दुनिया

ट्रंप ने मोदी सरकार को दिया झटका! अवैध भारतीय प्रवासियों को लेकर पहला विमान टेक्सास से रवाना

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने अवैध प्रवासन पर नकेल कसने की कसम खाई है जो उनके चुनाव अभियान का मुख्य मुद्दा था। 24 जनवरी से ग्वाटेमाला, पेरू, होंडुरास और अन्य देश के नागरिक इसी तरह वापस भेजे गए। अवैध भारतीय प्रवासियों के खिलाफ वाशिंगटन की यह पहली कार्रवाई है।

ट्रंप ने मोदी सरकार को दिया झटका! अवैध भारतीय प्रवासियों को लेकर पहला विमान टेक्सास से रवाना
ट्रंप ने मोदी सरकार को दिया झटका! अवैध भारतीय प्रवासियों को लेकर पहला विमान टेक्सास से रवाना फोटोः IANS

अमेरिका में अवैध आव्रजन के खिलाफ कार्रवाई जारी है। इस बीच एक अमेरिकी सी-17 सैन्य विमान करीब 200 अवैध प्रवासियों को लेकर मंगलवार को टेक्सास से भारत के लिए रवाना हुआ। डोनाल्ड ट्रंप के पिछले महीने राष्ट्रपति पद संभालने के बाद अवैध भारतीय प्रवासियों के खिलाफ वाशिंगटन की यह पहली कार्रवाई है।

यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच 27 जनवरी को फोन पर हुई विस्तृत चर्चा और प्रधानमंत्री मोदी की आगामी 13-14 फरवरी की वाशिंगटन यात्रा से पहले उठाया गया है, जिसे मोदी सरकार के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। 24 जनवरी से ग्वाटेमाला, पेरू, होंडुरास और अन्य देशों के लिए इसी तरह की निर्वासन उड़ानें रवाना हुईं।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने अवैध प्रवासन पर नकेल कसने की कसम खाई है जो उनके राष्ट्रपति चुनाव अभियान का मुख्य मुद्दा रहा है। दूसरी बार पदभार संभालने के कुछ ही घंटों के भीतर, ट्रंप ने जन्मजात नागरिकता को समाप्त करने और अमेरिका-मेक्सिको सीमा पर सैनिकों को तैनात करने का फैसला किया था।

इससे पहले 27 जनवरी को मोदी से फोन पर हुई बातचीत के बाद, अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा था कि भारत अवैध प्रवासियों के निर्वासन के मुद्दे पर 'वही करेगा जो सही होगा।' इससे पहले विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा था कि नई दिल्ली अमेरिका सहित विदेशों में 'अवैध रूप से' रह रहे भारतीय नागरिकों की 'वैध वापसी' के लिए तैयार है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए