हालात

बिहार के वैशाली में नाव पलटने से 13 की मौत, मृतकों में अधिकांश बच्चे

हादसे के बाद अस्पताल पहुंचे पीड़ित परिवार (फोटो - पीटीआई)
हादसे के बाद अस्पताल पहुंचे पीड़ित परिवार (फोटो - पीटीआई) 

बिहार के वैशाली जिले में मंगलवार देर शाम 20 से अधिक लोगों को ले जा रही एक नाव के पलट जाने से कम से कम 13 व्यक्तियों की डूबकर मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मरने वालों में ज्यादातर बच्चे हैं। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राघोपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक तेजस्वी यादव ने दावा किया कि नाव पर करीब 30 लोग सवार थे और हादसे में 14 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता यादव ने दिल्ली से जारी एक वीडियो बयान में कहा कि वह मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में आयोजित प्रदर्शनों के सिलसिले में दिल्ली में हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने स्थानीय प्रशासन से बात की और मुझे जानकारी मिली कि 14 शव बरामद किए गए हैं। नाव पर करीब 30 लोग सवार थे।’’

हालांकि, वैशाली की जिलाधिकारी ने बताया, ‘‘राघोपुर में गंगा नदी में नाव पलटने से 13 लोगों की मौत हो गई जबकि छह लोगों को बचा लिया गया है।’’ उन्होंने कहा कि बचाव अभियान जारी है।

तिरहुत रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) चंदन कुमार कुशवाहा ने बताया कि गोताखोरों की मदद से चार लोगों को बचा लिया गया है। स्थानीय पुलिस और राज्य आपदा प्रबंधन बल की टीम की मदद से राहत एवं बचाव कार्य जारी है।

कुशवाहा ने फोन पर बताया, ‘‘सूचना मिलने के बाद मैं मुजफ्फरपुर स्थित प्रमंडलीय मुख्यालय से घटनास्थल पर पहुंचा। वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह और पुलिस अधीक्षक शुभंकर मिश्रा की निगरानी में बचाव अभियान जारी है। अब तक 12 शव बरामद किए गए हैं और चार लोगों को बचाया गया है। बचाव अभियान जारी है।’’

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर हादसे में ‘‘निर्दोष लोगों की जान जाने’’ पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के निकटतम परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा भी की। इस बीच, हादसे के बाद रामपुर श्यामचंद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। नाव पर सवार ज्यादातर लोग इसी गांव के रहने वाले थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाव पर सवार लोग पास के एक गांव में आयोजित भोज में शामिल होने गए थे।

नाव हादसे पर पीएम मोदी ने भी दुख जताया है और पीड़ित परिजनों को आर्थिक मदद की घोषणा की। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से 2-2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी, जबकि घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा गया कि वैशाली में नाव पलटने की घटना में लोगों की मौत बेहद दुखद और पीड़ादायक है।

जानकारी के अनुसार, 15 से 20 बच्चे एक छोटी नाव पर सवार होकर भोज में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान नाव असंतुलित होकर पलट गई और उसमें सवार बच्चे गंगा नदी में डूब गए। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से चलाए गए बचाव अभियान में अब तक 13 बच्चों के शव बरामद किए जा चुके हैं। मृतकों की पहचान मीरा कुमारी, निशु कुमारी, अनिशा कुमारी, सुनीता कुमारी, आर्यन कुमार, मोहन कुमार, अमृता कुमारी, अंकिता कुमारी, पिंकी कुमारी, नमन कुमार, सिकी कुमारी, भोनू कुमारी और सोनम कुमारी के रूप में हुई है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

मृत बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी घटना पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए