
इजराइल में तेल अवीव के पास गोलीबारी में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई। इस हमले की जिम्मेदारी अल अक्सा ब्रिगेड ने ली है। आपको बता दें, पिछले सात दिनों में इजराइल में इस तरह का यह तीसरा हमला है, जिससे हाल में इस तरह के आतंकी हमलों में मरने वालों की संख्या 11 हो गई है। खबरों की मानें तो हमलावर मोटर साइकिल पर सवाल थे। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि जवाबी कार्रवाई में एक हमलावर की मौत हो गई, जबकि दूसरे को गिरफ्तार कर लिया गया है।
इजराइल के प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट ने एक कड़े संदेश में इस तरह के हमलों से ‘‘कड़ाई से’’ निपटने का संकल्प जताया। हमलों के बाद इजराइल की पुलिस अलर्ट पर है। बेनेट ने एक बयान में कहा, ‘‘इजरायल घातक अरब आतंकवाद का सामना कर रहा है। सुरक्षा बल इस पर काबू पाने का काम कर रहे हैं। हम दृढ़ता, तत्परता और कड़ाई से आतंकवाद से लड़ेंगे।’’
इजराइल के प्रधानमंत्री ने संकल्प जताते हुए कहा, ‘‘वे हमें यहां से नहीं हटाएंगे। हम जीतेंगे।’’ पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि गोलीबारी तेल अवीव के पास स्थित बनी ब्राक में दो अलग-अलग इलाकों में हुई। बताया जाता है कि पीड़ितों में से एक पुलिस अधिकारी है, जो हमलावर को रोकने की कोशिश कर रहा था, जबकि बाकी आम नागरिक थे। प्रधानमंत्री के विदेश मीडिया सलाहकार ने एक बयान में कहा कि इजराइल के प्रधानमंत्री बेनेट ने मंगलवार शाम को बनी ब्रैक और रमत गन में आतंकवादी हमलों की घटनाओं पर चर्चा करने के लिए एक सुरक्षा मंत्रणा बैठक आयोजित की। बयान में कहा गया, ‘‘बैठक में सुरक्षा बलों द्वारा उठाए जाने वाले कदमों पर भी चर्चा की गई।’’
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए