
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने त्योहारों से पहले जरूरी खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र की बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई जैसे अहम मुद्दे से लोगों का ध्यान हटाने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रही है और गैरजरूरी मुद्दों में उलझाने की कोशिश कर रही है। खड़गे ने कहा कि त्योहारों के समय आम लोगों पर बढ़ती कीमतों का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है, लेकिन सरकार इस समस्या पर ध्यान देने के बजाय ध्यान भटकाने वाली बातें कर रही है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि कांग्रेस और जनता महंगाई को लेकर सवाल पूछती रहेगी। उन्होंने खाद्य वस्तुओं की बढ़ी हुई कीमतें दर्शाने वाला एक चार्ट भी साझा किया और आम आदमी की रसोई का जिक्र करते हुए प्याज, चीनी और सरसों तेल की बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने दावा किया कि प्याज के दाम सालभर में 59 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं और कई शहरों में यह 50 से 60 रुपये प्रति किलोग्राम तक बिक रहा है। उन्होंने कहा कि चीनी की कीमत 60-70 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है और कुछ जगहों पर यह 72 रुपये प्रति किलोग्राम तक बिक रही है। उनके मुताबिक, सरसों के तेल की कीमत 200 रुपये प्रति लीटर से अधिक हो चुकी है।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने खाद्य मुद्रास्फीति के 5.52 प्रतिशत और थोक मुद्रास्फीति के 9.78 प्रतिशत हो जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि महंगाई आम आदमी के घरेलू बजट को प्रभावित कर रही है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार के करीब 12 साल के कार्यकाल में ‘‘अच्छे दिनों’’ की स्थिति यह है कि कभी दाल, कभी सब्जी, कभी तेल और कभी चीनी की कीमतें आम आदमी का बजट बिगाड़ रही हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए