
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के काफिले में बड़ा हादसा हो गया। एयरपोर्ट से होटल की ओर जा रहे काफिले के दौरान VIP रोड पर कई बाइकें एक-दूसरे से टकरा गईं। हादसे में कई बाइक सवार घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, ओवैसी एक जनसभा को संबोधित करने के लिए भोपाल पहुंचे थे। दोपहर करीब 4 बजे उनका काफिला एयरपोर्ट से होटल की तरफ रवाना हुआ। काफिले में बड़ी संख्या में समर्थक कारों और मोटरसाइकिलों पर सवार होकर चल रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काफिले में शामिल बाइकें तेज रफ्तार से चल रही थीं। इसी दौरान आगे चल रही एक बाइक के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे आ रही कई बाइकें एक-दूसरे से टकरा गईं। देखते ही देखते करीब आधा दर्जन बाइकें आपस में भिड़ गईं और कई युवक सड़क पर गिर पड़े।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, करीब 6 से 7 युवकों को चोटें आई हैं, जबकि कुछ बाइक सवारों को गंभीर चोटें लगने की बात सामने आ रही है। हादसे के बाद ओवैसी का काफिला आगे रवाना हो गया।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए