हालात

एयर इंडिया ने फुकेत-दिल्ली उड़ान के 'पायलट-इन-कमांड' को बर्खास्त किया, ड्रग टेस्ट आया था पॉजिटिव

फुकेत से दिल्ली आ रही उड़ान एआई-2379 में कुल 145 लोग सवार थे, जिनमें 137 यात्री, 6 केबिन क्रू और दो पायलट शामिल थे। उड़ान के दौरान विमानअचानक से तेजी से नीचे गिरने लगा था। इस हादसे में कम से कम 20 यात्रियों और चार क्रू सदस्यों को चोटें आई थीं।

एयर इंडिया ने फुकेत-दिल्ली उड़ान के 'पायलट-इन-कमांड' को बर्खास्त किया, ड्रग टेस्ट आया था पॉजिटिव
एयर इंडिया ने फुकेत-दिल्ली उड़ान के 'पायलट-इन-कमांड' को बर्खास्त किया, ड्रग टेस्ट आया था पॉजिटिव फोटोः IANS

एयर इंडिया ने 4 अगस्त की फुकेत-दिल्ली फ्लाइट के अचानक से ऊंचाई खोने के मामले में शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए फ्लाइट के 'पायलट-इन-कमांड' को नौकरी से तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया है। एयर इंडिया की ओर से यह कदम विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) की उस रिपोर्ट के बाद उठाया गया है, जिसमें मुख्य पायलट (पायलट-इन-कमांड) का ड्रग टेस्ट पॉजिटिव आने और विमान की अचानक ऊंचाई में कमी आने को 'गंभीर चिंता' का विषय बताया गया था।

पायलट को तत्काल प्रभाव से निकाला गया

एयर इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि एयर इंडिया के लिए सुरक्षा सबसे जरूरी है। फुकेत-दिल्ली उड़ान के पायलट-इन-कमांड की जांच में एक साइकोएक्टिव पदार्थ (नशीला पदार्थ) पाया गया। सुरक्षा, फिटनेस या नियमों के उल्लंघन को लेकर एयर इंडिया की 'जीरो-टॉलरेंस' नीति के तहत, पायलट को तत्काल प्रभाव से नौकरी से निकाल दिया गया है।

साइकोएक्टिव टेस्ट रिपोर्ट नॉन-नेगेटिव आया

एएआईबी की रिपोर्ट में कहा गया कि दिल्ली में दोनों क्रू सदस्यों की उड़ान के बाद मेडिकल स्क्रीनिंग की गई और उनके ब्रेथलाइजर टेस्ट के नतीजे संतोषजनक रहे। साइकोएक्टिव (मन को प्रभावित करने वाले) या नशीले पदार्थ का पता लगाने वाले टेस्ट में पायलट-इन-कमांड (पीआईसी) का सैंपल नॉन-नेगेटिव पाया गया, जबकि को-पायलट का सैंपल नेगेटिव था।

इसे भी पढ़ेंः एअर इंडिया फुकेट-दिल्ली फ्लाइट का पायलट नशे में था? एएआईबी की जांच में हुआ बड़ा खुलासा

को-पायलट का सैंपल दोनों टेस्ट में नेगेटिव

रिपोर्ट में कहा गया, “पीआईसी का सैंपल नॉन-नेगेटिव पाया गया। इसके बाद, कन्फर्मेशन टेस्ट के लिए फ्लाइट क्रू के दोनों सदस्यों के ब्लड सैंपल पैथोलॉजिकल लैब भेजे गए। पीआईसी की कन्फर्मेशन टेस्ट रिपोर्ट नॉन-नेगेटिव आई, जबकि को-पायलट का सैंपल दोनों टेस्ट में नेगेटिव पाया गया।”

20 यात्री और चार क्रू सदस्यों को आई थीं चोटें

रिपोर्ट में एएआईबी ने नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) से इस मामले में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने की मांग की है। इसमें आगे कहा गया कि तकनीकी और अन्य पहलुओं से संबंधित विस्तृत जांच चल रही है। फुकेत से दिल्ली आ रही उड़ान एआई-2379 में कुल 145 लोग सवार थे, जिनमें 137 यात्री, छह केबिन क्रू और दो पायलट शामिल थे। इस हादसे में कम से कम 20 यात्रियों और चार क्रू सदस्यों को चोटें आई थीं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए