दुनिया

दुनिया की खबरें: आतंकवाद के सवाल पर बगलें झांकते दिखे पाक मंत्री, अजरबैजान में नौकरी करने गया भारतीय युवक लापता

पाकिस्तानी मंत्री से सीमा पार आतंकवाद को लेकर सवाल पूछा गया था। इस पर उन्होंने कहा, "हम इस बारे में बात करेंगे। अभी सबसे पहली बात यह है कि यह मंच खुद बहुपक्षीय है।

आतंकवाद के सवाल पर बगलें झांकते दिखे पाक मंत्री
आतंकवाद के सवाल पर बगलें झांकते दिखे पाक मंत्री फोटोः सोशल मीडिया

भारत में सीमा पार आतंकवाद के मुद्दे पर पूछे गए सवाल पर पाकिस्तान के संघीय मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने सीधे जवाब देने से बचते हुए कहा कि इस मंच पर द्विपक्षीय नहीं, बल्कि बहुपक्षीय मुद्दों पर बातचीत होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस विषय पर भी बातचीत की जाएगी, लेकिन फिलहाल एससीओ मंच पर बहुपक्षीय मामलों पर चर्चा होनी चाहिए।

नई दिल्ली में आयोजित पहले शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) सभ्यतागत संवाद मंच से इतर पाकिस्तानी मंत्री से सीमा पार आतंकवाद को लेकर सवाल पूछा गया था। इस पर उन्होंने कहा, "हम इस बारे में बात करेंगे। अभी सबसे पहली बात यह है कि यह मंच खुद बहुपक्षीय है। इसलिए आपको बहुपक्षीय मामलों पर बात करनी चाहिए। आज आपने जो कहा, उसमें भी आपने किसी द्विपक्षीय मुद्दे का उल्लेख नहीं किया। यहां होने वाली सभी चर्चाएं बहुपक्षीय हैं और हम भी यहां बहुपक्षीय बातचीत करने आए हैं। इसलिए आपको भी हमसे बहुपक्षीय मुद्दों पर बात करनी चाहिए। कल या परसों, जब हम बातचीत करेंगे..."

इससे पहले मुसादिक मसूद मलिक ने एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच का स्वागत करते हुए कहा था कि यह आयोजन क्षेत्र के सभी देशों को एक साथ आने और सीमाओं से परे विचारों पर चर्चा करने का अवसर प्रदान करता है।

उन्होंने कहा कि विभिन्न सभ्यताओं और संस्कृतियों के बीच संवाद होना अच्छी बात है और ऐसे आयोजनों की संख्या बढ़नी चाहिए। पूरा क्षेत्र इस समय बदलाव के दौर से गुजर रहा है और भू-राजनीतिक परिस्थितियां भी तेजी से बदल रही हैं। ऐसे में उन मुद्दों पर बातचीत करना जरूरी है, जो सभी देशों को प्रभावित करते हैं।

पाकिस्तानी मंत्री ने विभिन्न संस्कृतियों और सभ्यताओं के प्रभावों पर चर्चा को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा था कि यह एक स्वागत योग्य पहल है। उन्होंने एससीओ का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे मंच क्षेत्र के देशों को एक साथ आने और सीमाओं से परे विचारों पर चर्चा करने का अवसर देते हैं।

नौकरी के लिए अजरबैजान गया युवक लापता, रूसी सेना में भर्ती होने की आशंका पर परिवार ने लगाई पीएम से गुहार

असम में कछार जिले के एक परिवार लापता बेटे को खोजने के लिए केंद्र सरकार से मदद मांगी है। परिवार का कहना है कि युवक रोजगार की तलाश में विदेश गया था, लेकिन कई महीनों से उसका कोई पता नहीं चल रहा है। उन्होंने आशंका जताई है कि युवक को रूसी सेना में भर्ती कर लिया गया है और वह रूस-यूक्रेन युद्ध में फंस गया हो सकता है। परिजनों ने सरकार से उसके बारे में जानकारी जुटाने और उसे सुरक्षित वापस लाने की अपील की है।

अब्दुल मुक्तादिर लस्कर (जिन्हें मुन्ना के नाम से भी जाना जाता है) के परिवार ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा से अपील की है कि वे राजनयिक माध्यमों से हस्तक्षेप करें और मुक्तादिर की सुरक्षित भारत वापसी सुनिश्चित करें।

बराक घाटी के कछार जिले के सोनाई इलाके में तुलारग्राम पार्ट-1 के रहने वाले मुक्तादिर लस्कर अजरबैजान में नौकरी मिलने के बाद जुलाई में घर से निकले थे। अगस्त के बाद से उनके परिवार को उनके ठिकाने के बारे में कोई पक्की जानकारी नहीं मिली है।

रिश्तेदारों के अनुसार, यात्रा रिकॉर्ड से पता चलता है कि 14 जुलाई को उनके नाम पर मुंबई से बाकू होते हुए मॉस्को जाने का टिकट बुक किया गया था।

बताया जा रहा है कि 30 जुलाई को भारत लौटने के लिए भी एक टिकट बुक किया गया था, लेकिन परिवार को यह नहीं पता चल पाया है कि उन्होंने वापसी की उड़ान ली या नहीं।

पत्नी सलमा ने आखिरी बार 26 अगस्त को उनसे बात की थी। तब से संपर्क पूरी तरह टूट गया है, जिससे परिवार बहुत परेशान है।

सोशल मीडिया पर एक तस्वीर सामने आने के बाद परिवार की चिंता और बढ़ गई है। इस तस्वीर में मुक्तादिर कुछ विदेशी नागरिकों के साथ खड़े दिख रहे हैं, जिन्होंने रूसी सेना की वर्दी पहनी हुई है।

हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के पावर प्लांट, बंदरगाहों और वित्तीय केंद्र को निशाना बनाने की धमकी दी

सीमा पार तनाव बढ़ने के बीच, यमन के हूती समूह ने शुक्रवार को सऊदी अरब के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में एक पावर प्लांट, लाल सागर पर स्थित सऊदी बंदरगाहों और रियाद में एक वित्तीय केंद्र पर हमला करने की धमकी दी। साथ ही उसने एयरलाइंस को सऊदी हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल न करने की चेतावनी भी दी। दोनों पक्षों के बीच सीमा पार तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है।

हूती के सैन्य प्रवक्ता याह्या सारेया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर ल‍िखा, ''सऊदी अरब के जाजान क्षेत्र में स्थित अल-शुकैक पावर प्लांट और रियाद का एक वित्तीय केंद्र अब हूती बलों के संभावित सैन्य लक्ष्य हैं। यह कदम यमन के उत्तरी सादा प्रांत और दक्षिण-पश्चिमी ताइज प्रांत के मोचा शहर में बिजली संयंत्रों पर कथित सऊदी हमलों के जवाब में उठाया जाएगा।''

उन्होंने इन इलाकों में काम करने वाले कर्मचारियों, मजदूरों और आसपास रहने वाले लोगों से तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, इससे पहले दिन में एक अलग बयान में सारेया ने चेतावनी दी थी कि अगर सऊदी अरब ने हूती नियंत्रित होदेइदाह पर हवाई हमले किए, तो जेद्दा और 'लाल सागर तट पर स्थित सभी सऊदी बंदरगाह' हूती हमलों के निशाने पर होंगे।

उन्होंने बंदरगाह कर्मचारियों और आसपास रहने वाले लोगों से वहां से हटने को कहा, जबकि शिपिंग कंपनियों से अपने जहाज इन बंदरगाहों से निकालने की अपील की।

हूती प्रवक्ता ने सऊदी हवाई क्षेत्र को भी 'असुरक्षित' बताते हुए कहा कि आने वाले घंटों में यह हूती सैन्य अभियानों का क्षेत्र बन सकता है। उन्होंने कहा कि मक्का और मदीना के ऊपर का हवाई क्षेत्र इससे बाहर रहेगा।

उधर, सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के प्रवक्ता तुर्की अल-मलिकी ने शुक्रवार को 'एक्‍स' पर कहा कि नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें होदेइदाह बंदरगाह खाली करने के निर्देश दिए गए हैं। लाल सागर पर स्थित होदेइदाह बंदरगाह हूती नियंत्रण वाला एक महत्वपूर्ण बंदरगाह है, जहां से खाद्य सामग्री, ईंधन और मानवीय सहायता की आपूर्ति होती है।

चीन में बेरोजगारी का संकट आधिकारिक आंकड़ों से कहीं ज्यादा गहरा: रिपोर्ट

चीन के श्रम बाजार में बेरोजगारी और अल्परोजगार की स्थिति आधिकारिक आंकड़ों में दिखाई देने वाली तस्वीर से कहीं अधिक गंभीर हो सकती है। एक नई रिपोर्ट में कहा गया है कि देश में अस्थायी रोजगार और गिग वर्क (अस्थायी काम) पर निर्भरता बढ़ने से रोजगार की चुनौतियां गहरा रही हैं।

नेपाल आजा की रिपोर्ट के अनुसार, चीन में सितंबर में शहरी बेरोजगारी की आधिकारिक दर 5.2 प्रतिशत दर्ज की गई थी। हालांकि, रिपोर्ट में इस आंकड़े को वास्तविक स्थिति का सही प्रतिबिंब नहीं बताया गया है। इसकी वजह आधिकारिक सर्वेक्षणों में अपनाई जाने वाली कार्यप्रणाली है, जिसके तहत सीमित अवधि के लिए भुगतान वाला काम करने वाले लोगों को भी रोजगार प्राप्त माना जाता है।

रिपोर्ट के मुताबिक, सिंघुआ विश्वविद्यालय के एक प्रमुख अर्थशास्त्री ने हतोत्साहित होकर नौकरी की तलाश छोड़ चुके लोगों को भी शामिल करते हुए व्यापक आकलन किया है। इसके आधार पर चीन की वास्तविक बेरोजगारी दर 10.2 प्रतिशत होने का अनुमान लगाया गया है। इसमें करीब 2.4 करोड़ लोग लंबे समय से बेरोजगार हैं, जिनमें 16 से 24 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 1.3 करोड़ युवा शामिल हैं।

अर्थशास्त्रियों ने बताया कि बड़ी संख्या में कर्मचारी स्थायी नौकरियां छोड़कर गिग इकोनॉमी से जुड़े कामों की ओर जा रहे हैं। इनमें राइड-हेलिंग, फूड डिलीवरी और वेयरहाउस से जुड़े काम शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार, ऐसे लोगों को तकनीकी रूप से रोजगार प्राप्त माना जा सकता है, लेकिन उनमें से कई की कमाई पहले की नौकरियों की तुलना में काफी कम हो गई है।

रिपोर्ट में दिए गए आंकड़ों के अनुसार, 2021 से 2025 के बीच बेरोजगारी भत्ता पाने वाले लोगों की संख्या दोगुने से अधिक हो गई, जबकि आधिकारिक बेरोजगारी दर में अपेक्षाकृत स्थिरता बनी रही। इससे चीन के बेरोजगारी बीमा कोष पर दबाव बढ़ा है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए