
अफगानिस्तान के कुनार प्रांत में पाकिस्तान की ओर से की गई एयरस्ट्राइक के बाद दोनों देशों के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, हमले में कम से कम तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि पाकिस्तानी विमानों ने कुनार के अलावा पूर्वी अफगानिस्तान के पक्तिका में भी हवाई कार्रवाई की। कुनार के नुर्गल जिले के पतंग इलाके में स्थानीय लोगों ने रात करीब 3:30 बजे विमानों की आवाज सुनने और बम गिराए जाने की जानकारी दी है। हमले के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और नुकसान का पूरा आकलन अभी किया जा रहा है।
स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, नुर्गल जिले में नूर मोहम्मद के घर पर भी बम गिराए गए। दावा है कि हमले में मकान पूरी तरह तबाह हो गया और घटनास्थल से बम के अवशेष बरामद किए गए हैं। हालांकि, इस घर में उस वक्त कितने लोग मौजूद थे और यहां कितनी क्षति हुई, इसकी स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
यह एयरस्ट्राइक ऐसे समय में सामने आई है जब पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में एक पुलिस परिसर पर बड़ा हमला हुआ था। रॉयटर्स के अनुसार, 18 सितंबर को कोहाट में हुए आत्मघाती हमले में कम से कम 16 लोगों की मौत हुई थी और 57 लोग घायल हुए थे। बाद में मृतकों की संख्या 31 बताई गई।
पाकिस्तानी अधिकारियों ने सीमा पार मौजूद आतंकवादी ठिकानों को लेकर अफगानिस्तान पर आरोप लगाए हैं, जबकि काबुल की तालिबान सरकार इन आरोपों को खारिज करती रही है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए