बाद भी लोकतांत्रिक व्यवस्था और संस्थाओं को पहले की तरह स्वस्थ बनाने में समय लगेगा। इसके लिए राजनीतिक दलों को गंभीरता से प्रयास करने होंगे। इसके बावजूद वह देश के भविष्य को लेकर आशावादी हैं। उन्हें भरोसा है कि लोग बेहतर शासन व्यवस्था की वापसी का स्वागत करेंगे।

चुनाव आयोग पर मोदी सरकार का कब्जा!

देश की मौजूदा राजनीतिक हालात को लेकर सोनिया गांधी ने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार के आने के बाद से विपक्ष के लिए चुनाव आसान नहीं रहा है। उनके लिए अवसर भी समान नहीं रहे हैं। सरकार का सभी संस्थाओं, खासकर चुनाव आयोग पर पूरा नियंत्रण है। मुख्यधारा का मीडिया भी उसके प्रभाव में है। इसके अलावा धनबल और धर्म के इस्तेमाल से राजनीतिक मुकाबले को प्रभावित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों के बावजूद कांग्रेस लगातार संघर्ष कर रही है। पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने हर तरह की चुनौतियों और उत्पीड़न का सामना किया है, लेकिन गांव से लेकर जिले तक वे संविधान में दिए गए मूल्यों की रक्षा के लिए डटे हुए हैं। वोट चोरी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि कई राज्यों के चुनाव में गड़बड़ी और चुनाव चोरी की बातें जो अभी तक विपक्षी दल कर रहे थे, अब लोग भी इसे समझने लगे हैं और पहले से ज्यादा जागरूक हुए हैं।

BJP-RSS से कभी कोई समझौता संभव नहीं

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने साफ कहा कि पार्टी कभी भी बीजेपी और आरएसएस के साथ कोई समझौता नहीं किया है और भविष्य में भी ऐसा नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि राजनीतिक में गठबंधनों को लेकर कई बार समझौते करना जरूरी हो जाता है। कुछ मौकों पर ऐसे दलों के साथ भी हाथ मिलाना पड़ता है, जिनकी विचारधारा कांग्रेस से अलग होती है। लेकिन बीजेपी और आरएसएस के साथ किसी तरह का समझौता कभी भी संभव नहीं है।

उन्होंने बीजेपी और आरएसएस की विचारधारा से कांग्रेस के अंतर को भी स्पष्ट किया। सोनिया गांधी के मुताबिक, पार्टी के कुछ नेताओं की राय धर्मनिरपेक्षता के मुद्दे पर बहुत स्पष्ट रुख नहीं अपनाने की रही है, लेकिन यह कांग्रेस की आधिकारिक सोच नहीं है। पार्टी अपने काम और नीतियों के जरिए सभी नागरिकों को बिना किसी डर के अपने धर्म और विश्वास का पालन करने के संवैधानिक अधिकार के साथ खड़ी रही है।

'प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने का कोई पछतावा नहीं'

2004 में कांग्रेस की जीत के बाद प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने के फैसले पर सोनिया गांधी ने कहा कि उन्हें इस निर्णय को लेकर कभी पछतावा नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि उस समय मनमोहन सिंह सरकार का नेतृत्व कर रहे थे और वह पार्टी की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। दोनों की भूमिकाएं अलग थीं और उन्होंने एक टीम की तरह काम किया। उनका अनुभव काफी सकारात्मक रहा।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए