देश

राजनीति के कुरुक्षेत्र में प्रियंका गांधी की धमाकेदार एंट्री, ‘चौकीदार चोर है’ के नारों के बीच घंटों चला रोड शो

कांग्रेस महासचिव और पूर्वी यूपी की प्रभारी बनने के बाद प्रियंका गांधी सोमवार को उत्तर प्रदेश के 4 दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंचीं। यहां उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ एयरपोर्ट से नेहरू भवन स्थित कांग्रेस मुख्यालय तक रोड शो किया, जिसमें जनसैलाब उमड़ पड़ा।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया 

सक्रिय राजनीति में कदम रखने के बाद पहली बार अपने यूपी दौरे पर पहुंचीं प्रियंका गांधी ने सोमवार को लखनऊ में विशाल रोड शो किया। महासचिव और प्रभारी बनने के बाद सोमवार को लखनऊ पहुंचीं प्रियंका गांधी ने राहुल गांधी के साथ एयरपोर्ट से प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय तक 15 किलोमीटर लंबा रोड शो किया। अमौसी एयरपोर्ट से शुरू हुआ यह रोड शो शहर के कई इलाकों से होते हुए गुजरा। 5 घंटे से भी ज्यादा चला यह रोड शो लखनऊ के एयरपोर्ट मोड़, शहीद पथ तिराहा, अवध चौराहा, आलमबाग चौराहा, नाथा होटल तिराहा, हुसैनगंज चौराहा, बर्लिंगटन चौराहा, लालबाग तिराहा, हजरतगंज चौराहा और विक्रमादित्य चौराहा होते हुए कांग्रेस मुख्यालय नेहरू भवन पहुंचा।

Published: 11 Feb 2019, 9:03 PM IST

एक बस की छत पर सवार होकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी जब ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ रोड शो के लिए निकले तो लखनऊ की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा, जिससे पूरे शहर में जहां-तहां जमा की स्थिति पैदा हो गई।

Published: 11 Feb 2019, 9:03 PM IST

तकरीबन 15 किमी लंबे रोड शो के रास्ते में बस लोगों और गाड़ियों की भीड़ ही नजर आ रही था। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जोश अपने पूरे उफान दिखा। हर कार्यकर्ता राहुल- प्रियंका की बस एक झलक पा लेना चाहता था।

Published: 11 Feb 2019, 9:03 PM IST

कार्यकर्ताओं के जोश और जुनून का अंदाजा इसी बात से होता है कि रोड शो के पूरे रास्ते में कार्यकर्ताओं ने राहुल-प्रियंका के स्वागत के लिए पूरी तैयारी कर रखी थी। कई जगहों पर फूलों की बारिश हुई तो कई जगहों पर कार्यकर्ता हाथ में राफेल विमान की डमी लहरात नजर आए, तो वहीं कई जगहों पर कार्यकर्ताओं ने हाथ में चौकीदार चोर है का पोस्टर लेकर लहराया। कार्यकर्ताओं का उत्साह यहीं नहीं रुका और एक जगह पर कार्यकर्ताओं ने अपने शरीर पर ‘चौकीदार चोर है’ का नारा पेंट कराकर राहुल और प्रियंका का स्वागत किया। कार्यकर्ताओं के उत्साह को देखते हुए राहुल गांधी ने भी उनकी हौसलाअफजाई की और राफेल की डमी अपने हाथों में लेकर उसे हवा में काफी देर तक लहराया।

Published: 11 Feb 2019, 9:03 PM IST

वहीं पूरे रोड शो के रास्ते में प्रियंका गांधी कार्यकर्ताओं के जोश का जवाब उसी जोश से देती रहीं। रास्ते में नजर आ रहे एक-एक शख्स का प्रियंका अभिवादन करते जा रही थीं। रोड शो के दौरान उस समय प्रियंका का भावुक पक्ष देखने को मिला, जब उन्होंने रोड शो में आए कुछ बच्चों को अपने बस पर बैठा लिया। वहीं रास्ते में एक अन्य जगह पर प्रियंका गांधी ने नीचे से एक छोटी बच्ची को गोद में लेकर ऊपर अपने पास बैठा लिया और उसे चॉकलेट खिलाया। इसी तरह रोड शो के सफर में एक और बड़ी दिलचस्प तस्वीर सामने आई जब राहुल गांधी बस की छत पर कुल्हड़ वाली चाय की चुस्की लेते नजर आए।

Published: 11 Feb 2019, 9:03 PM IST

इसी तरह सबसे हिलते-मिलते उनका रोड शो हजरतगंज चौराहे पर पहुंचा जहां मौजूद बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने माल्यार्पण किया। इसके बाद फिर से दोनों बस पर सवार हुए और उनका काफिला नेहरू भवन स्थित कांग्रेस मुख्यालय पहुंचा। यहां सभी नेता एक छोटे से मंच पर बैठे। कार्यकर्ताओं की नारेबाजी के बीच राहुल गांधी ने माइक संभाला और प्रियंका गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया का एक तरह से कार्यकर्ताओं से परिचय कराया।

Published: 11 Feb 2019, 9:03 PM IST

इस दौरान राहुल गांधी ने एक तरफ पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में जमकर जान फूंकने की कोशिश की तो साथ ही उन्होंने राफेल घोटाला और बेरोजगारी के मुद्दे पर सीदा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने हाल में सामने आई रिपोर्ट का जिक्र करते हुए कहा कि राफेल डील में पीएम मोदी ने भ्रष्टाचार विरोधी क्लॉज की अनदेखी की है। उन्होंने कहा कि पूरे देश को मालूम है कि चौकीदार चोर है। आज पूरा देश 56 इंच के सीने का दावा करने वाले पीएम मोदी का खोखलापन जान गए हैं।

Published: 11 Feb 2019, 9:03 PM IST

इसके साथ ही राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि हमने उत्तर प्रदेश की कमान प्रियंका गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया को सौंप दी है। उन्होंने कहा कि भले अभी लोकसभा का चुनाव सामने हो, लेकिन यूपी में असल मकसद विधानसभा चुनाव जीतना है। कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस की शुरुआत उत्तर प्रदेश से हुई थी, इसिलए प्रदेश में कांग्रेस पार्टी कमजोर नहीं रह सकती है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार बननी चाहिए, ये प्रियंका गांधी, ज्योतिरादित्य सिंधिया और राज बब्बर की जिम्मेदारी है। राहुल गांधी ने कहा कि प्रियंका गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया को प्रदेश का महासचिव बनाया गया है और उनसे कहा गया कि यूपी में सालों से जो अन्याय हो रहा है उसके खिलाफ इनको लड़ना है और यहां इंसाफ करने वाली सरकार लानी है।

Published: 11 Feb 2019, 9:03 PM IST

राहुल गांधी ने साफ शब्दों में कार्यकर्ताओं का जोश बढ़ाते हुए कहा कांग्रेस किसी भी राज्य में बैकफुट पर नहीं लड़ेगी बल्कि सभी जगहों पर फ्रंटफुट पर लड़ेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी अपने पूरे दमखम के साथ पूरे देश में लड़ेगी। कांग्रेस दफ्तर में जुटे पार्टी कार्यकर्ताओं को जोश से भर देने वाले राहुल गांधी के इन्हीं भाषणों के साथ लकनऊ में राहुल और प्रियंका के विशाल रोड शो का समापन हो गया।

हालांकि इस दौरान प्रियंका के भाषण नहीं देने से कार्यकर्ताओं में थोड़ी मायूसी दिखी। कार्यकर्ताओं को उम्मीद थी कि महासचिव बनने के बाद पहली बार लखनऊ के पार्टी ऑफिस पहुंचीं प्रियंका गांधी भी सबा को संबोधित करेंगी लेकिन ऐसा हुआ नहीं। बता दें कि इस रोड शो के बाद प्रियंका गांधी अगले चार दिनों तक उत्तर प्रदेश में ही रहेंगी और इस दौरान राज्य की 42 लोकसभा सीटों की समीक्षा करेंगी।

Published: 11 Feb 2019, 9:03 PM IST

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: 11 Feb 2019, 9:03 PM IST