
गणेशोत्सव के बीच मुंबई के मझगांव इलाके में रविवार रात गणेश प्रतिमा की आगमन यात्रा के दौरान कथित तौर पर अंडे फेंके जाने की घटना सामने आई। आरोप है कि पंडाल से करीब 30-40 मीटर दूर स्थित एक ऊंची इमारत से अज्ञात लोगों ने यात्रा के दौरान गणेश प्रतिमा की ओर अंडे फेंके। घटना के बाद दो गुटों के आपस में भिड़ने की भी खबर है, फिलहाल इलाके में तनाव बढ़ गया और बड़ी संख्या में श्रद्धालु व स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए।
घटना से नाराज गणपति मंडल और अखिल सार्वजनिक उत्सव समिति के सदस्यों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच झड़प की भी स्थिति बनी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया।
अखिल सार्वजनिक उत्सव समिति के अध्यक्ष हितेश जाधव ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि गणपति बप्पा के आगमन के दौरान इस तरह की घटना बेहद आपत्तिजनक है। उन्होंने पुलिस से 24 घंटे के भीतर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। जाधव के मुताबिक, सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार की ओर से भी सहयोग और कार्रवाई का आश्वासन मिला है।
गणपति मंडल के डिप्टी सेक्रेटरी विवेक राणे ने बताया कि आगमन यात्रा के दौरान पंडाल से कुछ दूरी पर स्थित एक इमारत से अंडे फेंके गए। उन्होंने जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही DCP जयंत मीणा समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। मुंबई पुलिस कमिश्नर के निर्देश के बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आसपास की इमारतों और क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
पुलिस के हस्तक्षेप और कड़ी कार्रवाई के आश्वासन के बाद देर रात मौके पर जमा भीड़ शांत हुई और लोग वापस लौट गए। फिलहाल मझगांव में स्थिति नियंत्रण में है। एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए