हालात

बड़ी खबर LIVE: लखनऊ अग्निकांड में घायलों का हाल जानने KGMU पहुंचे अखिलेश यादव, पीड़ित परिवारों से की मुलाकात

लखनऊ कोचिंग इंस्टीट्यूट में आग लगने की घटना में समाजवादी पार्टी के प्रमुख और सांसद अखिलेश यादव किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) पहुंचे। वह आग लगने की घटना में घायल हुए लोगों से मुलाकात करने पहुंचे हैं।

फोटो: pTI
फोटो: pTI Nand Kumar

लखनऊ आग हादसे के बाद पूरे उत्तर प्रदेश में अवैध कोचिंग संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई

लखनऊ में एक इमारत में आग लगने के कारण झुलसने से 15 लोगों की मौत के बाद पूरे उत्तर प्रदेश में अवैध कोचिंग संस्थानों के खिलाफ अभियान शुरू किया गया है।

सरकार ने सोमवार को हुए इस हादसे के बाद सभी जिलाधिकारियों को लगातार सर्वे और कार्रवाई करने तथा पंजीकृत कोचिंग संस्थानों का भी सुरक्षा ऑडिट करने के आदेश दिये हैं।

उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि प्रदेश में संचालित कोचिंग संस्थानों के विनियमन को प्रभावी बनाने तथा अवैध रूप से संचालित ऐसे केंद्रों के खिलाफ विशेष अभियान तेजी से जारी है।

भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में पुलिसकर्मियों पर एफआईआर 

बिहार के भोजपुर में भरत तिवारी एनकाउंट मामले में बड़ा एक्शन हुआ है। शाहपुर थाना में पुलिस अधिकारी समेत तीन से चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. जिसमें जगदीशपुर के एसडीपीओ राजेश शर्मा, शाहपुर के तत्कालीन थानाध्यक्ष राजेश मालाकार समेत अन्य पुलिसकर्मियों का नाम शामिल है।

ममता ने मदन मित्रा को मुख्य सचेतक बनाने का अनुरोध किया, विधानसभा अध्यक्ष का इनकार

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के भीतर संगठनात्मक और विधायी लड़ाई के गहराने के साथ ममता बनर्जी के खेमे ने पश्चिम बंगाल विधानसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक के पद से फिरहाद हकीम को हटाने और उनकी जगह मदन मित्रा को नियुक्त करने का प्रस्ताव रखा है।

यह कदम तब उठाया गया जब कोलकाता के पूर्व महापौर नेता प्रतिपक्ष ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले बागी गुट में शामिल हो गए।

यह कदम तृणमूल नेतृत्व द्वारा हकीम को कारण बताओ नोटिस जारी करने और सोमवार को घोषित बागी गुट के समानांतर संगठनात्मक ढांचे में उनके पद स्वीकार करने के कुछ घंटों बाद उठाया गया। उन पर पार्टी-विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया गया।

ममता बनर्जी खेमे के सूत्रों के अनुसार, सोमवार रात लगभग 10:45 बजे विधानसभा अध्यक्ष रथींद्र बोस को एक आधिकारिक ईमेल भेजा गया। इसमें उन्हें सूचित किया गया कि हकीम को अब तृणमूल का मुख्य सचेतक नहीं माना जाना चाहिए और अनुरोध किया गया कि इसके बजाय कमारहाटी के विधायक मदन मित्रा को इस भूमिका के लिए मान्यता दी जाए।

लखनऊ अग्निकांड: घायलों का हाल जानने KGMU पहुंचे अखिलेश यादव, पीड़ित परिवारों से की मुलाकात

लखनऊ कोचिंग इंस्टीट्यूट में आग लगने की घटना | समाजवादी पार्टी के प्रमुख और सांसद अखिलेश यादव किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) पहुंचे। वह आग लगने की घटना में घायल हुए लोगों से मुलाकात करने पहुंचे हैं।

दिल्ली के तकिया काले खान के पास भीषण आग से 30 झुग्गियां जलकर खाक

दिल्ली के मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज के पीछे तकिया काले खान इलाके की वाल्मीकि बस्ती में बनी झुग्गियों में भीषण आग लग गई। इस हादसे में कम से कम 30 झुग्गियां जलकर खाक हो गईं। साथ ही बड़ी मात्रा में प्लाईवुड, लकड़ी और अन्य ज्वलनशील सामग्री भी नष्ट हो गई।

अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि आग की तीव्रता के बावजूद आपातकालीन सेवाओं और पुलिसकर्मियों की त्वरित प्रतिक्रिया के कारण किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है।

अधिकारियों के मुताबिक, सोमवार रात करीब 11:32 बजे तकिया काले खां इलाके में आग लगने की पीसीआर कॉल मिली। स्थानीय पुलिस टीमें स्थिति का आकलन करने और बचाव एवं निकासी अभियान शुरू करने के लिए मौके पर पहुंचीं।

भीषण आग ने वहां संग्रहीत पुराने फर्नीचर, लकड़ी, प्लाईवुड और अन्य अत्यधिक दहनशील सामग्रियों के एक बड़े भंडार को अपनी चपेट में ले लिया था। आग की लपटें तेजी से फैल गईं, जिससे आसपास की झोपड़ियों और घनी आबादी में रहने वाले निवासियों के लिए गंभीर खतरा पैदा हुआ।

पुलिसकर्मियों ने तुरंत निकासी अभियान चलाया और स्थानीय निवासियों को तेजी से फैल रही आग से उत्पन्न खतरे के बारे में सचेत किया। अधिकारियों ने कहा कि कुछ निवासियों के प्रतिरोध के बावजूद, जो अपने घरों और सामान को पीछे छोड़ने के लिए अनिच्छुक थे, पुलिस ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने के अपने प्रयास जारी रखे।

अखिलेश यादव ने कहा, "मोहन यादव को बदनाम करने के लिए बीजेपी ने साजिश की, ये आरोप इसलिए लग रहा है कि बीजेपी रास्ता ढूंढ रही है कि 3 मुख्यमंत्री कैसे बदलें?

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के परिवार पर ज़मीन से जुड़े आरोप पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, "मोहन यादव को बदनाम करने के लिए बीजेपी ने साजिश की है। अगर मोहन यादव पर ये आरोप है तो उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने तो 300-600 एकड़ जमीन ली है। ये कोई नई बात नहीं है। वे पहले रियल स्टेट का काम करते थे। क्या भाजपा ये नहीं जानती? ये आरोप इसलिए लग रहा है कि बीजेपी रास्ता ढूंढ रही है कि 3 मुख्यमंत्री कैसे बदलें। वे मुख्यमंत्री बदलना चाहते हैं इसलिए आरोप लगवा रहे हैं... इन्हें मध्य-प्रदेश, राजस्थान के मुख्यमंत्री को हटाना है। इन दो को इसलिए हटा रहे हैं कि उन्हें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को हटाना है। ये हटाने की साजिश चल रही है...उत्तर प्रदेश की जनता जानती है कि इस बार साइकिल इतनी तेज चलेगी कि अपने आप मुख्यमंत्री हट जाएंगे।"

दिल्ली-NCR में बदला मौसम, चल रही धूल भरी आंधी 

12 करोड़ का नुकसान झेल दिल्ली कैपिटल्स लौटे ऋषभ पंत, कुलदीप यादव बने लखनऊ का हिस्सा

आईपीएल-2025 की नीलामी में सबसे महंगे खिलाड़ी बने ऋषभ पंत को तगड़ा नुकसान झेलकर वापस दिल्ली कैपिटल्स आ गए हैं। वहीं दिल्ली ने उनकी जगह चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव को लखनऊ सुपर जायंट्स भेज दिया है। बीसीसीआई ने खुद इस हाई प्रोफाइल ट्रेड की जानकारी दी है।

पंत को लखनऊ ने 27 करोड़ की कीमत में खरीदा था, लेकिन दिल्ली ने उन्हें 15 करोड़ में कुलदीप से ट्रेड किया। यहां पंत को सीधा-सीधा 12 करोड़ का नुकसान हुआ है।

केरल में उमराह तीर्थयात्रियों की बस में लगी आग, सभी यात्री सुरक्षित

केरल के कन्नूर जिले में मंगलवार तड़के उमराह तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक बस में भीषण आग लग गई। पुलिस ने बताया कि बस के आग की लपटों में पूरी तरह घिरने से पहले सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

पुलिस के अनुसार, यह बस तीर्थयात्रियों के एक समूह को उमराह यात्रा के लिए वायनाड जिले से कन्नूर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ले जा रही थी। इसके लिए बस सोमवार रात रवाना हुई थी और देर रात करीब दो बजे शिवपुरम मुस्लिम लीग कार्यालय के पास उसमें आग लग गई।

पुलिस ने बताया कि चालक ने बस से धुआं निकलते देखा और वाहन को तुरंत रोक दिया तथा सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस दौरान चालक और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन से यात्रियों का सामान भी बाहर निकाल लिया।

पुलिस ने बताया कि हालांकि स्थानीय निवासी और दमकल एवं बचाव सेवा के कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन बस पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई।

दिल्ली: तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात की

सीतापुर: लखनऊ में आग लगने की घटना में मृतक आदित्य श्रीवास्तव का पार्थिव शरीर उनके घर पहुंचा

गूगल ने संदेश ऐप टेलीग्राम को प्ले स्टोर पर किया बहाल

बहुराष्ट्रीय प्रौद्योगिकी कंपनी गूगल ने संदेश ऐप टेलीग्राम को अपने प्ले स्टोर पर मंगलवार सुबह बहाल कर दिया। सरकार का अस्थायी प्रतिबंध 22 जून की मध्यरात्रि को समाप्त होने के बाद उसने यह कदम उठाया है।

गूगल द्वारा बहाली से पहले ही यह प्लेटफॉर्म कुछ मौजूदा उपयोगकर्ताओं के लिए चालू हो गया था। हालांकि, ऐप सुबह करीब 10 बजे तक एप्पल के ऐप स्टोर पर उपलब्ध नहीं था।

इस संबंध में एप्पल को भेजे गए ईमेल का तत्काल कोई जवाब नहीं मिला।

मणिपुर में तीन उग्रवादी गिरफ्तार

मणिपुर की इंफाल घाटी के दो जिलों से प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों से जुड़े तीन उग्रवादियों को जबरन वसूली की गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार उग्रवादी दो अलग-अलग प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े हैं और उन्हें इंफाल पश्चिम और थौबल जिलों से पकड़ा गया।

पुलिस ने एक बयान में कहा कि रविवार को जिले के थौबल बाजार से केसीपी (एमएफएल) के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान अबुजाम सुमित सिंह (20) और माकुचुंग गंगमेई (23) के रूप में हुई है।

केरल में लॉरी बस स्टॉप में घुसी, कम से कम तीन लोगों की मौत

केरल के कोल्लम जिले में मंगलवार सुबह मिट्टी से लदी एक लॉरी अनियंत्रित होकर एक बस स्टॉप में जा घुसी, जिससे कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह हादसा कोट्टाराकारा के नीलेश्वरम में हुआ। लॉरी के बस स्टॉप में घुसने के बाद उसमें लदी मिट्टी वहां खड़े लोगों पर गिर गई, जिससे कई लोग मिट्टी के ढेर के नीचे दब गए।

पंजाब की जेल से फरार कुख्यात अपराधी सत्तू मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर जिले की पुलिस ने पंजाब की लुधियाना जेल से फरार कुख्यात अपराधी सत्यपाल उर्फ सत्तू को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार यह मुठभेड़ सोमवार रात सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में हुई।

पुलिस अधीक्षक (नगर) अमृत जैन ने बताया कि रात में वाहनों की जांच के दौरान पुलिस ने सत्तू की कार को रोकने का प्रयास किया। इस पर उसने पुलिस दल पर गोलीबारी शुरू कर दी।

उन्होंने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सत्तू के दोनों पैरों में गोली लगी। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुठभेड़ के दौरान सिपाही अजय गौड़ और अंकित भी गोली लगने से घायल हो गए, जिनका उपचार जारी है।

अयोध्या में राम मंदिर के लिए दिए गए चंदे में कथित हेराफेरी के मामले की कोर्ट की निगरानी में जांच कराने की मांग करते हुए सुप्रीम कोर्ट में एक नई याचिका दायर की गई है।

महाराष्ट्र - मुंबई के कुछ हिस्सों में बारिश, माटुंगा सेनापति बापट रोड की तस्वीर 

दिल्ली की बाल्मीकि बस्ती में भीषण आग, चपेट में आईं कई झुग्गियां

लखनऊ कोचिंग अग्निकांड मामले पर अब तक चार लोग गिरफ्तार, 4 अधिकारी सस्पेंड, 15 लोगों की हुई मौत

राजधानी लखनऊ के अलीगंज अग्निकांड में कार्रवाई करते हुए चार अफसरों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही मामले में चार लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अलीगंज अग्निकांड को लेकर देर रात उच्चस्तरीय बैठक की। इसमें दोषियों को चिह्नित करने के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने का आदेश दिया। वहीं, अलीगंज थाने में छह लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इनमें से चार को गिरफ्तार कर लिया गया है। आपको बता दें, इस हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई है, कई अभी भी घायल हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

Published: 23 Jun 2026, 7:55 AM IST