
डॉ. अब्दुर्राफे सल्फ़ी बिहार के प्रसिद्ध शिक्षण संस्थान ‘मिल्लत कॉलेज’ (बीबी पाकड़, लहेरियासराय, दरभंगा) के उर्दू एवं फ़ारसी विभाग से जुड़े हैं, जहां उनकी नियुक्ति 5 फरवरी 2020 को हुई थी। शिक्षण-प्रशिक्षण से उन्हें हमेशा लगाव रहा, इसलिए सहायक प्राध्यापक के रूप में स्थायी नियुक्ति से पहले भी वे शिक्षण कार्य से जुड़े रहे। उन्हें पढ़ने-लिखने का भी बहुत शौक़ है, जिसका प्रमाण उनकी प्रकाशित पुस्तकें ‘जदीद उर्दू क़सीदा’ और ‘आबशार-ए-नवा’ (संपादित) हैं। डॉ. अब्दुर्राफे की 2 पुस्तकें प्रकाशनाधीन भी हैं, जिनके नाम ‘जदीद उर्दू क़सीदा: मुक़द्दमा, मतन और हवाशी’ तथा ‘जदीद उर्दू नज़्म का हैयती व अरूज़ी निज़ाम’ हैं। उन्हें आधुनिक उर्दू क़सीदे के लिए दिल्ली उर्दू अकादमी की ओर से पुरस्कार भी मिल चुका है। एम.फिल. में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए भी उन्हें दिल्ली उर्दू अकादमी की ओर से सम्मानित किया गया है।
डॉ. ऐन रशीद के उपनाम से लिखने वाले अब्दुर्राफे सल्फ़ी का जन्म 1979 में बिहार के ऐतिहासिक शहर मधुबनी के बेनीपट्टी में हुआ था। उनके पिता का नाम हाफ़िज़ अब्दुल वासे सल्फ़ी है, जिन्हें क्षेत्र में बहुत आदर और सम्मान प्राप्त था। उन्होंने अपने बेटे अब्दुर्राफे का प्रारंभिक शिक्षा के लिए दाख़िला ‘सल्फ़िया जूनियर स्कूल’ में कराया, जो गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रसिद्ध था। इसके बाद 1987 में ‘मदरसा अहमदिया सल्फ़िया’ (दरभंगा) में दाख़िला लिया और जनवरी 1995 में वहां से शिक्षा पूरी की। इसके बाद अप्रैल 1995 में ‘पटना हाई स्कूल’ में नौवीं कक्षा में दाख़िला लिया और 1996 में मैट्रिक की परीक्षा उत्तीर्ण की। बिना किसी रुकावट के पढ़ाई का सिलसिला जारी रहा। उन्होंने 1998 में इंटरमीडिएट और 2002 में ‘पटना कॉलेज’ से स्नातक की डिग्री प्राप्त की। 2005 में उन्हें ‘पटना विश्वविद्यालय’ से स्नातकोत्तर की उपाधि भी मिल गई। इसके बाद अब्दुर्राफे ने राजधानी दिल्ली का रुख़ किया और ऐतिहासिक ‘जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय’ से 2008 में एम.फिल. तथा 2013 में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की। उन्होंने 2013 से 2019 तक ‘जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय’ में शोध सहयोगी के रूप में भी सेवाएं दीं।
‘मिल्लत कॉलेज’ की स्थापना किन उद्देश्यों को ध्यान में रखकर की गई और इस शिक्षण संस्थान की प्रमुख विशेषताएं क्या हैं?
‘मिल्लत कॉलेज’, दरभंगा की स्थापना 17 अक्टूबर 1956 को हुई थी, लेकिन विधिवत शिक्षण कार्य की शुरुआत ठीक एक वर्ष बाद, 17 अक्टूबर 1957 से हुई। शुरुआत से 1975 तक यह अल्पसंख्यक संस्थान रहा, लेकिन 1976 में ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय का अभिन्न अंग बन गया, जिससे इसका अल्पसंख्यक स्वरूप समाप्त हो गया। हालाँकि आज भी इस कॉलेज में 90 प्रतिशत से अधिक विद्यार्थी अल्पसंख्यक समुदाय से आते हैं। जब इस कॉलेज की नींव रखी गई, तो स्थानीय बच्चों के लिए शिक्षा और प्रशिक्षण की उच्च गुणवत्ता वाली व्यवस्था स्थापित करना इसके प्रमुख उद्देश्यों में शामिल था। यहाँ इंटरमीडिएट से लेकर एम.ए. (विज्ञान, कला और वाणिज्य) तक की शिक्षा की व्यवस्था की गई, ताकि स्थानीय विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य का रास्ता आसान हो सके। शुरुआत से ही ‘मिल्लत कॉलेज’ इस उद्देश्य में सफल रहा है, क्योंकि यहां से पढ़कर निकले हज़ारों विद्यार्थी चिकित्सा और इंजीनियरिंग के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में भी सेवाएं देकर संस्थान का नाम रोशन कर रहे हैं।
वर्तमान समय की बात करें तो यहां विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं, यानी बीपीएससी, यूपीएससी तथा चिकित्सा और इंजीनियरिंग की परीक्षाओं के लिए विशेष मार्गदर्शन दिया जाता है। कॉलेज में एनएसएस और एनसीसी की विधिवत इकाइयां भी हैं, जो हमेशा सक्रिय रहती हैं। कॉलेज का खेल विभाग भी काफ़ी सक्रिय है। इन तीनों विभागों के विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में अब तक कई पदक प्राप्त कर चुके हैं। यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी कि कॉलेज के ये तीनों विभाग विश्वविद्यालय के अन्य कॉलेजों से बेहतर प्रदर्शन करते हैं।
इस शिक्षण संस्थान के उर्दू विभाग में शिक्षण की ज़िम्मेदारियां निभाने वाली कुछ प्रमुख हस्तियों के बारे में बताएं। इस समय उर्दू विभाग में शिक्षकों और विद्यार्थियों की कितनी संख्या है?
‘मिल्लत कॉलेज’ के उर्दू विभाग में प्रोफेसर वलीउल्लाह सकती, प्रोफेसर दाऊद आलम, प्रोफेसर रिज़वानुल्लाह, प्रोफेसर मुश्ताक़ अहमद (पूर्व कुलसचिव), प्रोफेसर इफ़्तिख़ार अहमद, डॉ. सुहैल अहमद और डॉ. जमाल ओवैसी जैसी हस्तियों ने अपनी सेवाएं दी हैं। फ़िलहाल उर्दू एवं फ़ारसी विभाग से 6 शिक्षक जुड़े हुए हैं, जिनमें 4 उर्दू और दो फ़ारसी के हैं। जहां तक इस विभाग में कुल विद्यार्थियों की संख्या का सवाल है, यह संख्या 1850 से अधिक है। स्नातक (यूजी के 7 सेमेस्टर) में 1600 से अधिक और स्नातकोत्तर (पीजी के 2 सेमेस्टर) में 200 से अधिक विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।
आपने मदरसे और स्कूल, दोनों माध्यमों से शिक्षा प्राप्त की है। उर्दू के विकास में आप किसे आगे देखते हैं? जो पीछे है, उसमें सुधार के लिए आपका क्या सुझाव है?
मदरसे, स्कूल और कॉलेज या विश्वविद्यालय में उर्दू की शिक्षा का माहौल बहुत अलग-अलग है। अगर मदरसों की बात करें तो वहाँ विधिवत उर्दू के विकास को ध्यान में रखकर कोई विशेष गतिविधि देखने को नहीं मिलती। कुछ गतिविधियां ज़रूर ऐसी होती हैं, जिनसे अपने आप उर्दू के विकास का रास्ता निकल आता है। उदाहरण के लिए, साप्ताहिक अंजुमन में उर्दू भाषण का अभ्यास कराया जाता है, कभी-कभी बैतबाज़ी होती है, अरबी और फ़ारसी की पुस्तकें उर्दू में पढ़ाई जाती हैं आदि। मदरसों में विभिन्न विषयों की पुस्तकें भी आम तौर पर उर्दू में ही प्रकाशित होती हैं। इस तरह मदरसे अनजाने में ही सही, उर्दू के विकास का एक बेहतरीन माध्यम बन जाते हैं।
इसके विपरीत स्कूलों में उर्दू का विकास दाल में नमक के बराबर होता है। प्रारंभिक कक्षाओं से लेकर इंटरमीडिएट तक उर्दू की शिक्षा केवल एक विषय के रूप में दी जाती है। कभी-कभी यौम-ए-इक़बाल, यौम-ए-सर सैयद, यौम-ए-प्रेमचंद आदि के अवसर पर कार्यक्रम ज़रूर आयोजित होते हैं, लेकिन उनका कोई विशेष प्रभाव दिखाई नहीं देता। कॉलेज और विश्वविद्यालय स्तर पर उर्दू के विकास को ध्यान में रखकर कई गतिविधियां ज़रूर की जाती हैं। हालाँकि शिक्षकों को विद्यार्थियों पर बहुत मेहनत करनी पड़ती है, क्योंकि स्कूलों में उर्दू शिक्षा का स्तर आज भी उच्च श्रेणी का नहीं है। परिणामस्वरूप, कॉलेज और विश्वविद्यालय के शिक्षकों को वे चीज़ें भी पढ़ानी पड़ती हैं, जो स्कूल के पाठ्यक्रम का हिस्सा होती हैं। उर्दू भाषा के विकास और संरक्षण के लिए कुछ संस्थाएं, अंजुमनें और ट्रस्ट ज़रूर बढ़-चढ़कर काम कर रहे हैं, जो हमारे लिए बेहद ख़ुशी की बात है।
कॉलेज और विश्वविद्यालय के शिक्षकों के लिए हौसला तोड़ने वाली बात यह होती है कि विद्यार्थी उच्च शिक्षा के लिए उर्दू भाषा का चुनाव तो करते हैं, लेकिन उनमें रुचि की कमी होती है। शोध-पत्र पढ़ने, लेखन प्रतियोगिता और निबंध लेखन जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से उनमें रुचि पैदा करनी पड़ती है, जो एक कठिन काम है। बहुत प्रयासों के बाद कुछ विद्यार्थियों में रुचि पैदा होती है और वे उर्दू भाषा एवं साहित्य की सेवा के लिए आगे बढ़ते हैं।
एक और बात उल्लेखनीय है कि उर्दू विभाग में छात्राओं की संख्या बहुत अधिक होती है, जिन्हें पढ़ाई में कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इस समय लगभग 1850 विद्यार्थियों में छात्राओं की संख्या लगभग 1600 होगी। इनमें से अधिकतर छात्राएं दूर-दराज़ के इलाक़ों से कक्षा में शामिल होने के लिए कॉलेज आती हैं और हर गुज़रते दिन के साथ उनकी उपस्थिति कम होती चली जाती है। आप अंदाज़ा लगा सकते हैं कि इन छात्राओं को नियमित रूप से कक्षाओं में आने के लिए प्रेरित करना हम शिक्षकों के लिए कितना चुनौतीपूर्ण होता होगा। हम केवल छात्राओं से ही नहीं, बल्कि उनके अभिभावकों से भी संपर्क करते हैं और उन्हें समझाते हैं कि उर्दू के प्रति भावनात्मक लगाव पैदा करें, वरना इस भाषा की रक्षा करना मुश्किल हो जाएगा।
बिहार आपका गृह राज्य है और आपने दिल्ली में कई वर्ष रहकर उच्च शिक्षा प्राप्त की। इन दोनों क्षेत्रों में आपने उर्दू को कहां अधिक समृद्ध देखा?
जब मैं राजधानी दिल्ली में था, तो मैंने दिल्ली को बिहार की तुलना में अधिक समृद्ध देखा। हालांकि बिहार के कुछ बड़े शहरों में उर्दू की स्थिति काफ़ी अच्छी है। बिहार में जगह-जगह व्यक्तिगत और सामूहिक रूप से उर्दू के विकास के लिए गतिविधियाँ भी देखने को मिलती हैं, जो हालात को बेहतर बना रही हैं। रोज़गार के संबंध में बात करें तो पिछले कुछ वर्षों में स्कूलों के स्तर पर शिक्षकों की अच्छी संख्या में नियुक्तिया हुई हैं। बिहार के जिन स्कूलों में पहले उर्दू के शिक्षक नहीं थे, वहां अब नियुक्तियां होने से माहौल में बहुत बदलाव आया है। मैं व्यक्तिगत रूप से इसे उर्दू के लिए एक अच्छी पहल मानता हूँ और उम्मीद करता हूँ कि उर्दू की स्थिति और बेहतर होगी।
क्या आधुनिक तकनीक के इस दौर में उर्दू के विद्यार्थी बहुत पीछे नहीं हैं?
निश्चित रूप से आधुनिक तकनीक के इस दौर में उर्दू के विद्यार्थी पीछे हैं, लेकिन अब हालात तेज़ी से बदल रहे हैं। अब उर्दू के विद्यार्थी भी आधुनिक तकनीक में रुचि लेने लगे हैं और हम शिक्षकों के प्रयासों का असर भी दिखाई देने लगा है। विद्यार्थी अब बहुत आसानी से ऑनलाइन कक्षाओं में ‘गूगल मीट’ के माध्यम से शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराते हैं। उर्दू की विभिन्न वेबसाइटों से पुस्तकें और लेख पढ़ना भी उनके लिए बहुत आम हो गया है। आज के उर्दू विद्यार्थी कुछ सामग्री इंटरनेट से डाउनलोड करके उसकी पीडीएफ़ बनाने और उसे अपने मोबाइल में सुरक्षित रखने का हुनर भी जानते हैं। हालात हर गुज़रते दिन के साथ बेहतरी की ओर बढ़ रहे हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए