हालात

महाराष्ट्र के पालघर में भीषण हादसा, ऑटो पर पलटा कंटेनर, 14 लोगों की मौत, 20 घायल

बताया जा रहा है कि करीब एक किलोमीटर का लंबा रास्ता बचाने के लिए टेंपो चालक ने गलत दिशा से वाहन ले जाने की कोशिश की। इसी दौरान गुजरात से मुंबई की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार कंटेनर पहले एक बाइक सवार को कुचलते हुए टेंपो पर पलट गया।

महाराष्ट्र के पालघर में भीषण हादसा, ऑटो पर पलटा कंटेनर, 14 लोगों की मौत, 20 घायल
महाराष्ट्र के पालघर में भीषण हादसा, ऑटो पर पलटा कंटेनर, 14 लोगों की मौत, 20 घायल फोटोः IANS

महाराष्ट्र में मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर पालघर जिले के डहाणू तहसील में धाणीवरी गांव के पास एक कंटेनर बाइक को टक्कर मारने के बाद टेंपो पर पलट गया। इस हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इस हादसे के पीछे टेंपो चालक की ही गलती बताई जा रही है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, डहाणू के बापुगांव से एक परिवार साखरपुड़ा कार्यक्रम के लिए धाणीवरी जा रहा था। बताया जा रहा है कि करीब एक किलोमीटर का लंबा रास्ता बचाने के लिए टेंपो चालक ने गलत दिशा से वाहन ले जाने की कोशिश की। इसी दौरान गुजरात से मुंबई की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार कंटेनर पहले एक बाइक सवार को कुचलते हुए टेंपो पर पलट गया। कंटेनर और टेंपो के नीचे दबने से 14 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज कासा उपजिला अस्पताल और धुंदलवाडी स्थित वेदांता अस्पताल में जारी है।

Published: undefined

जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब 3 बजकर 30 मिनट के आसपास यह हादसा हुआ। बारातियों से भरा टेंपो दहानू के बापू गांव से धाणीवरी में एक शादी समारोह में जा रहा था। जैसे ही यह वाहन धाणीवरी इलाके के पास पहुंचा, तभी सामने से गुजरात की ओर से मुंबई जा रहा एक तेज रफ्तार कंटेनर अचानक अनियंत्रित हो गया। बताया जा रहा है कि कंटेनर बारातियों से भरे टेंपो पर पलट गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भयानक था कि कई लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सड़क पर बिखरे मलबे और घायल लोगों को देखकर वहां मौजूद लोग भी दहशत में आ गए। कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए आगे आए और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया गया।

Published: undefined

घायलों को तुरंत नजदीकी कासा उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। मृतकों में सुरेश रत्ना लाखात, पांडू गणपत लाखात, काळू गोविंद लाखात, सुनील अर्जुन दांडेकर, चिमा गोविंद कुरहाडा, नमिता विठ्ठल दांडेकर, सारिका संतोष लाखात, आयुष सिताराम लाखात, सागर नामदेव शेंडे, वंदना शिवराम वलवी, सलोनी शिवराम वलवी, अजय अहाडी और रियांशी संतोष लाखात शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक टेंपो में 30 से 40 लोग सवार थे। हादसे की जानकारी मिलते ही पालघर के विधायक राजेंद्र गावित और पालघर के पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने घायलों को हरसंभव इलाज उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख ने कहा कि प्रथमदृष्टया हादसा टेंपो चालक की गलती से हुआ प्रतीत हो रहा है। हालांकि जांच के बाद ही दुर्घटना का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।

Published: undefined

सीएम देवेंद्र फडणवीस ने हादसे पर दुख जताते हुए अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "यह बेहद दुखद है कि मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर पालघर के दहानू में एक दुर्घटना में 13 लोगों की जान चली गई, जब एक टेम्पो की टक्कर एक कंटेनर से हो गई। इस घटना के बारे में सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ है। मैं उन सभी के प्रति अपनी हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।" उन्होंने आगे कहा, "इस घटना में लगभग 20 लोग घायल हुए हैं। उन्हें कासा के उप-जिला अस्पताल और धुंदलवाड़ी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। मैं जिला प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हूं। राज्य सरकार इस घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों को 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करेगी।"

विधायक राजेंद्र गावित ने कहा कि मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर जारी कंक्रीटीकरण का काम अधूरा होने के कारण जगह-जगह दुर्घटनाएं हो रही हैं। इस मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री और पालकमंत्री से चर्चा कर अधूरे कार्य को जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा, "मैंने कई बार ट्रामा केयर सेंटर की मांग की है, लेकिन अभी तक यह सुविधा चालू नहीं हो पाई है। स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी के कारण मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग हादसे में घायल लोगों की जान बचा पाना मुश्किल हो जाता है।"

Published: undefined

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined