
सितंबर की शुरुआत आम लोगों के लिए कई बड़े बदलाव लेकर आई है। 1 सितंबर 2026 से LPG सिलेंडर, कमर्शियल गैस, कारों की कीमत, दूध और ऑटो-टैक्सी किराये से जुड़े नए बदलाव लागू हो गए हैं। इसके अलावा विदेश यात्रा करने वालों और गोल्ड-सिल्वर ETF में निवेश करने वालों के लिए भी कुछ नियम बदले हैं।
इनमें कुछ बदलाव सीधे लोगों का खर्च बढ़ा सकते हैं, जबकि कुछ से यात्रियों और आम उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। आइए जानते हैं, 1 सितंबर से आपकी रोजमर्रा की जिंदगी पर क्या असर पड़ने वाला है।
घरेलू LPG कनेक्शन की e-KYC कराने की अंतिम तारीख 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई थी। ऐसे में जिन उपभोक्ताओं ने तय समय तक e-KYC पूरी नहीं की है, उन्हें अब LPG से जुड़ी कुछ सेवाओं में परेशानी हो सकती है।
e-KYC नहीं होने की स्थिति में सिलेंडर बुकिंग प्रभावित होने के साथ-साथ पात्र उपभोक्ताओं की LPG सब्सिडी पर भी असर पड़ सकता है। अगर आपकी e-KYC अभी तक नहीं हुई है, तो जल्द से जल्द अपनी गैस कंपनी से संपर्क करके प्रक्रिया पूरी करना बेहतर रहेगा।
सितंबर के पहले दिन कमर्शियल LPG सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले कारोबारियों को झटका लगा है। तेल कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में 9.50 रुपये की बढ़ोतरी की है। नई कीमतें 1 सितंबर से लागू हो गई हैं।
इंडियन ऑयल के मुताबिक, दिल्ली में 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर की कीमत अब 2,747.50 रुपये हो गई है। इससे पहले इसकी कीमत 2,738 रुपये थी।
हालांकि, घरेलू रसोई गैस उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली है। 14.2 किलो वाले घरेलू LPG सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। 5 किलो वाले सामान्य LPG सिलेंडर की कीमत 349.50 रुपये और XTRALITE सिलेंडर की कीमत 339 रुपये पर ही बनी हुई है।
अगर आप सितंबर में नई कार खरीदने की तैयारी कर रहे हैं, तो आपका बजट थोड़ा बढ़ सकता है। टाटा मोटर्स और हुंडई ने अपनी गाड़ियों की कीमतों में बढ़ोतरी की है।
टाटा मोटर्स ने अपनी कारों और SUV के अलग-अलग वैरिएंट की कीमतों में 25,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की है। वहीं हुंडई ने भी इस साल एक बार फिर अपनी कारों के दाम बढ़ाए हैं।
इसका मतलब है कि इन कंपनियों की नई कार खरीदने वालों को मॉडल और वैरिएंट के हिसाब से पहले की तुलना में ज्यादा रकम खर्च करनी पड़ सकती है।
मुंबई के लोगों के लिए सितंबर की शुरुआत महंगाई के लिहाज से राहत भरी नहीं रही। शहर में तबेले के दूध की कीमत 9 रुपये प्रति लीटर बढ़ गई है।
जो दूध पहले 93 रुपये प्रति लीटर मिल रहा था, अब उसकी कीमत बढ़कर 102 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
इसके अलावा मुंबई में ऑटो और टैक्सी से सफर करना भी महंगा हुआ है। टैक्सी के किराये में 2 रुपये प्रति किलोमीटर, जबकि ऑटो के किराये में 1 रुपये प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी की गई है।
विदेश यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए सितंबर की शुरुआत एक राहत लेकर आई है। 1 सितंबर से एयरपोर्ट के इमिग्रेशन काउंटर पर बोर्डिंग पास पर फिजिकल स्टैम्प लगवाने की पुरानी प्रक्रिया खत्म कर दी गई है।
अब यात्री इमिग्रेशन के दौरान अपने मोबाइल पर इलेक्ट्रॉनिक बोर्डिंग पास या उसकी प्रिंटेड कॉपी दिखाकर प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। इससे यात्रियों को बोर्डिंग पास पर अलग से मुहर लगवाने की जरूरत नहीं होगी और एयरपोर्ट पर एक अतिरिक्त औपचारिकता कम हो जाएगी।
गोल्ड और सिल्वर ETF में निवेश करने वालों के लिए भी 1 सितंबर से नया नियम लागू हुआ है। SEBI ने ETF कारोबार में कीमत तय करने से जुड़े नियमों में बदलाव किया है।
नए नियम के तहत ETF की कीमत की सीमा निर्धारित करने के लिए पिछले कारोबारी दिन के आखिरी 30 मिनट के ट्रेडिंग वॉल्यूम की औसत कीमत को आधार बनाया जाएगा।
इस बदलाव का उद्देश्य ETF की कीमत को बाजार की मौजूदा स्थिति के ज्यादा करीब रखना है। इसलिए गोल्ड और सिल्वर ETF में निवेश करने वाले निवेशकों के लिए नए नियम को समझना जरूरी है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए