
नोएडा के चर्चित गार्डन गैलेरिया मॉल में एक बार फिर दबंगई का मामला सामने आया है। मॉल स्थित एक निजी बार में देर रात हुए विवाद के बाद बाउंसरों द्वारा एक युवक के साथ की गई बर्बर मारपीट ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना थाना सेक्टर-39 क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि देर रात बार के बाहर कुछ युवक डांस कर रहे थे। इसी दौरान डांस करने को लेकर आपसी कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।
Published: undefined
आरोप है कि मामूली कहासुनी के बाद बार में तैनात बाउंसरों ने एक युवक को जमीन पर गिरा दिया और उसके बाद लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक जमीन पर पड़ा हुआ है और कई लोग उस पर लगातार हमला कर रहे हैं, जबकि आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद आम लोगों में आक्रोश देखने को मिला।
सोशल मीडिया पर यूजर्स ने बाउंसरों की दबंगई और मॉल में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। लोगों का कहना है कि गार्डन गैलेरिया मॉल में पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद बाउंसरों के व्यवहार में कोई सुधार नहीं दिख रहा है। मामले की जानकारी मिलते ही थाना सेक्टर-39 पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।
Published: undefined
पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर जांच की गई और विवाद में शामिल दोनों पक्षों के कुल सात व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मारपीट में शामिल बाउंसरों की नियुक्ति किस एजेंसी के माध्यम से की गई थी और क्या उनके पास आवश्यक लाइसेंस और प्रशिक्षण था या नहीं।
इस घटना ने एक बार फिर नोएडा के हाई-प्रोफाइल मॉल्स और बार में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। सवाल यह भी उठ रहा है कि मनोरंजन के नाम पर आम लोगों की सुरक्षा से खिलवाड़ क्यों हो रहा है और बाउंसर कानून को अपने हाथ में लेने की हिम्मत कैसे कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान भी की जा रही है।
Published: undefined
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined