हालात

स्पेन में भीषण ट्रेन हादसा, दो हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर, 21 लोगों की मौत, 30 गंभीर

मलागा से मैड्रिड जा रही एक हाई-स्पीड ट्रेन, जिसमें कुल 317 यात्री सवार थे, कॉर्डोबा से लगभग 20 किलोमीटर दूर अदामुज इलाके के पास अज्ञात कारणों से पटरी से उतर गई।

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

स्पेन के दक्षिणी हिस्से में स्थित कॉर्डोबा शहर के पास एक दर्दनाक रेल हादसा हुआ, जिसमें दो हाई-स्पीड ट्रेनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।

स्पेन के परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते ने सोमवार को बताया कि इस दुर्घटना में अब तक कम से कम 21 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 70 से ज्यादा यात्री घायल बताए जा रहे हैं। इनमें से 30 की हालत गंभीर है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मलागा से मैड्रिड जा रही एक हाई-स्पीड ट्रेन, जिसमें कुल 317 यात्री सवार थे, कॉर्डोबा से लगभग 20 किलोमीटर दूर अदामुज इलाके के पास अज्ञात कारणों से पटरी से उतर गई।

पटरी से उतरने के बाद यह ट्रेन पास की लाइन पर आ रही दूसरी हाई-स्पीड ट्रेन से टकरा गई, जो मैड्रिड से हुएल्वा की ओर जा रही थी। इस टक्कर से दूसरी ट्रेन के डिब्बे भी पटरी से उतर गए।

मंत्री पुएंते ने इस हादसे को भयानक बताया और कहा कि मलागा-मैड्रिड ट्रेन के आखिरी दो डिब्बे सामने से आ रही ट्रेन के पहले दो डिब्बों से टकरा गए, जिससे दोनों ट्रेनों को भारी नुकसान हुआ।

घटना की खबर मिलते ही अंडालूसिया क्षेत्र की आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय लोगों ने भी मदद का हाथ बढ़ाया और मामूली रूप से घायल यात्रियों को पास के एक केंद्र तक पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। राहत और बचाव कार्य में स्पेन की सैन्य आपातकालीन इकाई को भी लगाया गया।

स्पेन के प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज़ ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि यह देश के लिए बेहद दर्दनाक रात है। स्पेन के शाही परिवार ने भी शोक संदेश जारी किया है।

अधिकारियों ने बताया कि बचाव कार्य देर रात तक जारी रहा और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। प्रभावित रेल मार्गों पर सेवाएं कम से कम मंगलवार तक बंद रहेंगी। रेलवे कंपनी एडिफ ने मैड्रिड के आटोचा स्टेशन, मलागा और हुएल्वा में यात्रियों के परिजनों के लिए जानकारी केंद्र और एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है।

बता दें कि स्पेन का सबसे बड़ा रेल हादसा जुलाई 2013 में हुआ था, जब अत्यधिक रफ्तार के कारण एक ट्रेन के पटरी से उतरने से 79 लोगों की मौत हो गई थी।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • हरियाणाः हिसार कोर्ट के बाहर गैंगस्टर विनोद पन्नू की गोली मारकर हत्या, ताबड़तोड़ गोलीबारी से थर्राया इलाका

  • ,
  • छात्रों पर हो रहे हमलों के लिए BJP-RSS की मानसिकता जिम्मेदार, लेकिन युवाओं को अब रोका नहीं जा सकताः राहुल गांधी

  • ,
  • बड़ी खबर LIVE: जंतर-मंतर समेत देशभर में प्रदर्शनों के दौरान हुई हिंसा पर SC सख्त, जांच के लिए बनाई हाई पावर कमेटी

  • ,
  • बाढ़ से बेहाल असम: टूटी सड़कें, बहे स्कूल, कांग्रेस ने मांगा ₹10,000 करोड़ का पैकेज, गौरव गोगोई की PM मोदी से अपील

  • ,
  • दुनिया की खबरें: रूस की ड्रोन कार्रवाई पर भड़के रोमानिया के राष्ट्रपति और ईरान पर ट्रंप की आर्थिक नीति से चीन नाराज