
देहरादून, कोटा, प्रयागराज और पुणे के बाद अब इंदौर में भी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 12 सितंबर को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को रोकने की कोशिश की जा रही है। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने बताया कि जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजन की अनुमति नहीं मिलने के कारण कार्यक्रम की तारीख बदल दी गई है। अब यह कार्यक्रम 19 सितंबर को होगा।
कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा स्टेडियम उपलब्ध कराने से इनकार किए जाने के बाद अब यह कार्यक्रम 12 सितंबर के बजाय 19 सितंबर को आयोजित होगा। पटवारी ने यह घोषणा इंदौर में कार्यक्रम की तैयारियों से जुड़ी बैठक के दौरान की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब कार्यक्रम के लिए नया आयोजन स्थल तलाश करके उसे तैयार करेगी।
जीतू पटवारी ने इससे पहले मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर 12 सितंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम के लिए नेहरू स्टेडियम उपलब्ध कराने का आग्रह किया था। उन्होंने पत्र में कहा था कि राहुल गांधी का कार्यक्रम कोई सामान्य राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि देश के भविष्य, युवाओं के सपनों, शिक्षा के अधिकार और शिक्षा व्यवस्था की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित जनसंवाद है।
नेहरू स्टेडियम इंदौर नगर निगम के तहत आता है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा था कि नेहरू स्टेडियम को लेकर उच्च न्यायालय का स्पष्ट आदेश है, जिसके तहत वहां खेलकूद गतिविधियों या राज्यस्तरीय शासकीय कार्यक्रमों के आयोजन की ही अनुमति दी जा सकती है।महौपार के इस बयान पर इंदौर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा था कि यदि नेहरू स्टेडियम में राहुल गांधी के कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिली, तो आंदोलन किया जाएगा।
‘छात्रों की गूंज’ कांग्रेस द्वारा शुरू किया गया विद्यार्थी-संवाद अभियान है जिसके तहत देश के अलग-अलग शहरों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। राहुल गांधी इस अभियान के जरिये प्रश्नपत्र लीक, महंगी शिक्षा, सरकारी भर्तियों में अनियमितताओं और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को उठा रहे हैं। इंदौर में यह कार्यक्रम अब 19 सितंबर को होगा, जिसमें इंदौर और आसपास के इलाके से 50,000 से ज्यादा विद्यार्थियों के जुटने की उम्मीद है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए