हालात

बंगाल चुनाव की सुर्खियां: लुंगी पहनने पर वोट देने से रोका, बूथ पर गिरने से बुजुर्ग की मौत, कई इलाकों में रही NIA

पश्चिम बंगाल में दूसरे दौर में भारी मतदान से पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। इस दौरान कई दुखद और कुछ रोचक घटनाएं सामने आईं।

Getty Images
Getty Images Sudipta Das

पश्चिम बंगाल में बुधवार (29 अप्रैल, 2026) को दूसरे दौर के मतदान के साथ ही चुनाव पूरा हो गया। इस आखिरी दौर में मतदाताओं की भारी भागीदारी देखने को मिली। कई ज़िलों से हिंसा, ईवीएम में गड़बड़ी और केंद्रीय बलों द्वारा दुर्व्यवहार के आरोप सामने आते रहे, लेकिन लोगों ने जमकर वोटिंग की। इस चरण में मतदान का प्रतिशत 90 प्रतिशत से ज्यादा पहुंचा, इससे साबित होता है कि कई जगहों पर तनाव के बावजूद मतदाता बड़ी संख्या में बाहर निकले।

इस चरण में दक्षिण बंगाल की 142 विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ, जिसमें 3.21 करोड़ से ज़्यादा मतदाताओं ने 1,448 उम्मीदवारों की किस्मत का फ़ैसला किया। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और शाम 6 बजे तक चला। क़ानून-व्यवस्था को लेकर हफ़्तों तक बनी चिंताओं और सुरक्षा के कड़े इंतज़ामों के बीच मतदान संपन्न हो गया।

इस दौरान बंगाल में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 2,400 से अधिक कंपनियों को तैनात किया गया था। साथ ही हज़ारों पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। इसके बावजूद बगदा, आरामबाग, फलता, भांगर, बसंती, कैनिंग पश्चिम, तारकेश्वर, सतगाछिया, गाइघाटा, हावड़ा और राज्य के अन्य हिस्सों से झड़पों और कथित हमलों की खबरें आईं। कई मामलों में, स्थानीय तृममूल कांग्रेस नेताओं ने केंद्रीय बलों पर घरों में घुसने, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ मारपीट करने, या मतदाताओं के खिलाफ अत्यधिक बल प्रयोग करने का आरोप लगाया।

Published: undefined

बुधवार को, उदय नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के बलरामपुर प्राइमरी स्कूल में बूथ नंबर 245 के पास, 81 साल के एक वोटर पूर्णचंद्र दोलुई वोट डालने के बाद अचानक गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। उनके बेटे तरणी ने केंद्रीय बलों पर आरोप लगाया कि उन्होंने इस कमज़ोर बुज़ुर्ग को धक्का दिया और बूथ के अंदर कोई मदद नहीं दी, जिसकी वजह से यह दुखद घटना हुई। तृणमुल कांग्रेस नेता अभिषेक बनर्जी ने इन बलों को "बीजेपी की मिलिशिया" बताते हुए उनकी कड़ी आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि इन बलों ने वोटरों पर हमला किया।

अधिकारियों का कहना है कि बुजुर्ग की मौत अचानक हुई बीमारी की वजह से हई, दोलुई को आमता अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। इस विवाद के बीच, मुख्य चुनाव अधिकारी ने घटना पर एक रिपोर्ट मांगी है।

उधर बगदा के हमकुरो गांव में, तृणमूल नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्रीय बल के जवान एक बूथ से करीब 200 मीटर दूर एक घर में घुस गए और उन्होंने चार लोगों को पीटा, जिनमें एक ग्राम पंचायत सदस्य और एक स्थानीय कार्यकर्ता शामिल थे। तृणमूल सांसद ममता बाला ठाकुर तुरंत मौके पर पहुंचीं और कहा कि महिलाओं को भी पीटा गया है, जबकि बीजेपी नेता शांतनु ठाकुर ने इससे इनकार किया।

Published: undefined

आरामबाग के सतमासा गांव में, लोगों ने दावा किया कि सीआरपीएफ के जवान टीएमसी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के घरों में घुस गए और कई लोगों के साथ मारपीट की, जिससे लोगों में गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। फलता में भी तृणमूल कार्यकर्ताओं ने सीआरपीएफ जवानों पर उनके कैंप में तोड़फोड़ करने और मतदाताओं पर बीजेपी का समर्थन करने का दबाव डालने का आरोप

भांगर और आस-पास के इलाकों में, आईएसएफ ने आरोप लगाया कि उसके पोलिंग एजेंटों को धमकाया गया और उनके काम में रुकावट डाली गई। पार्टी ने कहा कि उसके एक एजेंट को जान से मारने की धमकी मिली, जबकि उम्मीदवार अरबुल इस्लाम तुरंत उस इलाके में पहुंचे और प्रशासन पर निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने में नाकाम रहने का आरोप लगाया।

इस दौर के मतदान में भवानीपुर खास रुचि का केंद्र रहा, क्योंकि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी, दोनों ही चक्रबेरिया के एक ही बूथ इलाके में मौजूद थे, हालांकि उनकी आपस में सीधे तौर पर मुलाकात नहीं हुई। ममता बनर्जी ने बीजेपी और केंद्रीय बलों पर चुनाव में धांधली करने की कोशिश का आरोप लगाया, जबकि सुवेंदु अधिकारी ने उनकी इन टिप्पणियों को उनकी हताशा का संकेत बताया।

Published: undefined

बताया गया कि बाद में सुवेंदु अधिकारी तृणमूल कांग्रेस के एक पोलिंग कैंप में गए और वहां मौजूद कार्यकर्ताओं से मुलाक़ात की और उनके साथ जलपान भी किया। यह अनोखा नज़ारा दूसरे दौर के मतदान की सबसे खास घटना और ज़्यादा चर्चा में रहा।

इनके अलावा इस दौर के मतदान में कई बूथों से तकनीकी और प्रक्रिया से जुड़ी समस्याओं की खबरें आईं। मन्तेश्वर के एक बूथ पर वोटिंग कई घंटों के लिए रोक दी गई, क्योंकि शिकायत की गई थी कि ईवीएम पर तृणमूल उम्मीदवार के नाम के पास टेप लगा दिया गया था। फाल्टा से भी इसी तरह के आरोप सामने आए। पश्चिम बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी मनोज अग्रवाल ने कहा कि अगर जांच में छेड़छाड़ की पुष्टि होती है, तो दोबारा वोटिंग का आदेश दिया जा सकता है; और इस पर कार्रवाई ज़िला अधिकारियों और चुनाव पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट पर निर्भर करेगी।

उत्तरी 24 परगना के बारानगर से ईवीएम में खराबी की भी खबर आई, जबकि हावड़ा के बाली में एक और ईवीएम की खराबी के बाद भड़क उठे मतदाताओं पर केंद्रीय बलों ने लाठीचार्ज किया। सतगछिया में, स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि लाठीचार्ज में दो साल का एक बच्चा घायल हो गया, जिससे लोगों का गुस्सा और भड़क गया।

Published: undefined

गायघाट में, कथित तौर पर एक बुजुर्ग मतदाता को लुंगी पहनने के कारण रोक दिया गया, जिसके चलते वहां झड़प हो गई। बाद में, स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद वह ट्राउज़र पहनकर लौटे और अपना वोट डाला; फिलहाल इस मामले की जांच चल रही है।

इस बीच तृणमूल कांग्रेस नेता डेरेक ओ'ब्रायन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनौती दी कि अगर बंगाल में बीजेपी हारती है, तो वे इस्तीफ़ा दे दें। उन्होंने तर्क दिया कि मोदी ने खुद को सभी 294 सीटों पर चुनाव का चेहरा बनाकर पेश किया था। इन टिप्पणियों ने पहले से ही गरमाए हुए चुनावी माहौल में और भी ज़्यादा गर्मी पैदा कर दी।

चुनाव आयोग ने बताया कि इस चरण के दौरान लगभग 2,196 शिकायतें मिली, और बम से जुड़ी गड़बड़ियों को रोकने के लिए कस्बा, भांगर, बारुईपुर और बिष्णुपुर सहित सात निर्वाचन क्षेत्रों में एनआईए की टीमें तैनात की गई थीं। इस अतिरिक्त तैनाती से पता चलता है कि अधिकारी राज्य में हिंसा के जोखिम को कितनी गंभीरता से ले रहे थे।

इन सारे तनावों और आरोप-प्रत्यारोप के बावजूद, बंगाल के मतदाताओं ने भारी संख्या में मतदान किया। बुधवार की दिन मतदाताओं की ज़ोरदार भागीदारी, राजनीतिक ड्रामे और बार-बार लगाए गए आरोपों के मिले-जुले रुप के तौर पर याद किया जाएगा।

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined