हालात

अलीगढ़: अब रुपया-पैसा नहीं, पेट्रोल की हो रही चोरी

पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के चलते चोर अब पेट्रोल की चोरी करने लगे हैं। ऐसा ही एक मामला अलीगढ़ के सर सय्यद नगर से सामने आया है, जहां घरों में खड़ी गाड़ियों से पेट्रोल चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया पेट्रोल के दाम लगातार बढ़ने से अब गाड़ियों से पेट्रोल किया जा रहा है चोरी 

पेट्रोल की बढ़ती कीमतों की वजह से लोगों को जहां लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं चोरों की नजर में कीमती हो चुके पेट्रोल की सुरक्षा करना भी एक नया सिरदर्द बनता जा रहा है। क्योंकि पेट्रोल के लगातार दाम बढ़ने से अब चोरों की नजर इस नई ‘कीमती चीज’ पर पड़ गई है और आए दिन घरों में खड़ी गाड़ियों से पेट्रोल की चोरी हो रही है।

ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला अलीगढ़ के सर सय्यद नगर से सामने आया है। जहां कई दिनों से घरों के अंदर खड़ी गाड़ियों से पेट्रोल चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं। लेकिन लोग समझ नहीं पा रहे थे कि आखिर रातों-रात पेट्रोल कैसे गायब हो रहा है? लेकिन सर सैय्यद नगर में रहने वाले डॉक्टर सलीम अहमद खान के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे ने इस राज से पर्दा उठा दिया है। डॉक्टर सलीम के घर में लगे कैमरे से पता चला है कि एक गिरोह रात में घरों में घुसकर पेट्रोल चुराने का काम कर रहा है।

मंगलवार को इस चोरी का खुलासा डॉक्टर सलीम के घर लगे सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग से हुआ। डॉक्टर सलीम के मुताबिक, पेट्रोल चोरी की घटना एक हफ्ते पहले रात लगभग 11 बजे की है। उन्होंने बताया कि उस दिन वह अपनी पत्नी के साथ मेडिकल कॉलेज से लौट कर घर पहुंचे ही थे कि तभी घर के बाहर से कुछ खटपट की आवाज आई। आवाज सुनकर वो बाहर आये तो देखा कि एक युवक उनकी बुलेट बाइक में से पेट्रोल चोरी कर रहा था। तेल का पाइप खुला हुआ था और युवक के हाथ में बोतल थी। उनके आने की आहट सुनकर वह चोर दिवार कूदकर भाग गया।

डॉक्टर सलीम ने आगे बताया कि इसके बाद वह नजर रखने लगे। 28 मई को सहरी के वक्त वह चोर फिर आया और तेल चोरी करने लगा। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। जिसके बाद उन्होंने शोर मचा दिया, जिसपर वह चोर घर की दीवार कूदकर भाग गया। उन्होंने बताया कि कुछ दिनों से उनकी बाइक में तेल जल्द खत्म हो जा रहा था। पड़ोस के लोग भी गाड़ियों से तेल जल्द खत्म होने की शिकायत कर रहे थे। डॉक्टर सलीम ने स्थानीय सिविल लाइन थाने में इस घटना को लेकर शिकायत दर्ज करा दी है। उनके द्वारा सौंपे गए सीसीटीवी फूटेज के आधार पर पुलिस ने चोर की तलाश शुरु कर दी है।

देशभर में पिछले कुछ समय से पेट्रोल-डीजल की कीमत में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और पेट्रोल की कीमत लगातार आसमान छूती जा रही है। ऐसे में पेट्रोल की ऊंची होती कीमत की वजह से चोर अब दूसरी कीमती चीजों की तरह इसे भी एक अहम चीज मान कर लोगों के घरों में खड़ी गाड़ियों को निशाना बना रहे हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • खेल: लक्ष्मण ने श्रेयस की कप्तानी को लेकर की बड़ी भविष्यवाणी और युवराज, शेफाली ने हरमनप्रीत को सराहा

  • ,
  • बड़ी खबर LIVE: चुनाव आयुक्त को हमसे मिलना ही पड़ेगा, देश की आवाज का अपमान बर्दाश्त नहीं': राहुल गांधी की दोटूक

  • ,
  • बैरिकेडिंग, धक्का-मुक्की और फिर अचानक आकाशवाणी भवन में एंट्री...राहुल गांधी ने पुलिस को कैसे छकाया? देखें तस्वीरें

  • ,
  • सिनेजीवन: सोनाक्षी-जहीर की 'तू है मेरी किरण' का ट्रेलर रिलीज और श्रेया सरन ने की अजय देवगन की तारीफ

  • ,
  • 'ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं हुआ, तो पूरा देश जंतर-मंतर बनेगा', दिल्ली मार्च से पहले अभिजीत दिपके की चेतावनी