
मध्य पूर्व में तनाव चरम पर पहुंच गया है। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की पुष्टि के बाद ईरान की सेना की प्रमुख इकाई इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड (आईआरजीसी) ने दावा किया है कि उसने मिडिल ईस्ट में मौजूद 27 अमेरिकी सैन्य ठिकानों और इजरायल के कई अहम सैन्य परिसरों पर हमले किए हैं। यह जानकारी अल जजीरा की रिपोर्ट के हवाले से सामने आई है, जिसमें ईरानी सरकारी मीडिया का भी उल्लेख किया गया है।
ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार, IRGC ने कहा है कि वह अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर की गई बमबारी के जवाब में “छठी लहर” के तहत कार्रवाई कर रहा है। बयान में कहा गया है कि “विस्तृत मिसाइल और ड्रोन हमले” इजरायल और क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य अड्डों पर किए गए।
IRGC ने दावा किया कि 27 अमेरिकी सैन्य ठिकानों के अलावा इजरायल का तेल नोफ एयरबेस, तेल अवीव स्थित सेना का कमांड मुख्यालय हाकिर्या, और उसी शहर में स्थित एक बड़े रक्षा औद्योगिक परिसर को निशाना बनाया गया।
IRGC ने यह भी चेतावनी दी कि ईरानी बल “लगातार और कठोर बदले की कार्रवाई” करेंगे।
इस बीच कतर की राजधानी दोहा से कई धमाकों की आवाजें सुने जाने की खबर है। स्थानीय निवासियों के हवाले से बताया गया कि शहर के ऊपर आसमान में कम से कम 11 विस्फोटों की आवाज सुनी गई।
बाद में कतर के गृह मंत्रालय ने पुष्टि की कि ईरानी हमलों के बाद कुल 16 लोग घायल हुए हैं। मंत्रालय के अनुसार, अतिरिक्त आठ घायलों की पुष्टि के बाद कुल संख्या 16 हो गई। साथ ही विभिन्न इलाकों में “सीमित भौतिक नुकसान” की भी जानकारी दी गई है।
इसे भी पढ़ें: ईरानी सेना ने की खामेनेई की मौत की पुष्टि, कहा- हमने अपना सर्वोच्च लीडर खो दिया, ईरान में 40 दिनों का शोक घोषित
उधर, ईरानी हमलों के बीच इजरायल में बेचैनी है। देश के अलग-अलग हिस्सों में सायरन बचने की खबरें है। वहीं, इजरायल के चैनल 12 ने रिपोर्ट किया कि ईरान की ओर से मिसाइल लॉन्च किए जाने के कारण देशभर में एयर अटैक सायरन बजने की आशंका है। इससे इजरायल में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं।
अमेरिकी समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस (AP) की रिपोर्ट के मुताबिक, संयुक्त अरब अमीरात के दुबई में भी ईरानी हमलों का असर देखा गया है।
दुबई प्रशासन के अनुसार, हवाई अवरोधन (एरियल इंटरसेप्शन) के दौरान गिरे मलबे से शहर के प्रमुख समुद्री टर्मिनल जेबेल अली पोर्ट में आग लग गई। यह बंदरगाह पूर्वी एशिया के बाहर दुनिया का सबसे व्यस्त पोर्ट माना जाता है। आपातकालीन सेवाओं ने तुरंत पहुंचकर आग पर काबू पाने की कोशिश की।
इसके अलावा, ड्रोन को रोके जाने के बाद गिरे मलबे से दुबई के प्रतिष्ठित होटल बुर्ज अल अरब के बाहरी हिस्से में भी आग लगने की खबर है।
दुबई मीडिया कार्यालय ने यह भी बताया कि दुबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा को नुकसान पहुंचा और चार कर्मचारी घायल हो गए।
इसे भी पढ़ें: खामेनेई के बाद ईरान की कमान किसके हाथ? सुप्रीम लीडर की दौड़ में ये दो बड़े नाम
ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच चल रहे टकराव ने अब खाड़ी क्षेत्र को भी सीधे तौर पर प्रभावित करना शुरू कर दिया है। कतर और यूएई जैसे देशों में धमाकों और आगजनी की घटनाओं ने सुरक्षा चिंताओं को बढ़ा दिया है।
हालांकि, इन घटनाओं के बाद संबंधित देशों की ओर से विस्तृत आधिकारिक सैन्य प्रतिक्रिया की जानकारी अभी सामने आनी बाकी है।
स्थितियां तेजी से बदल रही है और आगे के घटनाक्रम पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर बनी हुई है।
ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई, शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों और उनके परिवार के सदस्यों की अमेरिका-इजरायल हमलों में मौत।
ईरान सरकार ने बताया कि राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन समेत एक अंतरिम परिषद नई नेतृत्व नियुक्ति तक देश संभालेगी। 24 प्रांतों में हमलों में कम से कम 201 लोगों की मौत।
इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड ने बदले की कसम खाते हुए 27 अमेरिकी ठिकानों और तेल अवीव स्थित इजरायली सैन्य ठिकानों पर हमले का दावा किया। कतर और यूएई में धमाकों की आवाजें जारी।
ईरान के जवाबी हमले इजरायल और अमेरिका की संपत्तियों को कतर, यूएई, कुवैत, बहरीन, जॉर्डन, सऊदी अरब और इराक समेत कई देशों में निशाना बना रहे हैं।
क्षेत्र के कई देशों ने बढ़ते हमलों के बीच एहतियातन अपना हवाई क्षेत्र अस्थायी रूप से बंद कर दिया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ने कहा कि ईरान पर बमबारी “पूरे सप्ताह या जरूरत पड़ने तक” जारी रहेगी।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए