
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण की वोटिंग जारी है। सुबह 7 बजे से शुरू हुआ मतदान शाम 5 बजे तक चलेगा। इस चरण में 122 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं, जहां 3 करोड़ 70 लाख से अधिक मतदाता कुल 1302 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। इन उम्मीदवारों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सरकार के छह से अधिक मंत्री भी शामिल हैं, जिनकी प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। चुनाव आयोग के अनुसार, इस चरण में 45,399 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 40,073 ग्रामीण इलाकों में स्थित हैं। कुल मतदाताओं में 1.75 करोड़ महिलाएं शामिल हैं। हिसुआ सीट (नवादा) में सबसे अधिक 3.67 लाख मतदाता हैं, जबकि लौरिया, चनपटिया, रक्सौल, त्रिवेणीगंज, सुगौली और बनमखी में प्रत्याशियों की संख्या सबसे ज्यादा 22-22 है।
पहले चरण में 121 सीटों पर मतदान हुआ था, जिसमें 65% से अधिक मतदान दर्ज किया गया था। दूसरे चरण का मतदान मुख्य रूप से सीमांचल और तराई क्षेत्रों में हो रहा है, जिनमें पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज जैसे जिले शामिल हैं। ये सभी नेपाल सीमा से सटे इलाके हैं, जहां मतदाताओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चार लाख से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है।
बिहार विधानसभा चुनाव संपन्न हो गया। पहले चरण में 18 जिलों की 121 सीटों पर और दूसरे/आखिरी चरण में 20 जिलों के 122 सीटों पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान का कार्य पूरा हुआ। दूसरे चरण में शाम पांच बजे तक 67.14 फीसदी मतदान हुआ है। सबसे अधिक वोटिंग किशनगंज में हुई है। यहां 76.26 फीसदी मतदान हुआ है।
आरजेडी सांसद मीसा भारती ने बिहार चुनाव पर कहा, "इस बार बदलाव होगा क्योंकि महिलाएं चिंतित हैं, उन्हें अपने बच्चों के भविष्य की चिंता है। 20 साल से यहां रोजगार के अवसर नहीं थे, कोई कारखाने नहीं लगे। इसलिए महिलाएं बड़ी संख्या में वोट देने आ रही हैं। जब भी मतदान प्रतिशत अधिक होता है, बदलाव होता है..."
बिहार में दूसरे चरण में शाम पांच बजे तक 67.14 फीसदी मतदान हुआ है। सबसे अधिक वोटिंग किशनगंज में हुई है। यहां 76.26 फीसदी मतदान हुआ है।
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 122 सीटों पर चल रहे मतदान के बीच महागठबंधन की ओर से सीएम पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने मतदाताओं से खास अपील करते हुए कहा कि कतार में भले ही कितनी भी भीड़ हो, पोलिंग भले ही स्लो कराया जा रहा हो, लेकिन बिना वोट दिए घर नहीं लौटना है। तेजस्वी यादव ने कहा कि अगर घर बिना वोट दिए लौट गए तो बीजेपी के लोग आपकी जगह पर फर्जी वोट करा देंगे।
कांग्रेस विधायक दल के नेता और कदवा विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी शकील अहमद खान ने कहा, "मौजूदा(NDA) सरकार जा चुकी है, नई सरकार बनेगी; ये सच्चाई है। पहले चरण का चुनाव आपके सामने है... पिछले बार दूसरे चरण में जिन क्षेत्रों में सीटें कम हुई थीं, वहां से हमें इस बार उम्मीद है। महागठबंधन की सीटें भी बढ़ेंगी और हमें बहुमत से ज़्यादा सीटें मिलेंगी..."
बिहार चुनाव में दोपहर 3 बजे तक 60 फीसदी वोटिंग, कुल 60.40 फीसदी वोटिंग हुई है। मतदान में सबसे आगे निकला किशनगंज जिला, किशनगंज जिले की सभी सीटों पर कुल 66.10 फीसदी वोटिंग हुई है।
बिहार में दूसरे चरण में भी बंपर वोटिंग हो रही है। सुबह 11 बजे तक 31.38 प्रतिशत हुआ है। निर्वाचन आयोग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, पश्चिम चंपारण में 32.39%, पूर्वी चंपारण में 31.16%, शिवहर में 31.58%, सीतामढ़ी में 29.81%, मधुबनी में 28.66%, सुपौल में 31.69%, अररिया में 31.88%, किशनगंज में 34.79%, पूर्णिया में 32.94%, कटिहार में 30.83%, भागलपुर में 29.08%, बांका में 32.91%, कैमूर (भभुआ) में 31.98%, रोहतास में 29.80%, अरवल में 31.87%, जहानाबाद में 30.36%, औरंगाबाद में 32.88%, गया में 34.07%, नवादा में 29.02% और जमुई में 33.69% मतदान दर्ज किया गया है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय से सुबह नौ बजे तक मतदान प्रतिशत जारी हो चुका है। कुल 14.55 प्रतिशत मतदान हुआ है। निर्वाचन आयोग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, पश्चिम चंपारण में 15.04%, पूर्वी चंपारण में 14.11%, शिवहर में 13.94%, सीतामढ़ी में 13.49%, मधुबनी में 13.25%, सुपौल में 14.85%, अररिया में 15.34%, किशनगंज में 15.81%, पूर्णिया में 15.54%, कटिहार में 13.77%, भागलपुर में 13.43%, बांका में 15.14%, कैमूर (भभुआ) में 15.08%, रोहतास में 14.16%, अरवल में 14.95%, जहानाबाद में 13.81%, औरंगाबाद में 15.43%, गया में 15.97%, नवादा में 13.46% तथा जमुई में 15.77% मतदान हुआ है।
अररिया जिला के जोगबनी मिडिल स्कूल बूथ संख्या 15, कोचगामा स्कूल बूथ संख्या 34, बगुआ बूथ संख्या 37 में पिछले एक घंटे से ईवीएम खराब होने के कारण मतदान प्रकिया में देरी हुई। इसके अलावा सीतामढ़ी के बूथ संख्या 293 पर भी ईवीएम खराब होने के कारण मतदान प्रकिया में देरी हुईं।
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए आज वोट डालेजा रहे हैं, राज्य के 20 जिलों की 122 सीट पर वोटिंग हो रही है।
पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा, "SIR प्रक्रिया के बाद 69 लाख मतदाताओं के नाम हटा दिए गए, फिर चुनाव के पहले चरण में मतदान प्रतिशत कैसे बढ़ गया?...बिहार एक बड़े बदलाव की ओर बढ़ रहा है। नए मतदाता (जनरेशन Z) बदलाव चाहते हैं। प्रधानमंत्री कट्टा, बम, डकैती जैसी भाषा का इस्तेमाल क्यों कर रहे हैं? क्या इस तरह की भाषा प्रधानमंत्री को शोभा देती है?...प्रधानमंत्री कभी भी बिहार के मुद्दों पर वोट की अपील नहीं करते। बिहार की जनता बदलाव चाहती है।
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए आज वोट डाले जाएंगे, राज्य के 20 जिलों की 122 सीट पर वोटिंग हो रही है। होने वाले मतदान के लिए प्रचार रविवार शाम पांच बजे थम गया। इसके बाद इन जिलों में किसी भी प्रकार की सभा, रैली या रोड शो पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। जिन 20 जिलों में मतदान होना उनमें पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, नवादा, गया, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल, कैमूर और रोहतास शामिल हैं। इस चरण में 1,302 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 11 Nov 2025, 6:28 AM IST