अभिनेता विक्की कौशल ने अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल दिल्ली 2026 पर कहा, "बहुत अच्छा लग रहा है कि हम दिल्ली में फिल्म फेस्टिवल का आयोजन कर रहे हैं। हम दुनिया में फिल्म फेस्टिवल के लिए जाते हैं, अब समय है कि दुनिया हमारे यहां आए, तो यह हमारी तरफ से बहुत अच्छी पहल है। मैं दिल्ली सरकार को बधाई देना चाहता हूं।" फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' पर उन्होंने कहा, "मुझे पहला भाग देखकर बहुत अच्छा लगा और मैं दूसरा भाग देखने के लिए उत्साहित हूं। आदित्य एक बहुत अच्छे निर्माता हैं, मैं बहुत खुश हूं कि फिल्म को लोगों का इतना प्यार मिल रहा है।"
Published: 25 Mar 2026, 8:01 AM IST
कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने सर्वदलीय बैठक पर कहा, "हमने सरकार की बात सुनी लेकिन बहुत से मुद्दों पर सरकार का जवाब संतोषजनक नहीं था... दुख की बात है कि पाकिस्तान आज मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है और हम मूक दर्शक बने हैं... संतोषजनक नहीं रहा इसलिए हमारी जो पुरानी मांग है हम उसे दोहराते हैं कि राज्यसभा में नियम 176 के तहत इस मुद्दे पर बहस होनी चाहिए, चर्चा होनी चाहिए।"
Published: 25 Mar 2026, 8:01 AM IST
गाजियाबाद के वैशाली सेक्टर-5 क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां सिलेंडर लीकेज के कारण अचानक आग लग गई। इस घटना में एक ही परिवार के पांच लोग झुलस गए, जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को दोपहर करीब 2:53 बजे अग्निशमन विभाग को सूचना मिली कि राघव कुंज, वैशाली सेक्टर-5 स्थित एक मकान में आग लगी हुई है। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम तुरंत हरकत में आई। एक फायर टैंकर के साथ अग्निशमन केंद्र वैशाली के प्रभारी अधिकारी मौके के लिए रवाना हो गए।
Published: 25 Mar 2026, 8:01 AM IST
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, चार भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) और बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (बीआईटीएस), पिलानी विभिन्न विषयों के मामले में विश्व के शीर्ष 50 संस्थानों में शामिल हैं। ‘क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग’ ने बुधवार को यह घोषणा की।
विश्वविद्यालय रैंकिंग के लिए प्रसिद्ध लंदन स्थित क्यूएस ‘क्वाक्वेरेली साइमंड्स’ ने ‘क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग बाय सब्जेक्ट’ का 16वां वार्षिक संस्करण प्रकाशित किया है। यह रैंकिंग 100 से अधिक देशों के 1900 विश्वविद्यालयों में 21000 से अधिक शैक्षणिक कार्यक्रमों का मूल्यांकन करती है, जिसमें 55 विषय और पांच व्यापक संकाय क्षेत्र शामिल हैं।
रैंकिंग के अनुसार, भारत ने विभिन्न विषयों और व्यापक संकाय क्षेत्रों में शीर्ष 50 स्थानों में 27 स्थान हासिल किए हैं, जो 2024 में दर्ज किए गए 12 स्थानों की तुलना में दोगुने से भी अधिक हैं। ये स्थान 12 संस्थानों द्वारा प्राप्त किए गए हैं।
इसके मुताबिक, धनबाद स्थित भारतीय खनन विद्यापीठ विश्वविद्यालय ने खनिज एवं खनन अभियांत्रिकी अध्ययन में वैश्विक स्तर पर 21वां स्थान प्राप्त किया है जबकि विपणन, उद्योग और प्रबंधन शिक्षा में पढ़ाई के लिए आईआईएम-अहमदाबाद विश्व के शीर्ष 50 संस्थानों में शामिल है। शीर्ष 50 में आईआईटी-बॉम्बे, आईआईटी-खड़गपुर और आईआईटी-मद्रास के अलावा जेएनयू और बीआईटीएस पिलानी शामिल हैं।
Published: 25 Mar 2026, 8:01 AM IST
उत्तर प्रदेश में राम नवमी पर दो दिन छुट्टी रहेगी। राज्य सरकार ने मंदिरों में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह फैसला किया है। राज्य सरकार के बयान के मुताबिक सरकार ने 'जनभावना के सम्मान में' 26 मार्च के साथ-साथ 27 मार्च को भी अवकाश घोषित किया है।
अधिकारियों के मुताबिक सरकार ने राम नवमी के अवसर पर मंदिरों में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और जगह-जगह शोभायात्राएं निकाले जाने के मद्देनजर यह निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि इससे पहले 26 मार्च को ही राम नवमी का अवकाश घोषित किया गया था लेकिन अब 27 मार्च को भी अवकाश रहेगा।
Published: 25 Mar 2026, 8:01 AM IST
इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने यौन शोषण के मामले में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती और उनके शिष्य मुकुंदानंद ब्रह्मचारी को बुधवार को अग्रिम जमानत दे दी। न्यायमूर्ति जितेंद्र कुमार सिन्हा ने अविमुक्तेश्वरानंद और मुकुंदानंद की जमानत याचिका पर यह फैसला सुनाया। हालांकि अदालत ने शिकायतकर्ता और याचिकाकर्ताओं दोनों को इस संबंध में मीडिया के समक्ष कोई बयान नहीं देने का निर्देश दिया।
इससे पूर्व, अदालत ने अविमुक्तेश्वरानंद की गिरफ्तारी पर अगले आदेश तक रोक लगा दी थी और कहा था कि नाबालिगों के कथित यौन उत्पीड़न मामले और प्रयागराज के झूंसी थाने में दर्ज मामले में अविमुक्तेश्वरानंद को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा। अदालत ने अपना आदेश सुरक्षित रखते हुए याचिकाकर्ताओं को पुलिस जांच में सहयोग करने का निर्देश दिया था।
Published: 25 Mar 2026, 8:01 AM IST
कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने बुधवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) केरल में खाता नहीं खोल पाएगी और उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कर्नाटक और तेलंगाना की तर्ज पर यूडीएफ द्वारा प्रस्तावित कल्याणकारी गारंटी इस दक्षिणी राज्य में भी सफल साबित होंगी।
Published: 25 Mar 2026, 8:01 AM IST
भारत में ‘निष्क्रिय इच्छा मृत्यु’ की अनुमति पाने वाले पहले व्यक्ति 31 वर्षीय हरीश राणा का बुधवार सुबह दक्षिणी दिल्ली के ग्रीन पार्क श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया और इसी के साथ 13 साल से जारी उनके चिकित्सकीय संघर्ष का अंत हो गया। परिवार की सहमति से उनके पांच अंग दान कर दिए गए।
हरीश के एक पड़ोसी ने बताया कि उनकी मां निर्मला देवी ने अपने बेटे को हाथ जोड़कर भावुक विदाई दी जबकि पिता अशोक राणा ने शोक जताने आए लोगों से न रोने का आग्रह करते हुए कहा कि उनका बेटा अब ‘‘एक अच्छी जगह’’ पर है। दाह संस्कार में शामिल हुए स्थानीय निवासियों ने भी माहौल को बेहद भावुक बताया।
राज एम्पायर सोसाइटी के निवासी तेजस चतुर्वेदी ने कहा कि अंतिम संस्कार के दौरान कई लोगों की आंखों में आंसू आ गए, लेकिन अशोक राणा दूसरों को सांत्वना देते रहे और दुख की घड़ी में मजबूत बने रहने का आग्रह करते रहे। राणा ने कहा, "किसी को रोने न दें। मैं प्रार्थना कर रहा हूं कि मेरा बेटा शांति से विदा हो जाए। वह आगे जहां भी पैदा हो, उसे भगवान का आशीर्वाद मिले।"
उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए श्मशान घाट गए उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रमुख अजय राय ने बताया कि परिवार ने हरीश के पांच अंग दान करने की पुष्टि की है। राय ने फोन पर कहा, ''हरीश भले ही इस दुनिया से चले गए हों, लेकिन अंगदान के लाभार्थियों के माध्यम से वह जीवित रहेंगे। परिवार ने पूरे देश के सामने एक उदाहरण पेश किया है।''
Published: 25 Mar 2026, 8:01 AM IST
शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने पश्चिम एशिया संघर्ष पर भारत के रुख और डोनाल्ड ट्रंप पर अपने विचार व्यक्त किए। संजय राउत ने दावा किया कि अमेरिका युद्ध हार रहा है।
सांसद संजय राउत ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "पश्चिम एशिया में स्थिति बेहद गंभीर है। सब कुछ हाथ से निकल चुका है और स्थिति नियंत्रण से बाहर है। यहां तक कि जिन्होंने युद्ध शुरू किया था, अब उनका भी इस पर कोई नियंत्रण नहीं है। भारत की इसमें कोई भूमिका नहीं है। भारत न तो इस पक्ष में है और न ही उस पक्ष में है। भारत का अस्तित्व शून्य हो गया है।"
सांसद संजय राउत ने कहा, "अगर राष्ट्रपति ट्रंप कूटनीति समझते तो युद्ध नहीं छेड़ते। अमेरिका युद्ध हार रहा है और यह स्पष्ट हो चुका है। इसीलिए ट्रंप अब जल्दबाजी में प्रतिक्रिया दे रहे हैं।"
राज्यसभा चुनावों में क्रॉस वोटिंग पर सांसद संजय राउत ने कहा था, "भाजपा ने पैसे और सत्ता का इस्तेमाल करके क्रॉस वोटिंग कराई, चाहे वह हरियाणा हो, बिहार हो या ओडिशा। ओडिशा में उन्होंने किसे चुनवाया? एक ऐसे व्यक्ति को जिस पर कोयला घोटाले का आरोप है, जिसके खिलाफ एफआईआर दर्ज है और जिसे अदालत ने तीन साल जेल की सज़ा सुनाई है।"
Published: 25 Mar 2026, 8:01 AM IST
LPG आपूर्ति में कथित कमी को लेकर बुधवार को संसद भवन परिसर में कई विपक्षी सांसदों ने विरोध प्रदर्शन किया।
Published: 25 Mar 2026, 8:01 AM IST
केंद्र सरकार के आज वेस्ट एशिया संकट पर ऑल-पार्टी मीटिंग बुलाने पर शिवसेना (UBT) के MP संजय राउत ने कहा, "25 दिन बीत गए हैं, और आज मोदी विपक्ष से बात करेंगे। ट्रंप ने पहले ही भारत को गुलाम बना लिया है। भारत भी इज़राइल का गुलाम बन गया है। देश के लिए बेहतर होता अगर मोदी विपक्ष से पहले बात करते।"
Published: 25 Mar 2026, 8:01 AM IST
इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने संभल के पूर्व पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अनुज चौधरी समेत कई अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ संभल हिंसा मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) के आदेश पर अंतरिम रोक की अवधि बढ़ा दी है।
मामले में मंगलवार को सुनवाई शुरू होने पर शिकायतकर्ता यामीन के वकील ने जवाबी हलफनामा दाखिल किया जिस पर अदालत ने याचिकाकर्ता के वकील को जवाब दाखिल करने का समय दिया और मामले में सुनवाई की अगली तिथि 21 अप्रैल तय की। इसके साथ ही अदालत ने पूर्व में जारी अंतरिम आदेश की अवधि बढ़ा दी।
Published: 25 Mar 2026, 8:01 AM IST
इजरायल ने पहली बार कैस्पियन सागर में हमला कर रूस और ईरान के बीच चल रही एक बेहद अहम हथियार सप्लाई लाइन को निशाना बनाया है।
Published: 25 Mar 2026, 8:01 AM IST
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: 25 Mar 2026, 8:01 AM IST