लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान से ठीक पहले उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में चेकिंग के दौरान भारी मात्रा में हथियार, शराब और पैसे को बरामद किया गया है। वोटिंग से पहले हथियार की भारी मात्रा में बरामदगी से पुलिस और प्रशासन सकते में है।
इस मामले को लेकर एसएसपी एन कोलांचि ने कहा, “बुलंदशहर से 405 अवैध हथियार, 739 कारतूस, 2 करोड़ रुपये की शराब समेत 1.5 करोड़ रुपये नकद भी जब्त किया गया हैं। बताया जा रहा है कि इस हथियार का इस्तेमाल दूसरे चरण के चुनाव को प्रभावित करने के लिए किया जाना था।” पुलिस ने बताया कि नियमित चेकिंग के दौरान इन्हें जब्त किया गया है।
गौरतलब है कि दूसरे चरण के मतदान के लिए आज शाम चुनाव प्रचार खत्म हो जाएगा। 18 अप्रैल को 13 राज्यों की 97 सीटों के लिए वोटिंग होगी। इनमें उत्तर प्रदेश की 8, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल की 3-3 और ओडिशा, असम और बिहार की 5-5 सीटें शामिल हैं। कर्नाटक की 14 और महाराष्ट्र की 10 सीटों पर भी वोट डाले जाएंगे।
यूपी की बात करे तो दूसरे चरण में उत्तर प्रदेश की आठ सीटों के लिए मतदान होना है। दूसरे चरण में आठ सीटों पर हेमा मालिनी, राज बब्बर और एसपी सिंह बघेल समेत कई दिग्गज मैदान में हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए