
‘तमंचे पर डिस्को’ करने वाले उत्तराखंड के खानपुर से बीजेपी विधायक प्रणव चैंपियन को पार्टी ने बाहर का रास्ता दिखा दिया है। विधायक का बीते दिनों एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह नशे में धूत होकर बंदूक लहराते हुए डांस करते दिखाई दिए थे। वीडियो वायरल होने के बाद उत्तराखंड बीजेपी ने केंद्रीय नेतृत्व से कार्रवाई की सिफारिश की थी।
10 जुलाई को बीजेपी विधायक प्रणव चैंपियन का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें बीजेपी विधायक हथियारों के साथ ‘मुझको राणा जी माफ करना’ गाने पर ठुमके लगाते हुए नजर आए थे।
वायरल वीडियो में प्रणव चैंपियन पिस्टल और शराब के साथ नजर आ थे। वीडियो के मुताबिक चैंपियंन डांस करते हुए एक पिस्टल मुंह में दबाकर और दो पिस्टल दोनों में हाथों में लिए हुए थे। इस दौरान शराब पीते भी वह दिखाई दिए थे। खबरों के मुताबिक, प्रणव चैंपियन ने अपने कुछ समर्थकों के साथ एक पार्टी रखी थी। इस पार्टी में उन्होंने जमकर शराब पी, ठुमके लगाए और हथियार लहराए।
इसे भी पढ़ें: वीडियो: बीजेपी के ‘रंगबाज’ विधायक का ‘तमंचे पर डिस्को’, वीडियो वायरल, पत्रकार को दी थी जान से मारने की धमकी
गौरतलब है कि बीजेपी ने खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन को अनुशासनहीनता के आरोप में तीन महीने के लिए पार्टी से पहले ही निलंबित कर दिया गया था। उनके उपर कुछ दिन पहले एक पत्रकार को जान से मारने की धमकी के साथ उसकी पिटाई करने का आरोप लगा था।
इसे भी पढ़ें: अपने खिलाफ खबर चलने से नाराज बीजेपी विधायक की गुंडागर्दी, पत्रकार की पिटाई कर कहा- गोली मार दूंगा
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए