
दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन में शामिल छात्र संगठन ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) ने गुरुवार को देशव्यापी संपर्क अभियान ‘जेन-जी राइजिंग’ शुरू करने की घोषणा की। आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा इस अभियान का नेतृत्व करेंगी और इसके तहत कई राज्यों का दौरा करके शिक्षा सुधार, बेरोजगारी और प्रवेश परीक्षा नीतियों जैसे मुद्दों को लेकर छात्रों और युवाओं को लामबंद करेंगी।
यह अभियान हाल में नीट प्रश्नपत्र लीक और प्रवेश परीक्षाओं में अनियमितताओं को लेकर जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शनों तथा उच्च शिक्षा क्षेत्र में सुधार की मांग की पृष्ठभूमि में शुरू किया जा रहा है। आइसा ने एक बयान में कहा कि इस पहल का उद्देश्य प्रदर्शनों के दौरान उभरे छात्र आंदोलन को ‘‘जारी रखना, मजबूत करना और आगे बढ़ाना’’ तथा इसे देशभर में विस्तार देना है।
छात्र संगठन ने कहा कि वह राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) को समाप्त करने की मांग जारी रखेगा। संगठन का तर्क है कि केंद्रीय परीक्षा निकाय पर निर्भर रहने के बजाय विश्वविद्यालयों को अपनी प्रवेश परीक्षाएं आयोजित करने का अधिकार वापस दिया जाना चाहिए। आइसा ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) को वापस लेने की अपनी मांग भी दोहराई। संगठन का आरोप है कि इस नीति से सार्वजनिक शिक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है और इसे हितधारकों से पर्याप्त परामर्श के बिना लागू किया गया।
आइसा ने सभी के लिए सुलभ और किफायती शिक्षा तथा युवाओं के लिए सुरक्षित रोजगार के अवसरों की भी मांग की। संगठन ने रोजगार संबंधी आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि युवाओं में बेरोजगारी एक बड़ी चिंता बनी हुई है और सरकार को इस दिशा में कदम उठाने चाहिए।
इसे भी पढ़ेंः नागरिक एकजुट हो जाएं, तो दमनकारी सत्ता को भी चुनौती दी जा सकती है: नेहा बोरा
संगठन के अनुसार, अभियान के तहत नेहा 7 अगस्त को रांची से अपने बहु-राज्यीय दौरे की शुरुआत करेंगी। इसके बाद वह 11 अगस्त को कोलकाता और 14 अगस्त को जयपुर जाएंगी। इसके अनुसार, पहले चरण के बाद हैदराबाद, विजयवाड़ा, चेन्नई, कोझिकोड, बेंगलुरु, मुंबई, पुणे, नागपुर और भुवनेश्वर का दौरा होगा। आइसा ने बताया कि अभियान के अगले चरणों में बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा समेत अन्य राज्यों को शामिल किया जाएगा।
संगठन ने कहा कि नेहा के साथ हालिया छात्र आंदोलन से जुड़े कई नेता भी शामिल होंगे, जिनमें जेएनयू छात्र संघ से जुड़े दानिश अली, मनीष, आमीन अमितोज और अन्य प्रदर्शनकारी कार्यकर्ता शामिल हैं। आइसा ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य देशभर के छात्रों और युवाओं से संवाद करके छात्र आंदोलन को मजबूत करना और शिक्षा एवं रोजगार से जुड़ी अपनी मांगों के लिए समर्थन जुटाना है।
इसे भी पढ़ेंः नागरिक और हुकूमत के बीच बदलते रिश्तों की कड़वी हकीकत उजागर कर गया जंतर-मंतर आंदोलन
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए