
तीन कृषि कानूनों के विरोध में बुलाया गया किसान संगठनों का 'भारत बंद' अब खत्म हो गया है। किसानों के प्रदर्शन देशभर में असर देखने को मिला। उत्तर भारत में कई ट्रेनें प्रभावित हुईं। वहीं, किसान नेता राकेश टिकैत ने दावा किया कि किसान संगठनों का भारत बंद सफल रहा और किसानों का पूरा समर्थन मिला। इस ब्लॉग में पढ़ें दिनभर क्या-क्या हुआ...
भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि भारत बंद पूर्ण रूप से सफल रहा। आगे की रणनीति संयुक्त किसान मोर्चा बनाएगा।
उत्तर प्रदेश में आज किसान नोएडा प्राधिकरण के पास अपनी मांगों को लेकर भारी संख्या में इकट्ठा हुए और पुलिस बैरिकेडिंग को तोड़ा। पुलिस बैरिकेडिंग को तोड़कर किसानों ने नोएडा प्राधिकरण की तरफ़ कूच किया।
अखिल भारतीय किसान सभा के अध्यक्ष अशोक धवले ने कहा, “भारत बंद को पिछले कई सालों में इतना समर्थन कभी नहीं मिला था, 25 से ज़्यादा राज्यों में बंद कामयाब हुआ है। जब तक किसान विरोधी कानून वापस नहीं लिए जाते और MSP की गारंटी देने वाला केंद्रीय कानून न हो, हम तब तक संघर्ष करने के लिए तैयार हैं।”
किसानों के समर्थन में गाजीपुर बॉर्डर पर पहुंचे दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी ने कहा, “मैं उनकी स्थिति समझ सकता हूं। यह किसानों का मसला है, कांग्रेस सड़कों पर उतरेगी। अगर किसान हमें यहां से जाने को कहेंगे तो हम वापस चले जाएंगे। हम यहां किसानों के लिए आए हैं, कोई राजनीतिक एजेंडा नहीं है।”
भारत बंद पर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा, “यह दुख की बात है कि उनके (शहीद भगत सिंह) जन्मदिवस पर किसानों को भारत बंद का आह्वान करना पड़ रहा है। अगर आज़ाद भारत में भी किसानों की नहीं सुनी जाएगी तो फिर कहां सुनी जाएगी? मैं केंद्र सरकार से अपील करता हूं कि जल्द से जल्द उनकी मांगे मानें।”
हरियाणा के सिंघु बॉर्डर पर एक किसान की मौत हो गई है। पुलिस के मुताबिक, किसान की मौत हार्ट अटैक की वजह से हुई है।
कांग्रेस नेता जयवीर शेरगिल ने कहा, “आज 1 साल हो गया है जब तीन काले कानूनों के द्वारा देश की किसानी और किसान पर काले बादल ला दिए गए थे। आज हर भारतवासी को बीजेपी का जो लक्ष्य है किसान और किसानी खत्म उसके खिलाफ आवाज उठानी चाहिए, भारत बंद का समर्थन करके।”
भारत बंद पर हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, “बातचीत से हल निकल सकता है, किसी की तरफ से भी कोई शर्त नहीं लगानी चाहिए। खुले दिल से बातचीत करनी चाहिए और इस समस्या का समाधान करना चाहिए।”
साउथ वेस्ट दिल्ली के डीसीपी ने कहा, “संयुक्त किसान मोर्चा ने आज भारत बंद का आह्वान किया है इसलिए हमने रजोकरी बॉर्डर पर बैरिकेड लगाए थे जिसके चलते यहां जाम हो गया था। अभी स्थिति सामान्य है, ट्रैफिक चल रहा है।”
आरजेडी प्रमुख लालू यादव ने कहा, “भारत कृषकों के परिश्रम से ताकत पाकर बढ़ने वाला कृषि प्रधान देश है। यह मुट्ठीभर पूंजीपतियों का क्रोनी कैपिटलिज्म प्रधान देश नहीं। घोर पूंजीवाद समस्त धन को मुट्ठीभर लोगों की झोली में डालता है जबकि किसान सबके लिए अन्न पैदा करता है। इसीलिए हम किसानों और #आज_भारत_बंद_है के साथ है।”
किसानों द्वारा भारत बंद पर केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा, “हमारी सरकार ने किसानों से हमेशा बातचीत का रास्ता अपनाया है। MSP बढ़ रही है। मंडियां भी फल-फूल रही हैं। जितनी भी आशंकाएं और अफवाहें थीं उनका समाधान हो गया है। जो लोग हंगामा कर रहे हैं वे किसानों का नुकसान कर रहे हैं।"
शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा, “किसान 1 साल से आंदोलन कर रहे हैं। यह किसानों का बंद है। देश की जनता पूरी भावनाओं के साथ किसानों के साथ है। उद्योग तो वैसे ही बंद है। बेरोजगारी के कारण लोग वैसे ही घरों में बैठे हैं तो बंद तो चल रहा है, इसलिए किसानों ने भी बंद का ऐलान किया। हम मन से उनके साथ हैं।”
हरियाणा में संयुक्त किसान मोर्चा के द्वारा आज 'भारत बंद' के ऐलान के चलते बहादुरगढ़ में किसान रेलवे ट्रेक पर बैठकर प्रदर्शन कर रहे हैं। तस्वीरें बहादुरगढ़ रेलवे स्टेशन की हैं।
संयुक्त किसान मोर्चा के द्वारा आज भारत बंद के ऐलान के चलते उत्तर प्रदेश के नोएडा के डीएनडी पर भीषड़ जाम लग गया है।
दिल्ली में संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर सिंघु बॉर्डर पर प्रदर्शनकारी कृषि कानूनों के विरोध में धरना दे रहे हैं। एक प्रदर्शनकारी ने बताया, "हम सरकार तक अपनी आवाज़ पहुंचाना चाहते हैं। तीनों कृषि कानून रद्द किए जाएं।"
केरल में भी किसानों के भारत बंद का असर देखा जा रहा है। तिरुवनंतपुरम में दुकानें बंद हैं, सड़कें सूनीं हैं। एलडीएफ और यूडीएफ से जुड़े ट्रेड यूनियनों ने तीन कृषि कानूनों के खिलाफ आज भारत बंद के आह्वान का समर्थन किया है।
विभिन्न संगठनों ने कर्नाटक के कलबुर्गी सेंट्रल बस स्टेशन के बाहर विरोध प्रदर्शन किया क्योंकि किसान संगठनों ने 3 कृषि कानूनों के खिलाफ आज भारत बंद का आह्वान किया।
राहुल गांधी किसानों के भरत बंदा का समर्थन किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “किसानों का अहिंसक सत्याग्रह आज भी अखंड है, लेकिन शोषण-कार सरकार को ये नहीं पसंद है, इसलिए आज भरत बंद है।”
पंजाब के अमृतसर में जिन जगहों पर किसान धरना प्रदर्शन कर रहे हैं, वहां सुबह 5 बजे से सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया गया है। किसानों का विरोध शांतिपूर्ण है, इसलिए बलों से भी कहा गया है कि उनके साथ अभद्र व्यवहार न करें और कुछ होने पर मेरे संज्ञान में लाएं। यह जानकारी इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने दी।
हरियाणा के रोहतक में संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर 'भारत बंद' के चलते प्रदर्शनकारियों ने स्टेट हाइवे बंद किया।
हरियाणा के बहादुरगढ़ में किसानों का विरोध-प्रदर्शन किया है। किसान यहां बहादुरगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंच गए हैं और रेलवे ट्रैक पर खड़े होकर प्रदर्शन कर रहे हैं। बहादुरगढ़ में वकीलों ने भी अपना काम बंद किया है और भारत बंद का समर्थन किया है।
तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसान संगठनों का आज भारत बंद है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने ट्वीट किया, "पंडित श्री राम शर्मा स्टेशन का प्रवेश/निकास बंद कर दिया गया है।"
पंजाब के अमृतसर के पुलिस अधिकारी संजीव कुमार ने कहा, “जहां-जहां पर किसान विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, वहां पर हमने सुबह से ही फोर्स को तैनात किया हुआ है। हमने सुरक्षा के बहुत पुख्ता इंतजाम किए हुए हैं।”
भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा, “आज शाम 4 बजे तक बंद रहेगा। लोगों से अनुरोध है कि लंच के बाद ही निकलें, नहीं तो जाम में फंसे रहेंगे। एम्बुलेंस को, डॉक्टरों को, ज्यादा जरूरतमंदों को निकलने दिया जाएगा। दुकानदारों से भी अपील की है कि आज दुकानें बंद रखें।”
गाजीपुर बॉर्डर पर कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक बंद का ऐलान किया गया है।
हरियाणा के कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में किसानों दिल्ली-अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया है। किसान विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
कृषि कानूनों के खिलाफ किसान संगठनों ने आज भारत बंद बुलाया है। भारत बंद शुरू हो गया है। गाजीपुर बॉर्डर पर NH-9, NH-24 को किसानों ने जाम कर दिया है। गाजीपुर बॉर्डर के अलावा किसानों ने शंभू बॉर्डर भी जाम कर दिया है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 27 Sep 2021, 7:57 AM IST