
चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने बृहस्पतिवार को अमेरिका की अपनी दूसरी राजकीय यात्रा की शुरुआत व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा किए गए औपचारिक स्वागत के साथ की, जहां ट्रंप ने दोनों देशों के लिए बेहतर भविष्य बनाने की दिशा में काम करने का वादा किया।
अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास सह कार्यालय व्हाइट हाउस के ‘साउथ पोर्टिको’ में सेना के बैंड की धुन के बीच ट्रंप और अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ने शी और उनकी पत्नी पेंग लियुआन का स्वागत किया।
दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने मॉल, अस्पताल और शैक्षणिक इमारतों सहित 2001 से पहले बनी सभी ऊंची इमारतों का अनिवार्य संरचनात्मक सुरक्षा ‘ऑडिट’ कराने का निर्देश जारी किया।
यह कदम सत्य निकेतन में इमारत ढहने समेत कई इमारतों के गिरने की घटनाओं की पृष्ठभूमि में उठाया गया है।
सत्य निकेतन हादसे में सात लोगों की मौत हुई थी।
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी 2026) प्रश्नपत्र लीक मामले की सुनवाई कर रही दिल्ली की एक अदालत ने हाल में कहा कि आरोप तय किए जाने के मुद्दे पर बहस को इस आधार पर टाला नहीं जा सकता कि मामले में आगे की जांच अभी लंबित है।
विशेष न्यायाधीश अजय गुप्ता एक आरोपी की उस याचिका पर सुनवाई कर रहे थे, जिसमें पूरक आरोपपत्र दाखिल होने तक आरोप तय करने पर बहस टालने का अनुरोध किया गया था।
आरोपी के वकील ने दलील दी कि लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) अधिनियम, 2024 की धारा 12-ए के तहत मामला दर्ज होने के दो महीने बाद आगे जांच नहीं की जा सकती और मुकदमे की सुनवाई शुरू होने के बाद पूरक आरोपपत्र दाखिल नहीं किया जा सकता।
राहुल गांधी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार को पीएम मोदी ने नियुक्त किया और उनके खिलाफ लिखे मेरे लेटर पर कोई कार्रवाई इसलिए नहीं हुई, क्योंकि पीएम मोदी, अमित शाह उन्हें बचाते हैं। हमारे पास कई सबूत हैं। हम एक ऐसी जगह पर हैं, जहां इससे पहले कभी नहीं बैठे। भारत में ऐसा पहली बार हुआ है कि देश ऐसे पॉइंट पर आ गया है। ज्ञानेश कुमार को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए। आप बहुत पढ़े-लिखे हैं। समझिए कि क्या हो रहा है। आपने जो किया है वह भारत के खिलाफ है आपको वोटों की रक्षा करनी चाहिए थी।
CEC विवाद पर राहुल गांधी ने कहा, 'पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ज्ञानेश कुमार को बचा रहे हैं। आज जैसी धांधली देश में पहले कभी नहीं हुई। ज्ञानेश कुमार तुरंत इस्तीफा दें। लोगों के वोट को हाईजैक किया जा रहा है। पीएम और गृहमंत्री की साजिश के लिए जांच हो।
CEC विवाद पर राहुल गांधी ने कहा कि हमारे कानून भी गैरकानूनी हो गए। ये सिर्फ वोट पर हमला नहीं है। ये बेसिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमला है, जो लोगों को अपना नेता चुनने का अधिकार देता है। वोटों की रक्षा करना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है। अगर वोट खत्म हो गया, तो संविधान काम नहीं कर रहा है।’
CEC विवाद पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा, 'महाराष्ट्र, हरियाणा, एमपी में चुनाव प्रभावित हुए। बीजेपी पर एंटी इनकंबेंसी का असर क्यों नहीं होता। बीजेपी लगातार कैसे चुनाव जीत रही है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत में मौलिक बल है जिसे एंटी इन्कंबेंसी कहा जाता है जो कि काफी जल्दी किसी भी सरकार के प्रतिरोध में खड़ी हो जाती है। इससे कोई नहीं बचता। उन्होंने कहा कि हरियाणा में 50 साल से लगातार अलग-अलग सरकारों में रही एंटी-इन्कंबेंसी खत्म हो जाती है। महाराष्ट्र में खत्म हो जाती है। गुजरात में नहीं रहती। कई और राज्यों में भी ऐसा ही होता है। हमें यह नहीं समझ आता है कि एंटी-इन्कंबेंसी खत्म कैसे हो जाती है। लेकिन फिर समझ आता है कि इराक में एंटी-इन्कंबेंसी नहीं होती। उत्तर कोरिया में एंटी-इन्कंबेंसी नहीं होती। तब हमें दिखता है कि जहां लोकतंत्र नहीं होता, वहां एंटी-इन्कंबेंसी नहीं होती है।
विपक्षी पार्टियां संसद के दोनों सदनों में CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव का नोटिस लाएंगी; कांग्रेस ने इस मुद्दे पर विपक्षी पार्टियों से संपर्क किया है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, इसे अगले दो हफ्तों के भीतर पेश किया जाएगा।
24 सितंबर को भारतीय शेयर बाजार में भारी बिकवाली के बीच सेंसेक्स 1,248.87 अंक यानी 1.67% गिरकर 73,579.38 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 50 381.40 अंक यानी करीब 1.63% टूटकर 23,065.40 पर बंद हुआ। बाजार में गिरावट की प्रमुख वजह अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में तेज उछाल, अमेरिका में ब्याज दरें लंबे समय तक ऊंची रहने की आशंका, कच्चे तेल की कीमतों का 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर जाना और अमेरिका-ईरान तनाव के कारण बढ़ी वैश्विक अनिश्चितता रही।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी थोड़ी देर में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। उन्होंने शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के लिए कहा है। उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस SIR के मुद्दें पर CEC ज्ञानेश कुमार पर लगे गंभीर आरोपों के बीच होने जा रही है।
राहुल गांधी ने शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की जानकारी देते हुए एक्स पर पोस्ट किया, “संविधान के दुश्मन बेनकाब हो गए हैं और न्याय होकर रहेगा।” उन्होंने कहा कि वह इस मुद्दे पर शाम 4 बजे संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने कहा, “अगर 48 घंटे के भीतर ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते हैं, तो कॉकरोच जनता पार्टी देशव्यापी आंदोलन शुरू करेगी। जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं दे देते, तब तक हम पीछे नहीं हटेंगे।”
अभिजीत दिपके ने कहा, “मुख्य चुनाव आयुक्त सबसे बड़े राष्ट्रविरोधी हैं। ज्ञानेश कुमार इस देश के सबसे बड़े राष्ट्रविरोधी हैं। उन्हें तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए, क्योंकि वह भारत के लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं। हमारे देश में लोकतंत्र का मतलब क्या था? लोकतंत्र का मतलब था कि जनता सरकार चुनेगी। लेकिन जब से ज्ञानेश कुमार मुख्य चुनाव आयुक्त बने हैं, सरकार यह तय कर रही है कि किसे वोट देने की अनुमति होगी और किसे नहीं। क्या यही लोकतंत्र है? लोकतंत्र की यह कैसी परिभाषा है? आपने लोकतंत्र की पूरी अवधारणा को उलट दिया है।”
तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष मणिकम टैगोर ने कहा, “कांग्रेस पार्टी की ओर से ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कल चेन्नई जिला कलेक्टर कार्यालय के पास विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने निर्देश दिया है कि इसी तरह के राज्य स्तरीय प्रदर्शन देशभर में सभी राज्यों की राजधानियों में चुनाव आयोग के कार्यालयों के सामने किए जाएं। इसी के तहत कल चेन्नई में विरोध प्रदर्शन होगा और हम सभी इसमें शामिल होंगे।”
राहुल गांधी ने ट्वीट किया, "संविधान के दुश्मनों का पर्दाफाश हो गया है। न्याय जरूर मिलेगा। मैं शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करूंगा।"
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर लगे गंभीर आरोपों के बीच पूर्व चुनाव आयुक्त अशोक लवासा ने बड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की छवि खराब होने का दुख है।
उन्होंने कहा कि फॉर्म 6 नियमों का हिस्सा है। अगर आप कोई भी नियम पढ़ें तो उसमें संल्गन है। सवाल यह है कि जो फॉर्म में बदलाव किया गया, वह जायज ढंग से किया गया या नहीं। नियमों को बदलने का अधिकार सरकार के पास है, न कि चुनाव आयोग के पास। उन्होंने कहा कि अगर तीनों चुनाव आयुक्तों ने मिलकर किसी तरह का बदलाव किया है तो वह गलत है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने दावा किया है कि बरेली में दंगा नहीं हुआ था और प्रशासन ने जानबूझकर लाठीचार्ज कराया।
बुधवार रात बरेली पहुंचे राय ने इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (आईएमसी) प्रमुख मौलाना तौकीर रजा के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव कानूनी मदद का भरोसा दिया।
मौलाना के परिजनों से मुलाकात के देर रात पत्रकारों से बातचीत में राय ने पिछले वर्ष 26 सितंबर को बरेली में हुए बवाल को लेकर सरकार और स्थानीय प्रशासन पर निशाना साधा।
उन्होंने दावा किया कि बरेली में दंगा नहीं हुआ था और प्रशासन ने जानबूझकर लाठीचार्ज कराया था। घटना के बाद कई लोगों को जेल भेजा गया, जबकि कुछ अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई।
झारखंड के जमशेदपुर जिले के दोमुहानी इलाके में एक कार और ट्रक के बीच भीषण टक्कर में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी के भी शामिल है। घटना बुधवार देर रात की है। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए।
केरल में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि ‘अनुचित’ चुनाव कराने की अनुमति देने के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘देशद्रोह’ के आरोप में आपराधिक मुकदमा चलाया जाना चाहिए।
रोशिबिना महिलाओं के 60 किलोग्राम सांडा फाइनल में चीन की झांग शियाओयू से 0-2 से हार गईं, जिसके साथ उन्होंने एशियाई खेलों में लगातार तीसरा पदक अपने नाम किया। उन्होंने 2018 में कांस्य और 2023 में रजत पदक जीता था।
रोशिबिना ने कहा, “यह मेरा तीसरा एशियाई खेल पदक है। मैंने इसके लिए बहुत मेहनत की है।”
25 वर्षीय रोशिबिना ने कहा कि भारतीय दल को उनसे स्वर्ण पदक की उम्मीद थी और वह इस उम्मीद का दबाव महसूस कर रही थीं, लेकिन वह शीर्ष स्थान हासिल नहीं कर सकीं।
रोशिबिना ने साथी मणिपुरी खिलाड़ी मीराबाई चानू की भी तारीफ की, जिन्होंने महिलाओं के 49 किलोग्राम भारोत्तोलन वर्ग में रजत पदक जीता।
उन्होंने कहा, “वह बहुत से लोगों को प्रेरित करती हैं। मैं बहुत खुश हूं कि उन्होंने मणिपुर के लिए पदक जीता।”
वुशु की इस स्टार खिलाड़ी ने उम्मीद जताई कि उनके प्रदर्शन से अधिक से अधिक युवा इस खेल को अपनाने के लिए प्रेरित होंगे।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आईआईटी बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे के परिजनों से बातचीत की है। छात्र साहिल ने पिछले हफ्ते आईआईटी पवई परिसर में कथित तौर पर आत्महत्या की थी।
महाराष्ट्र कांग्रेस ने गुरुवार को जानकारी दी कि राहुल गांधी ने आईआईटी बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे के परिजनों से फोन पर बातचीत की है। राहुल ने पीड़ित परिवार को अपना समर्थन दिया है और न्याय दिलाने में हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
इस मामले को लेकर गुरुवार को दोपहर में यूथ कांग्रेस एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेगी। इसमें साहिल वाकोडे मामले को लेकर आगे की रणनीति और आंदोलन की दिशा की घोषणा किए जाने की संभावना है।
साहिल की मौत के बाद उनके परिवार ने आईआईटी बॉम्बे प्रशासन और कुछ अधिकारियों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की जांच फिलहाल मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच कर रही है।
छात्र साहिल ने कथित तौर पर परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पाए जाने के बाद आत्महत्या की थी। वह ऊर्जा विज्ञान एवं इंजीनियरिंग विभाग में द्वितीय वर्ष का छात्र था। संस्थान के अनुसार, वाकोडे ने परीक्षा के दौरान चैटजीपीटी से सवालों का जवाब पाने की कोशिश की।
अधिकारियों के अनुसार, उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के एक फार्महाउस में हरियाणा की एक महिला से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस के दो जवानों और CRPF के दो जवानों को गिरफ्तार किया गया है।
केरल सरकार ने सभी सरकारी अस्पतालों को डॉक्टरों की जानकारी, खाली पदों और ओपी (OP) के समय की जानकारी प्रमुखता से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया है। इसका उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं में अधिक पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।
शुरुआती टीम में जगह नहीं मिलने के बावजूद नाओरेम रोशिबिना देवी ने गुरुवार को एशियाई खेलों में लगातार तीसरी बार पदक जीतने की उपलब्धि हासिल की। उन्होंने यहां महिला 60 किग्रा वुशु स्पर्धा के फाइनल में चीन की झांग शियाओयू से हारकर रजत पदक जीता।
25 वर्षीय रोशिबिना को फाइनल मुकाबले में झांग शियाओयू के हाथों 0-2 से हार का सामना करना पड़ा। दोनों दो-दो मिनट के राउंड में सभी पांचों जजों ने चीनी खिलाड़ी के पक्ष में 5-0 का सर्वसम्मत फैसला दिया।
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक हादसा हुआ है। जेवर थाना इलाके में यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई। यह घटना यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट से करीब 32 किलोमीटर आगे हुई। हादसे में में 9 यात्रियों की मौत हो गई है।
ज्वाइंट सीपी राजीव नारायण मिश्रा के मुताबिक, आग लगते ही बस में सवार यात्रियों में अफरा तफरी मच गई और जान बचाने के लिए लोगों ने बस से कूदना शुरू कर दिया। बस में करीब 40 से 50 यात्री सवार थे।
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 24 Sep 2026, 7:45 AM IST