दुनिया

इजरायल ने गाजा पर फिर की बमबारी, 24 फिलिस्तीनियों की मौत

गाजा के नागरिक सुरक्षा ने एक बयान में कहा कि गाजा शहर के पूर्व में स्थित अल-सैयद अली इलाके में शुक्रवार को हवाई हमले किए गए, जिसमें चार बच्चों और एक महिला समेत सात लोगों की मौत हो गई।

फाइल फोटोः IANS
फाइल फोटोः IANS 

इजरायल ने एक बार फिर गाजा को निशाना बनाया है। खबरों के मुताबिक, इजरायली लड़ाकू विमानों ने गाजा पट्टी पर हमले किए, जिसमें 24 फिलिस्तीनियों की मौत हो गई। इसके साथ ही इजरायली सेना ने चेतावनी दी कि वह उत्तरी गाजा में एक अस्पताल पर बमबारी करेगी।

गाजा के नागरिक सुरक्षा ने एक बयान में कहा कि गाजा शहर के पूर्व में स्थित अल-सैयद अली इलाके में शुक्रवार को हवाई हमले किए गए, जिसमें चार बच्चों और एक महिला समेत सात लोगों की मौत हो गई।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, इससे पहले गाजा शहर के पश्चिम में अल-शिफा अस्पताल के एंट्री गेट के पास हुए हवाई हमले में पांच लोगों की मौत हो गई और कुछ घायल हो गए थे।

इस बीच, अल-अहली अरब अस्पताल ने पुष्टि की कि उसे गाजा शहर के पश्चिम में अल-नस्र स्ट्रीट पर हवाई हमले में मारे गए पांच लोगों के शव मिले हैं। पैरामेडिक्स ने बताया कि अल-जैतून और अल-सबरा इलाकों में हवाई हमलों के बाद मेडिकल टीमों ने तीन बच्चों सहित पांच और शव बरामद किए।

इसके अलावा मध्य गाजा में दो लोगों की मौत उस समय हुई, जब एक इजरायली हमले ने अल-जावीदा शहर में एक नागरिक कार को निशाना बनाया। अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि शवों को डेर अल-बलाह के अल-अक्सा अस्पताल ले जाया गया।

इस बीच, उत्तरी गाजा में अल-अवदा अस्पताल ने कहा कि उसे इजरायली सेना से तुरंत खाली करने या बमबारी का सामना करने की चेतावनी मिली है। अस्पताल ने अपने परिसर के आसपास गोलाबारी की भी सूचना दी है।

हालांकि, इजरायली सेना ने इन घटनाओं पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। लेकिन, उसने शुक्रवार को कहा कि इजरायली वायु सेना ने कमांड सेंटर और नियंत्रण सुविधाओं सहित 40 से अधिक हमास के ठिकानों पर हमला किया था।

दरअसल, ये हमले 7 अक्टूबर 2023 को दक्षिणी इजरायल पर हमास के घातक हमले के बाद गाजा में इजरायल की ओर से चलाए गए सैन्य अभियान का हिस्सा हैं, उस हमले में लगभग 1,200 लोग मारे गए थे और 250 अन्य बंधक बनाए गए थे।

गाजा स्थित स्वास्थ्य अधिकारियों ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि गाजा में जारी इजरायली हमलों में फिलिस्तीनी मृतकों की संख्या 45,658 हो गई है, तथा 108,583 लोग घायल हुए हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान इजरायली सेना ने 77 लोगों की हत्या की है। इसके अलावा 145 अन्य घायल हुए हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए