देश

सिनेजीवन: फायरिंग की घटना के दो महीने बाद रोहित ने बताया जिंदगी का हाल और परितोष ने लिए राघव चड्ढा के मजे

गोलमाल-5 की शूटिंग में बिजी रोहित शेट्टी ने घटना के 2 महीने बाद अपने साथ घटी घटना के बारे में बात की है। परितोष त्रिपाठी राजनीतिक मुद्दों पर कम ही राय रखते हैं लेकिन अपनी कविताओं में वो अक्सर सरकार और नीतियों पर बात करते हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

"लाइफ में ही एक्शन और कॉमेडी..." फायरिंग की घटना के दो महीने बाद रोहित शेट्टी ने बताया जिंदगी का हाल

1 फरवरी की रात को रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर पर फायरिंग की घटना के बाद से अब तक मामले में 14 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। 

पुलिस लगातार सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है लेकिन इस घटनाक्रम के बाद से निर्देशक रोहित शेट्टी ने चुप्पी साध रखी है। वे लगातार अपनी अपकमिंग फिल्मों की शूटिंग में बिजी हैं लेकिन पहली बार निर्देशक ने जिंदगी में चल रही उथल-पुथल को लेकर अपनी बात रखी है।

गोलमाल-5 की शूटिंग में बिजी रोहित शेट्टी ने घटना के 2 महीने बाद अपने साथ घटी घटना के बारे में बात की है। अभिनेता ने अपनी नई फोटो अपडेट करते हुए लिखा है, 'इन सभी वर्षों में एक्शन और कॉमेडी फिल्में बनाते हुए, अब साला लाइफ में ही एक्शन और कॉमेडी चल रही है।' पोस्ट सामने आने के बाद यूजर्स लगातार निर्देशक का हौसला बढ़ा रहे हैं। यूजर्स का कहना है कि चिंता की बात नहीं है, आप दोबारा शानदार कमबैक करेंगे। वहीं कुछ यूजर्स निर्देशक की फिटनेस की तारीफ कर रहे हैं।

पोस्ट से साफ है कि रोहित शेट्टी जुहू में उनके घर हुई घटना की बात कर रहे हैं। तब से लेकर अभी तक निर्देशक लगातार पुलिस के संपर्क में हैं, और उनकी सिक्योरिटी भी बढ़ा दी गई है। रोहित फिलहाल अक्षय कुमार, अजय देवगन, तुषार कपूर और अरशद वारसी के साथ मिलकर गोलमाल-5 की शूटिंग में बिजी हैं। निर्देशक ने फिल्म से जुड़ी एक वीडियो भी पोस्ट की थी, जिसमें अक्षय कुमार और अजय देवगन दोनों को बाकी को-स्टार्स के साथ मस्ती करते हुए देखा गया था।

Published: undefined

राजकुमार राव के प्रोडक्शन की पहली फिल्म 'टोस्टर' का ट्रेलर आउट

अभिनेत्री सान्या मल्होत्रा और राजकुमार राव की आगामी फिल्म 'टोस्टर' का ट्रेलर जारी कर दिया गया है। यह फिल्म एक ऐसे आदमी के बचत करने के पक्के इरादे की कहानी है, जो चाहे कुछ भी हो जाए, बचत करना नहीं छोड़ता है।

ट्रेलर में राजकुमार राव रमाकांत नामक प्यारे और सीधे-सादे कंजूस के रोल में दिख रहे हैं। रमाकांत को लगता है कि हर बचाया हुआ रुपया उसकी बड़ी जीत है। वह रोजमर्रा की छोटी-छोटी चीजों से भी ज्यादा से ज्यादा फायदा उठाने की कोशिश करता है और जिस चीज पर एक बार पैसे खर्च कर देता है, उसे आसानी से जाने नहीं देता।

 रमाकांत बचत करने के मामले में एक बिल्कुल ही नए स्तर पर पहुंच जाता है। कहानी में मोड़ तब आता है, जब रमाकांत और उसकी पत्नी एक शादी में किसी को टोस्टर गिफ्ट करते हैं। बाद में उसे पता चलता है कि उस कपल का तलाक हो गया और टोस्टर दान कर दिया गया। यह सुनकर वह परेशान हो जाता है और टोस्टर वापस लाने के लिए निकल पड़ता है। टोस्टर वापस लाने की इस कोशिश में वह खुद और अपने आसपास के लोगों को अजीब और मुश्किल हालात में फंसा देता है। वह जितनी बार चीज़ों को ठीक करने की कोशिश करता है, उतनी ही ज्यादा परेशानी बढ़ती जाती है।

Published: undefined

कॉमेडियन परितोष त्रिपाठी ने लिए राघव चड्ढा के मजे, किया ऐसा पोस्ट कि यूजर्स की नहीं रूक रही हंसी

अपनी कॉमिक टाइमिंग और होस्टिंग के लिए मशहूर परितोष त्रिपाठी 'मामाजी' के नाम से काफी पॉपुलर हैं। 

फैंस उनकी कॉमेडी के दीवाने हैं। उन्होंने कई फिल्मों में भी काम किया है लेकिन अब उन्होंने टीवी छोड़ सीधा राजनीति में छलांग लगाई है और आम आदमी से जुड़े राघव चड्ढा को लेकर कुछ ऐसा पोस्ट किया है कि यूजर्स अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे हैं।

परितोष त्रिपाठी राजनीतिक मुद्दों पर कम ही राय रखते हैं लेकिन अपनी कविताओं में वो अक्सर सरकार और नीतियों पर बात करते हैं। अब उन्होंने आप सांसद राघव चड्ढा को लेकर पोस्ट किया है। उन्होंने लिखा, 'कल दिल्ली में भूकंप आया था लेकिन झटका राघव चड्ढा को लगा।' अभिनेता परितोष त्रिपाठी ने दिल्ली के भूकंप की राघव चड्ढा की जिंदगी में आए भूचाल से तुलना की है। पोस्ट यूजर्स को बहुत मजेदार लग रहा है। यूजर्स का कहना है कि इतना भी सच नहीं बोलना चाहिए था।

Published: undefined

प्यार में धोखा खाए आशिक के बदले की कहानी है 'डकैत: एक प्रेम कथा', हिंदी ट्रेलर रिलीज

मृणाल ठाकुर और अदिवि शेष की अपकमिंग फिल्म 'डकैत: एक प्रेम कथा' 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। शनिवार को फिल्म का हिंदी भाषा में ट्रेलर रिलीज किया गया। फिल्म की कहानी एक धोखा खाए आशिक की कहानी है, जो अपनी प्रेमिका से बदला लेता है। पहले फिल्म का तेलुगू ट्रेलर रिलीज किया गया था। 

मृणाल ठाकुर और अदिवि शेष की फिल्म 'डकैत: एक प्रेम कथा' का हिंदी ट्रेलर रिलीज हो चुका है। ट्रेलर की शुरुआत मृणाल ठाकुर और अदिवि शेष के रोमांस से होती है, जो शादी और बच्चे का सपना एक साथ देख रहे हैं, लेकिन एक पल में दोनों की जिंदगी बदल जाती है। हरि (अदिवि शेष) जेल के अंदर होता है और मृणाल ठाकुर उसके खिलाफ कोर्ट में गवाही दे रही है। हरि बेगुनाह होने के बाद भी जेल में जिंदगी काटता है और मृणाल से बदला लेने का प्लान करता है।

कहानी में बड़ा ट्विस्ट भी दिखाया गया है। कहानी में मृणाल ठाकुर एक बच्ची की मां बन चुकी है और हरि को इस बारे में नहीं पता। वह मृणाल का वही हाल करना चाहता है, जो उसके साथ हुआ। हरि, मृणाल के साथ मिलकर चोरी करता है और उसे भी अपने साथ गलत काम में शामिल करता है। फिल्म में एक्शन के साथ-साथ इंटेंस रोमांस भी फिल्माया गया है। फिल्म में प्यार और बदले की आग में जलते हुए आशिक की कहानी को दिखाया गया है।

Published: undefined

कविता कौशिक ने बताया 'कप्तान' के लिए क्यों नहीं करनी पड़ी ज्यादा मेहनत

एक्शन-क्राइम ड्रामा वेब सीरीज 'कप्तान' ओटीटी पर स्ट्रीम हो रही है। यह सीरीज ज्वालाबाद शहर में एसएसपी समरदीप सिंह की कहानी पर आधारित है। इसमें साकिब सलीम के अलावा सिद्धार्थ निगम, कविता कौशिक और अंजुम शर्मा जैसे मंझे हुए कलाकार नजर आ रहे हैं।

सीरीज में कविता कौशिक ने डीएसपी प्रीत का रोल निभाया है, जो एक सख्त महिला पुलिस अधिकारी होती है। अभिनेत्री का कहना है कि उन्हें पुलिस के किरदार में ढलने में ज्यादा दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ा था।

अभिनेत्री ने हाल ही में आईएएनएस के साथ बातचीत की, जिसमें उन्होंने अपने किरदार के ढलने की प्रक्रिया पर जोर देते हुए कहा, "मुझे अपने किरदार के लिए ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ी थी क्योंकि मेरा बैकग्राउंड ही पुलिस से जुड़ा हुआ है। मेरे पिता एक पुलिस अधिकारी थे। बचपन से हम उसी माहौल में बड़े हुए हैं। इसलिए यह भूमिका मेरे लिए स्वाभाविक लगी। चाहे चंद्रमुखी चौटाला का किरदार हो या फिर डीएसपी प्रीत, पुलिस वाली बात मेरी परफॉर्मेंस में अपने आप दिख जाती है।"

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined