
अमेजन का एक मालवाहक विमान रविवार को मियामी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरते समय रनवे से बाहर निकल गया। इसके बाद विमान कई वाहनों से टकरा गया और उसमें आग लग गई। इस हादसे में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई।
मियामी-डेड काउंटी के अधिकारियों के मुताबिक, विमान प्यूर्टो रिको के सैन जुआन से आया था और दोपहर करीब दो बजे हवाई अड्डे पर उतरा। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि दो अन्य लोगों को भी चोटें आईं और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। अधिकारियों ने बताया कि अभी यह साफ नहीं है कि जिन पांच लोगों की मौत हुई, वे विमान में सवार थे या उन वाहनों में मौजूद थे, जिनसे विमान टकराया था।
हादसे के बाद मौके पर चारों तरफ धुआं फैल गया। दमकल विभाग के प्रमुख रे जडाल्ला ने बताया कि विमान के पायलट और सह-पायलट कॉकपिट में फंस गए थे। वहीं, कुछ लोग कारों के अंदर और एक व्यक्ति वाहन के नीचे फंसा हुआ था। राहत और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर लोगों को बाहर निकालने का काम शुरू किया। विमान से कई घंटे बाद तक ईंधन का रिसाव होता रहा। इस वजह से दमकलकर्मियों को आग बुझाने और स्थिति को नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे के कारण मियामी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कुछ समय के लिए उड़ानें भी रोक दी गईं।
यह विमान नॉर्थ कैरोलाइना की कंपनी 21 एयर द्वारा संचालित किया जा रहा था। फ्लाइटरडार24 के अनुसार, यह करीब 32 साल पुराना बोइंग 767 विमान था। इसे शुरुआत में यात्रियों को ले जाने के लिए बनाया गया था, लेकिन 2015 में इसे मालवाहक विमान में बदल दिया गया था। हादसे की जांच के लिए राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) ने एक टीम मियामी भेजने का फैसला किया है। टीम की अगुवाई बोर्ड की अध्यक्ष जेनिफर होमेंडी करेंगी।
अमेजन ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि कंपनी जांच में पूरा सहयोग करेगी। कंपनी ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों और इस घटना से प्रभावित सभी लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए