दुनिया

दुनिया की बड़ी खबरें: अमेरिका का भारतीय सामानों पर 17% टैरिफ का प्रस्ताव, उधर कराची में इमारत गिरने से बड़ा हादसा

रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (यूएसटीआर) द्वारा जारी टैरिफ सूची में भारतीय निर्यात पर 25 प्रतिशत तक शुल्क लगाए जाने का प्रावधान रखा गया है।

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

अमेरिका ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व वाले प्रशासन द्वारा पेश किए गए नए व्यापार ढांचे के तहत भारतीय वस्तुओं पर 17 प्रतिशत टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा है। यह प्रस्ताव उन 14 प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं को लक्षित करता है, जिनके बारे में वाशिंगटन का मानना है कि उन्होंने वैश्विक मांग की तुलना में अधिक विनिर्माण क्षमता और उत्पादन विकसित किया है।

रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (यूएसटीआर) द्वारा जारी टैरिफ सूची में भारतीय निर्यात पर 25 प्रतिशत तक शुल्क लगाए जाने का प्रावधान रखा गया है। हालांकि यदि भारत और ट्रंप प्रशासन के बीच कोई व्यापार समझौता हो जाता है, तो यह दर घटाकर 17 प्रतिशत की जा सकती है।

यह प्रस्ताव केवल भारत तक सीमित नहीं है। इसमें चीन, यूरोपीय संघ (ईयू), जापान, दक्षिण कोरिया, वियतनाम और बांग्लादेश सहित कई अन्य प्रमुख व्यापारिक साझेदार भी शामिल हैं।

यह कदम मार्च में शुरू की गई यूएसटीआर जांच के बाद सामने आया है। इस जांच का उद्देश्य यह पता लगाना था कि क्या कुछ विदेशी सरकारें बाजार की वास्तविक मांग से अधिक उत्पादन क्षमता बनाए रखने को बढ़ावा दे रही हैं, जिससे वैश्विक बाजारों में आपूर्ति अधिक हो रही है और व्यापार में असंतुलन पैदा हो रहा है।

अमेरिकी अधिकारियों का तर्क है कि अत्यधिक उत्पादन के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कीमतों पर दबाव पड़ता है और अमेरिकी विनिर्माण उद्योगों के लिए प्रतिस्पर्धा करना कठिन हो जाता है। उनका कहना है कि जांच का फोकस उन नीतियों पर था जिन्हें अमेरिका "अनुचित" या "भेदभावपूर्ण" मानता है और जो अमेरिकी व्यापारिक हितों को प्रभावित कर सकती हैं।

जांच के दायरे में बैटरियां, सीमेंट, रसायन और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद सहित कई क्षेत्र शामिल हैं। अमेरिका का दावा है कि अतिरिक्त उत्पादन वैश्विक बाजारों में वस्तुओं की बाढ़ ला सकता है, जिससे कीमतें गिरती हैं और घरेलू उद्योगों पर दबाव बढ़ता है।

इंडोनेशिया में सोने की अवैध खदान में बाढ़ आने से छह खनिकों की मौत, 20 के फंसे होने की आशंका

इंडोनेशिया में बचावकर्मियों ने बाढ़ से प्रभावित सोने की एक अवैध खदान से बुधवार को तीन और शव निकाले, जिससे इस घटना में जान गंवाने वाले खनिकों की संख्या बढ़कर छह हो गई।अधिकारियों ने कहा कि बाढ़ के कारण 20 अन्य खनिकों के खदान में फंसे होने की आशंका है और बचावकर्मी लगातार उनकी तलाश में जुटे हुए हैं।

पश्चिम जावा प्रांत की बोगोर रिजेंसी स्थित खदान में खनिक सोमवार रात सोने के कण निकालने के लिए खुदाई कर रहे थे, तभी भारी बारिश के कारण सिसेरेह नदी का पानी वहां घुस गया। राजधानी जकार्ता के दक्षिण में एक पहाड़ी क्षेत्र में स्थित इस खदान की गहराई करीब 100 मीटर (330 फुट) बताई गई है।

पश्चिम जावा पुलिस के प्रवक्ता हेंद्र रोचमावन ने कहा कि खदान में बाढ़ का पानी घुसने से पहले 11 खनिक बाहर निकल आए।

उन्होंने बताया कि स्थानीय खनिकों और निवासियों ने शुरू में पंप लगाकर पानी निकालने की कोशिश की, लेकिन हालात नियंत्रण से बाहर हो गए।

अधिकारियों के मुताबिक, प्राधिकारों को घटना के बारे में तत्काल सूचित नहीं किया गया, क्योंकि खनिक अवैध तरीके से खनन कर रहे थे।

बोगोर आपदा रोधी एजेंसी के आपात सेवा प्रमुख एम आदम हमदानी ने कहा, “समस्या यह थी कि किसी ने इसकी सूचना नहीं दी और कोई इसकी जानकारी भी नहीं देना चाहता था, क्योंकि गतिविधि अवैध थी।”

उन्होंने बताया कि पुलिस को बाढ़ आने के करीब 16 घंटे बाद खनिकों के खदान में फंसे होने की खबर मिली।

हमदानी ने बताया कि स्थानीय अधिकारियों, दमकलकर्मियों और अन्य एजेंसियों के प्रारंभिक आकलन के बाद सरकारी खनन कंपनी ‘पीटी अंतम’ ने मंगलवार आधी रात को जकार्ता खोज एवं बचाव एजेंसी को एक औपचारिक रिपोर्ट भेजी, जिसके आधार पर बड़े पैमाने पर बचाव अभियान शुरू किया गया।

उन्होंने बताया कि खोज एवं बचाव दल ने खदान से पानी निकालने के लिए सबमर्सिबल पंप का इस्तेमाल किया और उन जगहों को बंद करने की कोशिश की, जहां से भूजल अंदर आ रहा था।

पाकिस्तान: कराची में इमारत गिरने से बड़ा हादसा, कई लोग मलबे में दबे

पाकिस्तान के कराची में बुधवार को बलोच कॉलोनी के पास निर्माणाधीन छह मंजिला इमारत की ऊपरी मंजिलें ढह गईं, जिसमें कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। इस संबंध में स्थानीय मीडिया ने बचाव अधिकारियों के हवाले से जानकारी दी है।

पाकिस्तान के प्रमुख मीडिया संस्थान 'जियो न्यूज' की रिपोर्ट के मुताबिक, बचाव अधिकारियों ने बताया कि मलबे से अब तक 10 घायलों को बाहर निकाला गया है, जिनमें से एक की हालत गंभीर है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मलबे को हटाने के लिए मौके पर भारी मशीनें भेजी गई हैं। बचाव कार्य जारी है ताकि मलबे में फंसे अन्य लोगों को ढूंढा जा सके। बचाव अधिकारियों के मुताबिक, इमारत गिरने से पहले हिलने लगी थी।

'जियो न्यूज' की रिपोर्ट के अनुसार, सिंध बिल्डिंग कंट्रोल अथॉरिटी (एसबीसीए) ने बताया कि यह इमारत कराची में बलोच कॉलोनी के पास 'एडमिन सोसाइटी ब्लॉक 4' में ढही। अथॉरिटी ने बताया कि यह इमारत 600 वर्ग गज के प्लॉट पर बन रही थी, जिसमें ग्राउंड फ्लोर के अलावा पांच और मंजिलें बनाई जा रही थीं। साथ ही, यह भी आरोप है कि आवासीय जमीन पर व्यावसायिक निर्माण किया जा रहा था।

इससे पहले स्थानीय मीडिया के मुताबिक, 5 नवंबर को कराची में एक दुकान की छत गिरने से कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। पाकिस्तानी मीडिया ने 'रेस्क्यू 1122' के मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) आबिद शेख के हवाले से बताया कि यह घटना कराची में दुकान पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान हुई। उन्होंने बताया कि मलबे से तीन लोगों को निकालकर इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

रिपोर्टों से पता चलता है कि पाकिस्तान में इमारतें या उनकी छतें ढहना एक आम समस्या बन गई है। सुरक्षा नियमों का कमजोर पालन और घटिया निर्माण सामग्री अक्सर ऐसी त्रासदियों का कारण बनती रही है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए