
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में पिछले दो दिनों से चल रही तेज सतही हवाओं के कारण मौसम में हल्की ठंडक और प्रदूषण स्तर में गिरावट देखने को मिली है।
मौसम विभाग के अनुसार, अब सोमवार से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। आसमान साफ रहेगा और तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। अगले 4 से 5 दिनों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने का अनुमान है।
Published: undefined
मौसम विभाग द्वारा जारी 7 दिनों की भविष्यवाणी के अनुसार 11 अप्रैल को न्यूनतम तापमान 19 डिग्री और अधिकतम 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। 12 अप्रैल को अधिकतम तापमान 35 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है, जबकि 13 और 14 अप्रैल को आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और तापमान 35 डिग्री के आसपास बना रहेगा।
Published: undefined
15 अप्रैल को तापमान बढ़कर 36 डिग्री और 16 अप्रैल को 37 डिग्री तक पहुंच सकता है। इसके साथ ही 17 अप्रैल तक अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री के बीच रहने की संभावना जताई गई है। हालांकि 11 और 12 अप्रैल को दिन के समय तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है, जिससे लोगों को हल्की राहत मिलेगी। लेकिन इसके बाद हवाएं कमजोर पड़ेंगी और गर्मी का असर बढ़ेगा।
Published: undefined
वहीं, वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में भी उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है। दिल्ली के विभिन्न इलाकों में एक्यूआई येलो जोन (मध्यम श्रेणी) में बना हुआ है। आनंद विहार में एक्यूआई 170, अशोक विहार में 198, बवाना में 145, चांदनी चौक में 151 और मथुरा रोड पर 128 दर्ज किया गया। वहीं आया नगर में एक्यूआई 96 के साथ अपेक्षाकृत बेहतर स्थिति में है।
नोएडा में भी हवा की गुणवत्ता मध्यम स्तर पर बनी हुई है। सेक्टर-1 में एक्यूआई 145, सेक्टर-125 में 120, सेक्टर-62 में 109 और सेक्टर-116 में 119 दर्ज किया गया। गाजियाबाद के इंदिरापुरम में एक्यूआई 128, लोनी में 173, संजय नगर में 129 और वेद विहार लोनी में 175 दर्ज किया गया है।
Published: undefined
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि तेज हवाओं के चलते प्रदूषण के कण फैल गए, जिससे एक्यूआई में सुधार हुआ है। लेकिन जैसे ही हवाएं कमजोर होंगी और तापमान बढ़ेगा, प्रदूषण स्तर में फिर से वृद्धि हो सकती है। एनसीआर में आने वाले दिनों में गर्मी का प्रकोप बढ़ने वाला है। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
Published: undefined