
उत्तर प्रदेश के कानपुर में मंगलवार देर शाम भीषण सड़क हादसे में 17 लोगों की मौत हो गई है। सचेंडी थाना इलाके में एक एसी बस और टेंपो में सीधी टक्कर हो गई, जिससे दोनों गाड़ियां पलट गईं। हादसे में अब तक 17 लोगों के मौत की पुष्टि हुई है, जबकि चार लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं हादसे में करीब एक दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा कानपुर के थाना सचेंडी के किसान नगर इलाके में भारत गैस एजेंसी के सामने हुआ। यहां विपरीत दिशा से आ रही सवारियों से भरी एक टेंपो और एक डबल डेकर एसी बस टकरा आमने सामने से टकरा गईं। टक्कर के बाद दोनों गाड़ियां सड़क किनारे खाई में जा गिरीं। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में अबतक 17 लोगों की मौत हो चुकी है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर करीब आधे घंटे बाद पहुंची पुलिस ने जेसीबी और किरान की मदद से खाई से घायलों को निकाल कर कानपुर के हैलट अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार वहां करीब 21 लोग लाए गए थे जिनमें से अब तक 17 लोगों की मौत हो गई है।
इस हादसे के बारे में आईजी मोहित अग्रवाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि टेंपो में 12 लोग सवार थे जो सचेंडी में एक बिस्कुट फैक्टरी में काम करने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एसी बस ने सीधी टक्कर मार दी, जिससे टेंपो के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद दोनों गाड़ियां खाई में पलट गईं। जिससे टेंपो सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। राहत और बचाव कार्य जारी है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 08 Jun 2021, 11:12 PM IST