दुनिया

दुनिया की खबरें: होर्मुज के पास तेल टैंकर पर हमला, 3 भारतीय नाविक सुरक्षित और फिजी में अल नीनो से गहराया जल संकट

सोनोवाल ने कहा, "18 नवंबर को लाइबेरिया-ध्वज वाले कच्चे तेल के टैंकर 'एमटी नेविग-8 मेसी', जिस पर तीन भारतीय नाविक सवार थे, पर फारस की खाड़ी में होर्मुज स्‍ट्रेट की ओर बढ़ते समय प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया।"

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

लाइबेरिया के झंडे वाले कच्चे तेल के टैंकर 'एमटी नेविग-8 मेसी' पर बुधवार को फारस की खाड़ी में होर्मुज स्‍ट्रेट के पास पहुंचते समय एक प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया। जहाज पर सवार तीन भारतीय नाविकों समेत पूरा चालक दल सुरक्षित है। घटना के बाद भारतीय अधिकारी स्थिति पर कड़ी नजर रख रहे हैं।

केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी देते हुए बताया कि यह हमला 18 नवंबर को हुआ। उन्होंने बताया कि जहाज पर मौजूद तीनों भारतीय नागरिक और अन्य सभी चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं और सभी का पता है। किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, एक भारतीय अधिकारी को प्राथमिक उपचार और चिकित्सकीय जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है।

सोनोवाल ने कहा, "18 नवंबर को लाइबेरिया-ध्वज वाले कच्चे तेल के टैंकर 'एमटी नेविग-8 मेसी', जिस पर तीन भारतीय नाविक सवार थे, पर फारस की खाड़ी में होर्मुज स्‍ट्रेट की ओर बढ़ते समय प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया।"

उन्होंने बताया कि सरकार जहाज प्रबंधन कंपनी के साथ लगातार संपर्क में है और हालात पर करीबी नजर रख रही है, ताकि चालक दल के सभी सदस्यों की सुरक्षा और कुशलता सुनिश्चित की जा सके।

यह घटना होर्मुज स्‍ट्रेट की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच हुई है। यह स्‍ट्रेट दुनिया भर में ऊर्जा आपूर्ति और तेल परिवहन के लिए सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक माना जाता है। यह हमला उस घटना के सिर्फ दो दिन बाद हुआ है, जब 16 नवंबर को पनामा के झंडे वाले एलपीजी टैंकर 'एमटी तारा गैस' पर मिसाइल हमला हुआ था। उस जहाज पर 24 भारतीय नाविक सवार थे।

'अल नीनो' के असर से फिजी में जल संकट गहराया, पूरे देश में राष्ट्रीय आपदा घोषित

अल नीनो के कारण लंबे समय से चल रहे सूखे और बढ़ती पानी की कमी को देखते हुए फिजी सरकार ने पूरे देश में राष्ट्रीय आपदा की स्थिति घोषित कर दी है।

फिजी के प्रधानमंत्री सितिवेनी राबुका ने बुधवार को बताया कि 'नेशनल डिजास्टर रिस्क मैनेजमेंट काउंसिल' की सलाह के बाद कैबिनेट ने यह फैसला लिया। आकलन में पाया गया कि 'नेशनल एल नीनो प्रिपेयर्डनेस एंड रिस्पॉन्स प्लान' के तहत संकट की स्थिति वाले सभी मानक पूरे हो चुके हैं।

सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने आपात सहायता और प्रभावित समुदायों की मदद के लिए दो करोड़ फिजी डॉलर (करीब 89 लाख अमेरिकी डॉलर) की राशि मंजूर की है।

उन्होंने बताया कि सरकार की प्राथमिकता लोगों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना, आपातकालीन जल आपूर्ति को मजबूत करना, सार्वजनिक स्वास्थ्य और स्वच्छता की रक्षा करना तथा किसानों की आजीविका को सहारा देना है।

राबुका ने कहा कि दूरदराज के इलाकों, द्वीपीय समुदायों और उन कमजोर लोगों पर खास ध्यान दिया जाएगा, जिन्हें पानी और जरूरी सेवाओं तक पहुंचने में दिक्कत हो रही है। सहायता उपायों के तहत महिला, बाल एवं सामाजिक सुरक्षा मंत्रालय ने परिवहन सहायता योजना के तहत मिलने वाली मासिक अतिरिक्त राशि बढ़ा दी है, ताकि लोग अल नीनो के असर से बढ़ती लागत का सामना कर सकें।

प्रधानमंत्री के अनुसार, पिछले एक महीने में प्रभावित द्वीपीय क्षेत्रों में 20 लाख लीटर से अधिक आपातकालीन पानी पहुंचाया गया है। वहीं, 'वाटर अथॉरिटी ऑफ फिजी' (डब्‍ल्‍यूएएफ) ने भी मुख्य भूमि के कई इलाकों में जरूरी पानी की आपूर्ति की है।

ओडेसा के रिहायशी इलाके में रूसी ड्रोन हमले में कई लोगों की मौत, यूक्रेन को यूरोपीय संघ से 45 अरब यूरो मदद की उम्‍मीद

ओडेसा के केंद्र में रिहायशी इलाके पर रूसी 'शहेद' ड्रोन हमले में कई लोगों की जान गई और कई घायल हुए। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इसे आम लोगों पर जानबूझकर किया गया क्रूर हमला बताते हुए रूस पर अंतरराष्ट्रीय दबाव बढ़ाने और समर्थन जारी रखने की अपील की है।

राष्ट्रपति जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर हमले की जानकारी साझा करते हुए बताया क‍ि ओडेसा में रूसी ड्रोन हमलों से प्रभावित लोगों को मदद दी जा रही है। बचावकर्मी और पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद भी हमले जारी रहे।

उन्‍होंने बताया क‍ि 'शहेद' ड्रोन ने ओडेसा के बिल्कुल केंद्र में एक रिहायशी इलाके को निशाना बनाया। दुर्भाग्य से, इसमें कुछ लोगों की जान चली गई है। घटनास्थल पर अभी भी हमले के बाद की स्थिति से निपटा जा रहा है। सभी घायलों को जरूरी इलाज और देखभाल दी जा रही है।

राष्ट्रपति ने कहा क‍ि यह एक क्रूर और जानबूझकर किया गया हमला था, जिसका सीधा निशाना आम लोग और इंसानी जानें थीं। यह इस बात का एक और सबूत है कि रूस असल में क्या चाहता है और कूटनीतिक प्रयासों को वह किस नजरिए से देखता है।

उन्‍होंने कहा कि जब तक रूस पर अंतरराष्ट्रीय दबाव नहीं बढ़ाया जाता और यूक्रेन को वास्तविक समर्थन नहीं मिलता, तब तक रूस के पास तनाव कम करने और शांति की दिशा में आगे बढ़ने का कोई ठोस कारण नहीं होगा। जो कोई भी शांति के लिए बातचीत करना चाहता है, वह हत्याओं को और नहीं बढ़ाता।

जेलेंस्की ने कहा, ''मैं उन सभी लोगों को धन्यवाद देता हूं जो इस बात को समझते हैं और यूक्रेन को लगातार जरूरी समर्थन दे रहे हैं। हम यूक्रेन की सुरक्षा के लिए और उपाय कर रहे हैं, नए सहायता पैकेज तैयार कर रहे हैं और कूटनीति को बढ़ावा देने के लिए अपने सहयोगियों के साथ मिलकर नए कदम उठा रहे हैं।''

जेलेंस्‍की ने एक अन्‍य पोस्‍ट में ल‍िखा, ''यूक्रेन ने कहा कि यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन के साथ पहले हुई चर्चा अब एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आ रही है, जो यूक्रेन की मजबूती और कूटनीतिक प्रयासों को बड़ा सहारा दे सकती है।''

बाब-अल-मंदेब स्‍ट्रेट के पास मालवाहक जहाज डूबा, दो भारतीय नाविक बचाए गए, एक अब भी लापता

नैरोबी स्थित भारतीय उच्चायोग ने बुधवार को बताया कि‍ बाब-अल-मंदेब स्‍ट्रेट के पास मालवाहक जहाज 'अल-फतेह' के डूबने के बाद दो भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय अब भी लापता है।

भारतीय मिशन ने बताया कि वह संबंधित अधिकारियों और अन्य पक्षों के साथ लगातार संपर्क में है, ताकि बचाए गए दोनों नाविकों की सुरक्षित भारत वापसी सुनिश्चित की जा सके और लापता नाविक की तलाश में चल रहे प्रयासों में पूरा सहयोग दिया जा सके।

सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्स' पर साझा किए गए अपने बयान में भारतीय उच्चायोग ने कहा, "नैरोबी में भारतीय उच्चायोग मालवाहक जहाज अल-फतह से बचाए गए दो भारतीय नाविकों की सुरक्षित स्वदेश वापसी के लिए हर संभव मदद कर रहा है। यह जहाज बाब-अल-मंदेब स्‍ट्रेट के पास डूब गया था। एक तीसरा भारतीय नाविक अभी भी लापता है और उसकी तलाश जारी है।"

उच्चायोग ने कहा, "हम संबंधित अधिकारियों, शिपिंग एजेंट और बचाए गए नाविकों के साथ लगातार संपर्क में हैं, ताकि उनकी वापसी की प्रक्रिया पूरी की जा सके और लापता भारतीय चालक दल के सदस्य का पता लगाने के प्रयासों में सहायता मिल सके।"

यह घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब एक दिन पहले ही भारत ने होर्मुज स्‍ट्रेट में पनामा के झंडे वाले एलपीजी टैंकर 'एमटी तारा गैस' पर हुए हमले की कड़ी निंदा की थी।

विदेश मंत्रालय (एमईए) ने मंगलवार को बताया था कि जहाज पर मौजूद 24 भारतीय नागरिकों में से 21 को सुरक्षित निकालकर ओमान के खासाब तट पर पहुंचा दिया गया है। वहीं, दो घायल भारतीय चालक दल के सदस्यों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि एक भारतीय लापता है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए