
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को कहा कि इस वर्ष देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून (जून से सितंबर) के दौरान होने वाली मौसमी बारिश सामान्य से कम रहने की संभावना है।
भारत में इस दौरान 80 सेंटीमीटर बारिश होने की संभावना है। देश में मौसमी बारिश का (1971 से 2020 तक) दीर्घकालिक औसत (एलपीए) 87 सेंटीमीटर रहा है।
मौसम विभाग के महानिदेशक डॉ. एम. महापात्र ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘मात्रात्मक रूप से, पूरे देश में मौसमी बारिश एलपीए के 92 प्रतिशत तक होने की संभावना है, जिसमें पांच प्रतिशत की कमी या बढ़ोतरी हो सकती है।’’
सामान्य से कम वर्षा का एक कारण अल नीनो की स्थिति का उभरना हो सकता है, जिससे देश में कम बारिश होती है।
मुंबई में दिग्गज गायिका आशा भोसले को सोमवार को पूरे सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। उनका अंतिम संस्कार शिवाजी पार्क में किया गया, जहां उनके बेटे ने मुखाग्नि दी। इस भावुक पल के साथ एक युग का अंत हो गया। पंचतत्व में विलीन होने से पहले आशा ताई को मुंबई पुलिस ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। अंतिम संस्कार के समय परिवार के सदस्य, करीबी रिश्तेदार और इंडस्ट्री से जुड़े कई बड़ी हस्तियां मौजूद रहीं।
इससे पहले आशा भोसले की अंतिम यात्रा उनके मुंबई स्थित निवास कासा ग्रांडे से शुरू हुई थी। पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ तिरंगे में लपेटा गया और उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी गई। जैसे ही उनका शव वाहन शिवाजी पार्क की ओर बढ़ा, रास्ते में हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर खड़े होकर उन्हें अंतिम विदाई देते नजर आए।
सुबह से ही उनके घर पर अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। फैंस, फिल्मी सितारे, राजनेता और संगीत जगत की बड़ी हस्तियों ने वहां पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी, जिनमें अमिताभ बच्चन, रणवीर सिंह, जैकी श्रॉफ, रितेश देशमुख, उदित नारायण और सचिन तेंदुलकर जैसे कई बड़े नाम शामिल रहे।
सुप्रीम कोर्ट ने उन लोगों को अंतरिम वोटिंग अधिकार देने से इनकार कर दिया है, जिनके नाम वोटर लिस्ट को सही करने की प्रक्रिया SIR में हटा दिए गए थे और जिनकी अपीलें अभी भी अपीलीय ट्रिब्यूनलों के सामने लंबित हैं।
उच्चतम न्यायालय ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद और उनके परिवार के सदस्यों से जुड़े ‘जमीन के बदले नौकरी’ मामले में केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की एक प्राथमिकी को सोमवार को रद्द करने से इनकार कर दिया।
न्यायमूर्ति एम एम सुंदरेश और न्यायमूर्ति एन कोटिश्वर सिंह की पीठ ने हालांकि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद (77) को सुनवाई के दौरान अधीनस्थ अदालत में पेश होने से छूट दे दी।
पीठ ने कहा, ‘‘हम धारा 17ए (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की) के इस्तेमाल से जुड़े मुद्दे पर कुछ नहीं कहते कि यह आगे से लागू होगा या पूर्व प्रभाव से। तथ्यों और परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए, याचिकाकर्ता को सुनवाई के समय कानूनी मुद्दा उठाने की आजादी दी जाती है।’’
उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा, "बंगाल में कांग्रेस लगातार आगे बढ़ रही है और मजबूत हो रही है..."
मशहूर सिंगर आशा भोसले का पार्थिव शरीर शिवाजी पार्क श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार के लिए ले जाया जा रहा है।
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पोलियो टीकाकरण दल की सुरक्षा के लिए तैनात एक सुरक्षा दल पर अज्ञात आतंकवादियों की गोलीबारी में पुलिस के एक कांस्टेबल की मौत हो गई और चार अन्य कर्मी घायल हो गए। यह जानकारी अधिकारियों ने सोमवार को दी।
यह घटना हंगू जिले के थाल थानाक्षेत्र में चपरी वजीरान इलाके में प्रांत में पोलियो रोधी अभियान के पहले दिन घटी।
नोएडा में वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर अलग-अलग इलाकों में श्रमिकों का विरोध प्रदर्शन उग्र होता जा रहा है। सेक्टर 59 और 60 में भी कर्मचारियों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया, जहां गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने दो गाड़ियों के शीशे तोड़कर उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया और दो बाइकों को आग के हवाले कर दिया। हालात को काबू में रखने के लिए प्रभावित इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल के साथ PAC और RAF की तैनाती की गई है।
सेक्टर 62 में भी श्रमिकों का प्रदर्शन जारी है, जहां उनकी पुलिस के साथ तीखी नोकझोंक हुई और पुलिस लगातार उन्हें शांत कराने की कोशिश कर रही है। शहर में बिगड़ते हालात को देखते हुए कुछ श्रमिक अपने गांवों के लिए रवाना हो गए हैं, उनका कहना है कि ऐसे माहौल में रुकना सुरक्षित नहीं है
नोएडा में श्रमिकों के आंदोलन के बीच डीएनडी समेत कई रास्तों पर ट्रैफिक जाम है।इसके साथ ही सेक्टर 59 मेट्रो, 62, 84 के पास भी जाम है।
वेतन वृद्धि की मांग को लेकर नोएडा के विभिन्न क्षेत्रों में सोमवार को कई कंपनियों के कर्मचारी सड़कों पर उतर आए। फेज 2 में कर्मचारियों ने कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया और पथराव किया। नोएडा 62, 59 से लेकर कई इलाकों में भारी जाम।
हापुड़ जिले के धौलाना क्षेत्र में सोमवार तड़के बारातियों से भरी एक बस और ट्रक के बीच हुई भीषण टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई तथा सात अन्य जख्मी हो गए।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि गाजियाबाद के डासना निवासी यूनुस कुरैशी के बेटे की बारात बुलंदशहर के गुलावटी से 12-13 अप्रैल की रात लौट रही थी, तभी तड़के करीब तीन बजे धौलाना-गुलावटी मार्ग पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।
उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि बस पलट गई और उसका अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
सूत्रों ने बताया कि स्थानीय लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर घायलों को बस से बाहर निकाला लेकिन तब तक उनमें से दूल्हे के पिता यूनुस तथा पांच अन्य लोगों मुन्ना, यूसुफ, अख्तर, सोनू और बस चालक अशोक की मौत हो चुकी थी।
पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में शिया मुस्लिम हजारा अल्पसंख्यक समुदाय के दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
पुलिस ने बताया कि यह घटना शनिवार को बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा में घटी।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी खैर सुमलानी ने बताया कि अज्ञात बंदूकधारी लोग दो मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए और हजारा टाउन से अपने व्यापार के लिए सब्जियां खरीदने हजारगंज बाजार पहुंचे हजारा समुदाय के लोगों पर उन्होंने गोलीबारी की।
उन्होंने बताया कि गोलीबारी में हजारा अल्पसंख्यक समुदाय के दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘यह सुनियोजित हत्या प्रतीत होती है।’’
अमेरिका-ईरान वार्ता विफल होने से सोमवार को शुरुआती कारोबार के दौरान सेंसेक्स में 1,600 अंक की गिरावट दर्ज की गई। निफ्टी 23,600 से नीचे पहुंच गया। बैंकिंग शेयरों में भारी गिरावट दिख रही है।
पोप लियो XIV को लेकर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “मुझे नहीं लगता कि वह बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। मुझे लगता है कि उन्हें अपराध पसंद है। हमें ऐसा पोप पसंद नहीं है जो यह कहे कि परमाणु हथियार रखना ठीक है। हमें ऐसा पोप नहीं चाहिए जो यह कहे कि हमारे शहरों में अपराध करना ठीक है। मुझे यह पसंद नहीं है। मैं पोप लियो का बड़ा प्रशंसक नहीं हूं। वह बहुत ही उदारवादी व्यक्ति हैं, और वह ऐसे इंसान हैं जो अपराध को रोकने में विश्वास नहीं रखते। वह ऐसे इंसान हैं जो यह नहीं सोचते कि हमें उस देश के साथ खिलवाड़ करना चाहिए जो परमाणु हथियार चाहता है ताकि वह दुनिया को उड़ा सके। मैं पोप लियो का प्रशंसक नहीं हूं।
हरियाणवी लोक गायक मासूम शर्मा के खिलाफ देहरादून के डालनवाला पुलिस स्टेशन में आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई 1 अप्रैल को DAV (PG) कॉलेज में हुए एक सार्वजनिक सांस्कृतिक कार्यक्रम से जुड़ी है, जहां सिंगर पर स्टेज से कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप है। पुलिस ने BNS की इन धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने परमाणु हथियारों के मुद्दे पर तेहरान के साथ शांति वार्ता विफल होने के कुछ घंटों बाद रविवार को बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अमेरिकी नौसेना होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों के प्रवेश या निकास को रोकने के लिए तत्काल नाकेबंदी शुरू करेगी।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 13 Apr 2026, 7:53 AM IST