
ईरान में सर्वोच्च नेता अयातुल्ला खामेनेई को सुपुर्द-ए-खाक किए जाने के आखिरी दिन एक ओर हजारों लोग श्रद्धांजलि देने पहुंचे, वहीं दूसरी ओर देश के कई शहरों में हुए धमाकों ने तनाव और बढ़ा दिया। बुशहर, कोनारक, चाबहार और बंदर अब्बास समेत कई इलाकों से विस्फोटों की खबरें सामने आई हैं। इस बीच अमेरिका ने इन धमाकों में किसी भी तरह की भूमिका से इनकार किया है। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच भी फोन पर बातचीत हुई है।
अयातुल्ला खामेनेई को सुपुर्द-ए-खाक किए जाने के आखिरी दिन बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। प्रार्थना का नेतृत्व उनके बेटे मुस्तफा खामेनेई ने किया, जबकि नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई कार्यक्रम में मौजूद नहीं थे। इसी दौरान ईरानी मीडिया ने बुशहर, कोनारक, चाबहार और बंदर अब्बास में धमाकों की खबर दी। मेहर न्यूज एजेंसी के अनुसार, कोनारक शहर में तीन धमाकों की आवाज सुनी गई, जबकि बुशहर और चोगादक से भी विस्फोट की सूचनाएं मिलीं।
अब तक इन विस्फोटों के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि धमाके किसी हमले, सैन्य गतिविधि या किसी अन्य वजह से हुए हैं। स्थानीय अधिकारी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से इन धमाकों के कारण या किसी संभावित हमले की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। हालांकि, अमेरिका ने साफ कहा है कि उसका इन नए धमाकों से कोई संबंध नहीं है।
तनावपूर्ण हालात के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से फोन पर बातचीत की। इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, दोनों नेताओं ने अलग-अलग क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच करीबी तालमेल बनाए रखने पर सहमति जताई। इस दौरान ट्रंप ने नेतन्याहू को खाड़ी क्षेत्र में हाल में हुई अमेरिकी गतिविधियों की भी जानकारी दी।
उधर, IRGC से जुड़ी फार्स न्यूज एजेंसी के मुताबिक, पिछली रात अमेरिकी हवाई हमलों में ईरान की वायुसेना और नौसेना के कुल 8 सैनिकों की मौत हुई है। इन घटनाओं के बाद क्षेत्र में तनाव और गहरा गया है, जबकि ईरान में हुए ताजा धमाकों की वजह को लेकर जांच अभी जारी है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए