हालात

बड़ी खबर LIVE: शांति वार्ता के बीच ईरान पर फिर भड़के ट्रंप, मानसून की पहली बारिश में डूबी मुंबई, सड़कों पर भरा पानी

शांति समझौते की कोशिशों के बीच डोनाल्ड ट्रंप ने स्पष्ट कर दिया कि अंतरराष्ट्रीय परमाणु जांच के बिना किसी भी समझौते की संभावना नहीं है। वहीं, मुंबई में मानसून ने अब पूरी तरह से दस्तक दे दी है। मंगलवार रात से जारी तेज बारिश ने शहर की सामान्य रफ्तार को काफी हद तक प्रभावित कर दिया।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया  

आज की बड़ी खबरें

शांति वार्ता के बीच ईरान पर फिर भड़के ट्रंप, परमाणु जांच पर दिया अल्टीमेटम

स्विट्जरलैंड में हुई शुरुआती वार्ता के बाद अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु निरीक्षण को लेकर मतभेद खुलकर सामने आने लगे हैं। शांति समझौते की कोशिशों के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार (23 जून) को स्पष्ट कर दिया कि अंतरराष्ट्रीय परमाणु जांच के बिना किसी भी समझौते की संभावना नहीं है।

एक ओर ईरान ने उन खबरों को खारिज किया है जिनमें कहा गया था कि वह संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों को बमबारी से प्रभावित परमाणु स्थलों का निरीक्षण करने की अनुमति देगा। वहीं, अमेरिका का दावा है कि निरीक्षण व्यवस्था को लेकर आवश्यक सहमति पहले ही बन चुकी है।

ट्रंप ने कहा कि प्रस्तावित शांति समझौते के तहत अंतरराष्ट्रीय परमाणु निरीक्षकों को ईरान में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। उन्होंने तेहरान के उन दावों को भी खारिज कर दिया, जिनमें कहा गया था कि ईरान ने किसी भी प्रकार की निरीक्षण व्यवस्था को स्वीकार नहीं किया है। उनके अनुसार, परमाणु कार्यक्रम की पारदर्शिता सुनिश्चित करना किसी भी संभावित समझौते की अहम शर्त होगी।

मानसून की पहली बारिश में डूबी मुंबई, रातभर झमाझम से हार्बर लाइन बंद, लोकल ट्रेनें लेट, सड़कों पर पानी

मुंबई में मानसून ने अब पूरी तरह से दस्तक दे दी है। मंगलवार रात से जारी तेज बारिश ने शहर की सामान्य रफ्तार को काफी हद तक प्रभावित कर दिया। सुबह तक कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे सड़कों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और रोजाना लाखों लोगों को सेवा देने वाली लोकल ट्रेनें भी प्रभावित हुईं। हर वर्ष की तरह इस बार भी मानसून ने मुंबई की व्यवस्थाओं की परीक्षा लेनी शुरू कर दी है। रातभर हुई भारी बारिश के कारण लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह घरों से निकलने वाले ऑफिस जाने वालों के लिए सफर चुनौतीपूर्ण बन गया, क्योंकि जगह-जगह पानी भरने, धीमे ट्रैफिक और ट्रेनों के विलंब से यात्रा प्रभावित हुई।

मौसम विभाग ने पहले ही भारी बारिश का अलर्ट जारी किया था और अब उसके प्रभाव शहर के विभिन्न हिस्सों में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है, जबकि नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Published: undefined

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

Published: undefined