हालात

बिहार: मुजफ्फरपुर PNG पाइपलाइन ब्लास्ट मामले में चार आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट, पुलिस की छापेमारी तेज

2 नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे गोबरसही-डुमरी रोड पर पीएनजी पाइपलाइन से गैस रिसाव के बाद जोरदार विस्फोट हुआ था। इस हादसे में कोचिंग संचालक श्रीनिवास सिंह की मौत हो गई थी।

मुजफ्फरपुर PNG पाइपलाइन ब्लास्ट मामले में चार आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट
मुजफ्फरपुर PNG पाइपलाइन ब्लास्ट मामले में चार आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट  

बिहार के मुजफ्फरपुर में गोबरसही-डुमरी रोड पर हुए पीएनजी पाइपलाइन विस्फोट मामले में पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। जांच के दौरान चार नामजद आरोपियों के खिलाफ कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट हासिल किया गया है। वारंट जारी होने के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

इन चार लोगों के खिलाफ जारी हुआ वारंट

पुलिस ने इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (IOCL) की पीएनजी पाइपलाइन परियोजना से जुड़े प्रोजेक्ट हेड अनिश कुमार, नर्सिंग सिंह कंस्ट्रक्शन कंपनी के मालिक, कंपनी के कनीय अभियंता अभिषेक कुमार और पथ प्रमंडल संख्या-1 के कनीय अभियंता बलवंत कुमार सिंह के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट लिया है।

सदर थाना प्रभारी नवलेश कुमार आजाद के मुताबिक, प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मामले की जांच चल रही है। जांच अधिकारी ने कोर्ट से चारों आरोपियों के खिलाफ वारंट प्राप्त किया है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। यदि आरोपी निर्धारित समय में गिरफ्तार नहीं होते या अदालत में आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो पुलिस कोर्ट से इश्तेहार जारी कराने के बाद कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया शुरू करेगी।

2 नवंबर को हुए भीषण धमाके में एक की मौत, कई घायल

गौरतलब है कि 2 नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे गोबरसही-डुमरी रोड पर पीएनजी पाइपलाइन से गैस रिसाव के बाद जोरदार विस्फोट हुआ था। इस हादसे में कोचिंग संचालक श्रीनिवास सिंह की मौत हो गई थी। वह अपनी बेटी के स्कूल की फीस जमा कर घर लौट रहे थे। धमाका इतना भयावह था कि उनकी मौके पर ही जान चली गई और सिर धड़ से अलग हो गया था।

विस्फोट में डेढ़ दर्जन से अधिक लोग घायल हुए थे। वहीं, आसपास के कई मकानों को भी भारी क्षति पहुंची थी। धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी और लोगों में दहशत फैल गई थी।

मृतक की पत्नी ने दर्ज कराई थी नामजद प्राथमिकी

घटना के बाद मृतक श्रीनिवास सिंह की पत्नी निभा कुमारी ने सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने पीएनजी पाइपलाइन परियोजना के प्रोजेक्ट हेड, निर्माण कंपनी के मालिक, अधिकृत कर्मियों और संबंधित अभियंताओं को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराया था।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी है। गिरफ्तारी नहीं होने की स्थिति में पुलिस न्यायालय के आदेश से अगली कानूनी कार्रवाई करेगी।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • बड़ी खबर LIVE: FBI ने गैंगस्टर गोल्डी बराड़ को मोस्ट वांटेट किया घोषित, टॉप 10 लिस्ट में किया शामिल

  • ,
  • 'योगी की माताजी के अंतिम संस्कार के दिन पीएम का कार्यक्रम उचित नहीं', मोदी के दौरे को लेकर प्रमोद तिवारी ने उठाए सवाल

  • ,
  • वेलिंगटन टेस्ट पर भारत की पकड़ मजबूत, राहुल के नाम एक और रिकॉर्ड, कप्तान गिल शतक से चूके, स्कोर 4 विकेट पर 486 रन

  • ,
  • मानसून सत्र का 100 दिन बाद भी सत्रावसान नहीं, जयराम बोले- परिसीमन बिल पास कराने के लिए दो तिहाई बहुमत में जुटी मोदी सरकार

  • ,
  • 'पुल निर्माण में मोदी ने एक फूटी कौड़ी नहीं दी, फिर उसका उद्घाटन करने क्यों आ रहे हैं', तेजस्वी का केंद्र सरकार पर हमला